Monday 28 June 2021 12:16 PM IST : By Team Vanita

बहुत फायदेमंद है कपूर

camphor

ज्यादातर कपूर का इस्तेमाल पूजा के लिए करते हैं। कोई भी आरती कपूर के बिना पूरी नहीं मानी जाती। चेहरे की खूबसूरती निखारने और कई बीमारियों के इलाज में कपूर का प्रयोग किया जाता है। इससे वास्तुदोष भी दूर होता है।

स्किन की समस्याएंः स्किन में किसी तरह के दाग हों, तो कपूर के पाउडर को नारियल के तेल में मिला कर लगाएं। इस मिश्रण से चेहरे की 10 मिनट तक मालिश की जाए, तो स्किन में कसाव महसूस होगा। यह एंटी इन्फेक्शन एजेंट के तौर पर काम करता है, जिससे एक्ने और पिंपल्स दूर होते हैं। कपूर के तेल में टी ट्री ऑइल मिला कर एक्ने पर लगाएं।

- स्किन में जलन हो, तो पिसे हुए कपूर को पानी में मिला कर दिन में 2-3 बार प्रभावित हिस्से पर लगाएं। स्किन जल जाए, तो भी कपूर की कुछ बूंदें जली हुई जगह में टपका देने से जलन कम होती है और इन्फेक्शन का खतरा नहीं रहता।

- रात को सोने से पहले कच्चे दूध में जरा सा कपूर पाउडर डालें। रुई की मदद से इसे चेहरे पर लगाएं। पांच मिनट के बाद धो लें। नियमित रूप से ऐसा करने से स्किन हेल्दी बनेगी और चेहरे का ग्लो बढ़ेगा।

- फटी एड़ियों में दर्द हो और उनमें से खून बहने लगे, तो गरम पानी में थोड़ा सा कपूर और नमक डाल कर इसमें कुछ देर पैर रखें। पैर स्क्रब करके मॉइश्चराइजर क्रीम लगाएं। एड़ियों का दर्द दूर होने के साथ-साथ दरारें भर जाएंगी। 

- खारिश की वजह से स्किन लाल हो जाए, तो कपूर के तेल को पानी में मिला कर लगाएं। कपूर को नारियल के तेल में मिला कर लगाने से भी आराम मिलता है।

- फोड़े-फुंसी होने पर भी कपूर का इस्तेमाल करें। इसमें एंटी बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो फोड़े-फुंसियों को बढ़ने से रोकते हैं। 

बालों की समस्याएंः बाल झड़ रहे हों, तो नियमित रूप से कपूर का तेल लगाएं। इससे बाल जड़ से मजबूत होते हैं। 

- कपूर अपने एंटी फंगल गुण के कारण डैंड्रफ को कम करता है। डैंड्रफ होने पर नारियल तेल और कपूर को मिला कर लगाएं। 

- कपूर के तेल में अंडा या दही को मिला कर लगाने से बालों को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं और बाल मजबूत होते हैं।

- लंबे बालों के लिए कपूर के तेल में असेंशियल ऑइल जैसे लैवेंडर या कैमोमाइल मिला कर लगाएं। चाहें, तो नारियल तेल या सिर पर लगाए जाने वाले किसी तेल में मिला कर भी लगा सकते हैं।

- कपूर के तेल को पानी में मिला कर सिर धोने से सिर में जुएं हों, तो वे मर जाती हैं। 

सेहत के लिए: कपूर की खुशबू शरीर और दिमाग, दोनों को ठीक रखती है। दिमाग को शांत रखने और बेहतर नींद के लिए कपूर के तेल की कुछ बूंदें तकिए पर लगा कर सोएं।

- कपूर डाइजेस्टिव सिस्टम को बेहतर बनाता है। इसे लेने से डाइजेस्टिव जूस और एंजाइम्स अधिक मात्रा में स्रावित होते हैं, जिससे डाइजेशन बेहतर होता है। पेट में दर्द हो, तो पानी में अजवाइन डाल कर उबालें और इसमें चुटकीभर कपूर मिला कर पिएं। दर्द में आराम मिलेगा। इसे लेने से पहले डॉक्टर से सलाह करें।

- प्रभावी एंटी इन्फ्लामेट्री होने व स्किन में आसानी से जज्ब हो जाने की वजह से चोट लगने पर इसे लगाने से दर्द व सूजन में आराम मिलता है।

- इससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है। जोड़ों में दर्द होने पर कपूर को राई के तेल में मिला कर मालिश करें। 

- प्रेगनेंसी में मांसपेिशयों में दर्द और एेंठन होने पर कपूर के तेल को हल्के हाथ से प्रभावित हिस्से में लगाने से आराम मिलता है।

- गरमियों में सिर दर्द हो, तो नीबू के रस में कपूर मिला कर सिर पर लगाएं। सिर दर्द के साथ भारीपन और तनाव भी दूर होगा।

- नाक से खून निकलने पर कपूर को गुलाबजल में पीस कर इसकी 1-2 बूंदें नाक में डालें।

अन्य लाभ: प्राकृतिक मॉस्किटो रिपेलेंट होने के कारण गरमियों में डेंगू से बचने के लिए घर में रोज एक टुकड़ा कपूर का जलाएं। इसकी महक से मच्छर व कीट-पतंगे भाग जाएंगे।

वास्तु दोष दूर करने के लिए: कपूर की खुशबू से वातावरण में मौजूद बैक्टीिरया मर जाते हैं और घर की शुद्धि होती है। वास्तुदोष के कारण घर में लड़ाई-झगड़ा हो, परिवार के सदस्यों की आपस में ना बनती हो, तो घर के हर कोने में कपूर की एक गोली डाल दें,  पॉजिटिविटी आएगी।

- गृहशांति के लिए रोजाना कपूर को घी में डिप करके जलाने से भी फायदा होता है। इसके साथ ही कपूर के 2-2 टुकड़े बाथरूम और टॉयलेट में रखें।

- पति-पत्नी की आपस में ना बनती हो, तो बेडरूम में कपूर की गोलियां रखें। 

- रुपए-पैसों की कमी लगातार बनी रहे, तो चांदी की कटोरी में नियमित रूप से कपूर व लौंग जलाएं।

- रोजाना घर में कपूर जलाने से पितृ दोष या राहू-केतु का प्रभाव कम होता है। आकस्मिक दुर्घटना से बचने के लिए शाम की पूजा के समय हनुमान चालीसा पढ़ें और उसके बाद कपूर से आरती करें।