Thursday 27 June 2024 03:17 PM IST : By Dr. Poonam Vedi

क्यों आते हैं हमें सपने और क्या बताते हैं ये

dreams-1

आखिर सपने क्या हैं? क्या कोई मनाेवैज्ञानिक समस्या है या हमारे मन की दमित भावनाएं हैं अथवा ईश्वरीय संदेश। वैज्ञानिकों का मानना है कि सपने जैविक क्रियाआें से जुड़े हुए हैं। यदि यह जैविक क्रिया मानव विकास से जुड़ी हैं तो सपनों के माध्यम से मिलने वाले भविष्य के संकेत का क्या अर्थ है।
तथ्यों के अनुसार स्कॉटिश इंजीनियर जेम्स वाॅट (1736-1819) ने स्टीम इंजन की खोज सपने के द्वारा की थी। जर्मन कैमिस्ट अगस्त केकुले ने सांप के सपने के द्वारा मोलीक्यूलर स्ट्रैक्चर आॅफ बैंजीन की खोज की थी।

ऐतिहासिक महत्व सपनों का

एक नजर यदि ऐतिहासिक तथ्यों की ओर डालें तो ज्ञात होगा कि जोसेफ सपने में मरियम के कौमार्य के प्रति आश्वस्त हुआ। महारानी माया ने बुद्ध को जन्म देने से पूर्व सपना देखा था कि एक सफेद हाथी उनके गर्भ में प्रवेश कर रहा है। पैगम्बर मोहम्मद ने कुरान का बहुत सा भाग सपने में बोल कर बताया। भगवान महावीर ने शूल पाणि यक्ष के मंदिर में अपनी साधना के दौरान रात्रि के अंतिम पहर में दस सपने देखे थे जिसका विश्लेषण उस गांव के एक माने हुए ज्योतिषी उत्पल ने किया था।

दूसरी शताब्दी में रोम के आर्टिमिडोरस ने आॅन ऑइरोक्रिटिका में तीन हजार सपनों का विश्लेषण किया है। उन्होंने सपनों को दो भागों में विभाजित किया। रोजमर्रा के जीवन के जुड़े हुए और प्रतीकात्मक सपने। आर्टिमिडोरस के अनुसार सपनों का अर्थ उल्टा होता है। यदि आप मृत्यु का सपना देखते हैं तो आपकी उम्र लंबी होगी।

सपनों का हमारी नींद से गहरा संबंध है। 1952 में की गयी खोज के अनुसार सपने हमें रैम निन्द्रा में आते हैं, उस समय मस्तिष्क की स्थिति सतर्क और जागरूक हो जाती है। ऐसी स्थिति में मस्तिष्क अवचेतन से संपर्क करता है। अवचेतन मस्तिष्क के साथ मस्तिष्क की निजी अवचेतना की दबी हुई इच्छाएं और डर भी जुड़े रहते हैं। स्वप्न विश्लेषक अंजलि हजारिका के अनुसार मनुष्य यदि स्वप्न न देखें तो तनाव से पागल हो सकता है।

भारतीय परंपरा के अनुसार रात्रि का आखिरी पहर ब्रह्म मुहूर्त कहलाता है, यह वह वक्त होता है जब आकाश में आखिरी सितारे टिमटिमा रहे होते हैं। आकाशीय चेतना की तरंगें किसी व्यक्ति विशेष की तरंगों से जाकर मिल जाती है। इसलिये आखिरी पहर के सपनों को अधिक महत्व दिया गया है। नयी अवधारणाओं के अनुसार यह सपने का पहला चरण है। दूसरा स्तर वह माना गया है जब आप सपना देखने की कल्पना करते हैं। तीसरे स्तर पर आप जानते हैं कि आप स्वप्न देख रहे हैं तथा अपने सपने को दिशानिर्देश देते हैं।

सपनों के प्रकार

सपने बहुत प्रकार के होते हैं, इन्हें स्वप्न विश्लेषकों ने चार सामान्य कैटेगरी में बांटा हुआ है-

आउट ऑफ बॉडी एक्सपीरियंसः दूरस्थ स्थान की सैर वाले सपने जिसमें आत्मा शरीर को छोड़ कर अलग होकर स्पेस में ट्रैवल करने चली जाती है, यह फिर वापस शरीर में प्रवेश भी कर जाती है।

पूर्वाभासी सपनेः अमेरिका के सोलहवें प्रेसीडेंट अब्राहम लिंकन से अपनी हत्या से कुछ दिन पहले अपनी मृत्यु का सपना देख लिया था। इस प्रकार के ड्रीमर में साइकी क्षमता पैदा हो जाती है।

बार-बार आने वाले सपनेः इस प्रकार के सपने हमें चेतावनी देने वाले होते हैं। कई बार किसी चिंता से या फोबिया वाले लोगों को भी इस प्रकार के सपने आते हैं। यहां पर हमारा अवचेतन मन समस्या सुलझाने के लिए हमें सहायता करता है।

टेलीपैथिक ड्रीम्सः इस प्रकार के सपने में कोई व्यक्ति विचित्र मानसिकता और स्थिति में दिखता है, तभी कुछ समय बाद उससे जुड़ी कोई अच्छी-बुरी खबर पता चलती है।

यौन विषयक सपनेः सेक्स से जुड़े अजीब गरीब सपने हम सभी देखते हैं। कई बार इनके पीछे दमित यौन भावना होती है। यह किशोरावस्था में खूब दिखायी देते हैं।

