Thursday 03 June 2021 11:51 AM IST : By Nisha Sinha

टीनएजर का नया लव बीटीएस आखिर क्या बला है

bts-1

ये क्या बला है: आजकल बीटीएस का बड़ा शोर है। टीनएजर और यूथ बड़ी संख्या में इसके दीवाने हैं।  बीटीएस केवल इनके लैपटॉप या मोबाइल का वॉलपेपर बन ही नहीं छा गया बल्कि आजकल कॉफी भी बीटीएस प्रिंटेड मगों में पी जा रही है। आखिर बीटीएस है कौन, उनके नाम का हंगामा क्यों है? ना जानने वाले यह जान लें कि बीटीएस यानी बैंगटेन सोनयोनडान एक म्यूजिकल बैंड है। दक्षिण कोरिया के 7 लडक़ों ने मिल कर इसे 2010 में बनाया। इन सात दोस्तों के नाम हैं जिन, सुगा, जे-होप, आरएम, जिमिन, वी और जंगकुक। इन लडक़ों के दीवाने इनको बैंगटेन बॉय्ज, बियांड द सीन, बुलेटप्रूव बॉय स्कॉउट्स के नाम से बुलाते हैं। कुछ ही सालों में इनकी पॉपुलरिटी आसमान छूने लगी। शायद यही वजह है कि हाल ही में टाइम मैगजीन ने अपने इंटरनेशनल इश्यू में इन चमकते सितारों को कवर पर जगह दी। इनकी लोकप्रियता का ही कमाल था कि इस कोरियन बॉय बैंड ने डोनाल्ड ट्रंप, यूएस के भूतपूर्व प्रेसिडेंट बराक ओबामा की पत्नी मिशेल ओबामा और सऊदी अरब के प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान जैसे तत्कालीन दिज्गजों को पछाड़ कर टाइम पर्सन ऑफ द ईयर 2018 को अपने नाम करा लिया। अब तो आपको समझ आ ही गया होगा कि ये क्या बला है।

आखिर इतनी तवज्जो क्यों: बीटीएस के म्यूजिक के लोकप्रिय होने की वजह यह है कि बीटीएस ने अपने म्यूजिक के लिए बड़ी अलहदा किस्म के विषयों को चुना है। जहां दूसरे बैंड्स मोहब्बत में दिल चुराने, दिल लगाने और दिल तोडऩे की बातें कर रहे हैं, तो बीटीएस अपने गाने के बोलों में बुलिंग, खुद को स्वीकारने, मेंटल हेल्थ जैसे सब्जेक्ट्स ले कर आया। शायद नयी पीढ़ी को उनका यही बेबाक अंदाज पसंद आ गया। दुनियाभर में इनके चहेते अपने आपको आर्मी कहते हैं। साल 2017 में सबसे अधिक बार ट्वीट किए जानेवाले सेलिब्रेटी में बीटीएस टॉप पर था। आर्मी इनको सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आगे रखने में पूरा योगदान देते हैं। शायद इसी वजह से देश-विदेश में घूम-घूम कर वे अपने संगीत के शोज कर रहे हैं और अपनी आर्मी को बढ़ाता जा रहा हैं। बीटीएस का पहला एलबम 2013 में आया जिसका नाम था 2 cool 4 skool इसी एलबम के बाद ही उनको अंतराष्ट्रीय पहचान मिलनी शुरू हो गयी। इसके साथ ही इन्होंने जापान के म्यूजिक मार्केट में भी कदम रखा। विंग्स नाम की एलबम साल 2016 में आयी।

bts-2

कदम दर कदम सफर: बीटीएस के पहले कोरियाई कलाकार साई के गंगनम स्टाइल वीडियो ने खूब धूम मचायी थी। सोशल मीडिया पर इसकी लोकप्रियता आज भी लोगों को याद है। हर कोई उन दिनों साई के डांसिंग स्टाइल को फॉलो करने में लगा था। बीटीएस का परफॉर्मेंस, कोरियोग्राफी और बेहतरीन शब्दों से भरे शानदार गीत की वजह से दुनियाभर में इन्होंने तहलका मचा दिया। लोगों का मानना है कि इनकी मेहनत आपसी तालमेल और स्किल ने इनको इस काबिल बनाया है कि एक बार जो ये शुरू हुए, तो रुकने का नाम नहीं लिया।