सपनों के परंपरागत अर्थ

सपने में माता-पिता को देखनाः यदि आप परेशान हैं या कोई समस्या हो तो ऐसी स्थिति में माता-पिता का दिखायी देना आपका उनसे भावनात्मक जुड़ाव दर्शाता है। यदि मां दिखायी देती है तथा आपको प्यार करती है तो वह आपकी असुरक्षा की भावना को महसूस करके हिम्मत देने का काम करती है। यदि यह दोनों या कोई एक आपको लगातार सपने में दिखता है, तो आप इन पर भावनात्मक रूप से बहुत ज्यादा निर्भर है। यह एक स्वस्थ संकेत है।

- आचार्य वसंतराज ने आयुर्वेद में सपनों के कई कारण बताए हैं। यदि शरीर में कफ की मात्रा अधिक हो जाए तो व्यक्ति को सफेद चीजें, गुफा, तारामंडल, बादलों के दृश्य विशेष रूप से दिखेंगे। इस अवस्था में स्फटिक मणि, उससे निर्मित मंदिर, संगमरमर तथा सफेद पत्थर के मकान, सौंदर्यभर्या अलंकृत स्त्रियां, आभूषण, यज्ञ स्थान तथा सामग्री और उत्तम कोटि के फल अधिक दिखते हैं।

- वात प्रकृत्ति वाले व्यक्ति को हवा, आसमान और ऊंचाई के दृश्य दिखते हैं। जैसे पहाड़ों पर चढ़ना या पंछी बन कर या पंछी की तरह हवा में उड़ना।

- पित्त प्रकृति वालों के सपनों में आग लगने, बिजली गिरने, जलती हुई दिशाएं, अशोक वृक्ष, क्रोध करना, अस्त्र-शस्त्र, गोला बारूद के दृश्य दिखाई देते हैं। आयुर्वेद के अनुसार अच्छे स्वप्न देखने के बाद कभी नहीं सोना चाहिए। इसके विपरीत बुरा स्वप्न देखकर सोने से अनिष्ट स्वप्नफल नष्ट होता है।

कुछ और सपने

370048991

सांपः भारतीय संस्कृति में रेंगता हुआ सांप, कुंडलिनी के क्रियाशील होने का प्रतीक माना गया है। फ्रायडियन व्याख्या में सांप लैंगिक प्रतीक है लेकिन युंग के अनुसार सांप चेतन व्यवहार और मूल प्रवृत्ति के मध्य विरोधाभास की नीति को स्पष्ट करता है।

घोड़ाः फ्रायड के अनुसार घोड़ा यौन इच्छाओं को दर्शाता है लेकिन युंग के अनुसार यह स्वास्थ्य के बारे में बताता है। घोड़ा देखना शुभ माना गया है।

पक्षीः फ्रायड पक्षी को भी लैंगिक प्रतीक मानता है। आर्टिमिडोरस और युंग पक्षी को आत्मा का प्रतीक मानते हैं जो मुक्ति की इच्छा दर्शाती है। पक्षी को उन्नति का प्रतीक भी माना गया है।

उड़नाः हवा में उड़ना आत्मविश्वास का प्रतीक है साथ ही स्वतन्त्रता और श्रेष्ठता का प्रतीक है।

गिरनाः फ्रायड गिरने को नपुंसकता से जोड़ते हैं। आधुनिक व्याख्या में असुरक्षा या भय दर्शाता है।

पहाड़ पर चढ़नाः आधुनिक मनोविश्लेषक ऊपर चढ़ने की स्थिति को जीवन में चुनौती का सामना करना मानते हैं।

मकान देखनाः मकान देखने को फ्रायड वेश्यालय जाने की इच्छा बताते हैं। युंग मकान को स्वयं का प्रतिबिंब मानते हैं और कमरे को व्यक्तित्व की विभिन्न इच्छाओं को दर्शाते हैं।

किसी का पीछा करनाः अधिकतर स्वप्न विश्लेषक इसका अर्थ बचपन के डर, वर्तमान के दबाव और खतरों का संकेत बताते हैं।

कामांग प्रदर्शन: फ्रायड के अनुसार यह यौन इच्छाओं को बताता है।

इसके अतिरिक्त ब्रह्मवैवर्त पुराण में शुभ और अशुभ सपनों की व्याख्या की गई है।

शुभ स्वप्न: गाय, हाथी, घोड़ा, महल, पर्वत, पेड़ पर चढ़ना, भोजन करना या रोना। ये स्वप्न धनदायक होते हैं। वीणा गायन, खेती, भरा कुंभ, ब्राह्मण, अग्नि, फूल-पान, नर्तकी देखने पर धन की प्राप्ति होती हैं। स्वयं को मरा हुआ देखना, चिरंजीवी बनाता है। हाथी सूंड से उठा कर अगर मस्तक पर बैठाता है तो उसे राज्य प्राप्त होता है।

बच्चे का जन्म देखनाः आप कुछ नया आरंभ करने जा रहे हैं।

शेर देखनाः शेर को गर्व, दयालु, साहसी, शक्तिशाली, खतरनाक के साथ-साथ पुरुषत्व से जोड़ा जाता है। यदि सपने में शेर अपनी पूंछ मोड़ लेता है तो इसका अर्थ है कि आपका सम्मान, साहस और ताकत समस्या के सामने दम तोड़ देगा। यदि आप शेर पर सवार मां को देखते हैं या खुद शेर पर सवार होते हैं तो आपमें साहस का संचार होगा तथा कुछ बड़ा कार्य करने को तत्पर रहेंगे।

सपने में बारिश देखनाः यह भावनात्मक और आर्थिक स्थिति से जुड़ा हुआ है। यदि गुनगुने पानी की बारिश हो तो उपज, सफलता, सुखद संबंध दर्शाता है। ठंडा पानी दुर्व्यवहार दर्शाता है। बारिश भावनात्मक अभिव्यक्ति का संकेत है। इंद्रधनुष सौभाग्य का संकेत है।