आइए मिले इसके सदस्यों से:  सिंगिंग के साथ ही डांसिग के लिए पहचान बनानेवाले बीटीएस के सारे सदस्यों की उम्र 23 साल से 28 साल के बीच है।

1. आरएम यानी रैप मोनस्टर का असली नाम किम नामजून है। बीटीएस समूह में वे एकमात्र ऐसे हैं, जिनको इंगिलश बोलनी आती है। इनके बारे में यह कहा जाता है कि इन्होंने मशहूर अंग्रेजी सिटकॉम फ्रेंड्स देख कर अंग्रेजी बोलनी सीखी। बीटीएस जब किसी विदेशी प्रेस को साक्षात्कार देता है, तो इस समूह के सदस्यों से पूछे जानेवाले ज्यादातर सवालों के जवाब ये ही देते हैं। कई बार सदस्यों की सहायता के लिए कोरियाई और अंग्रेजी का अनुवाद भी करते हैं। इनको लीडर भी कहते हैं। 2. जिन को उनको खूबसूरती आवाज के लिए जाना जाता है। यह अपने सुंदर लुक के लिए भी पॉपुलर है। इनकी सबसे मजेदार बात यह है कि यह अच्छे कुक है। 3. सुगा : गरीब बैकग्राउंड से आते हैं। ये एक रैपर है। इनके गीतों में इनके कठिन दिनों और मेहनत की झलक नजर आती है। 4. जे होप : ये भी एक रैपर हैं। यह समूह के लिए गीत लिखने में अपना योगदान देते हैं। इनका रियल नेम जंग हो सोक है। यह बहुत तेजी से डांस सीख जाते हैं। इनको बीटीएस डांसर का माइकल जैक्सन कहना गलत नहीं होगा। 5. जिमिन सिंगर हैं। इनका पूरा नाम है पार्क जी मिन। इनके डांस मूव्स को बहुत पसंद किया जाता है। 6. सदस्य वी यानी किम एक किसान परिवार से आता है। वे भी अपने पिता की तरह खेती करना चाहते थे लेकिन किस्मत ने कुछ और ही सोच रखा था। इनकी आवाज बेहद पसंद है। यह लज्जरी क्लोथ ब्रांड गुची के शौकीन है। सोशल मीडिया पर अपनी स्टाइलिश तसवीरों को पोस्ट करते रहते हैं। इनको फोटोग्राफी करना पसंद हैं। 7.जंगबुक इस समूह के सबसे छोटे सदस्य है। यह मुख्य वोकलिस्ट है। इन्होंने 13 से 14 साल की उम्र में इस ग्रुप को जॉइन किया था।

इंडियन सेलिब्रेटी का बीटीएस क्रेज: भारत में बीटीएस के दीवाने फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री दोनों जगह मौजूद है। शायद आपको यकीन ना हो कि संगीतकार एआर रहमान भी उनके जबरदस्त फैन हैं। उन्होंने भी एक बार इस बैंड का एक छोटा क्ल्पि अपने सोशल मीडिया साइट पर शेअर किया था। सेक्सी एक्ट्रेस दिशा पटनी भी इस बैंड की फैन है। इनके बॉयफ्रेंड टाइगर श्राफ ने डायनामाइट सॉन्ग के रिलीज होने के बाद अपने एक मैसेज को सोशल मीडिया पर शेअर किया था, किसी को भी बीटीएस से प्यार हो सकता है। बीटीएस का सॉन्ग युफोरिया आयुष्मान खुराना का फेवरेट है। वैसे बीटीएस के मशहूर गानों में डायनामाइट, माइक ड्रॉप, बॉय विद लव शामिल है।

bts-3

नया क्या क्या: हाल ही में इनका सॉन्ग बटर रिलीज हुआ। यह इस समूह का दूसरा इंग्लिश सॉन्ग है। इसके पहले ग्रैमी में नॉमिनेट किया गया डाइनामाइट भी अंग्रेजी में था। बटर के रिलीज होते ही 13 मिनट में इसने 10 मिलियन व्यूज मिले। भारत में इनके ढेरों फैन्स है। इनमें लड़कियों की संख्या ज्यादा है। ऐसी उम्मीद जतायी जा रही है कि बीटीएस जल्द ही भारत भी आ सकता है। एक भारतीय टीवी चैनल से बातचीत में बीटीएस ने कहा, भारत में आर्मी ने हमें बहुत प्यार और सर्पोट दिया है। हम भी उनसे मिलने को बेताब हैं। उम्मीद है कि वह दिन जल्दी ही आएगा।