ADVERTISEMENT

हर दुलहन चाहती है कि अपने बिग डे पर सबसे अलग और खूबसूरत दिखे। मगर शादी की भागदौड़ और एंग्जाइटी के बीच खुद पर बहुत ध्यान नहीं दे पाती। अगर आप भी इस सीजन शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं तो आपको अपनी लाइफस्टाइल पर पूरा ध्यान देना होगा। साथ ही अपने सौंदर्य निखार के लिए करने होंगे कुछ प्रयास। क्या करें-

जीवनशैली में बदलाव

  • शादी से एक महीने पहले अपनी लाइफस्टाइल को थोड़ा बदल लें। अपनी डाइट, न्यूट्रिशन, नींद आदि का खास ध्यान रखें। दिनचर्या में ध्यान और योग को शामिल करें, ताकि मन पॉजिटिव बना रहे। कुछ खास टिप्स-
  • हेल्दी डाइट जरूरी है। पर्याप्त मात्रा में फल, सब्जियां, नीबू और नारियल पानी आदि का सेवन करती रहें ताकि शरीर हाइड्रेट रहे और सारे टॉक्सिन्स बाहर निकल जाएं। आप दिन भर के लिए अपने लिए डिटॉक्स वाटर तैयार कर सकती हैं। पानी में नीबू के कुछ टुकड़े, खीरे के स्लाइस और पुदीना मिलाकर दिन भर सिप लेती रहें।
  • तनावमुक्त रहने के लिए सुबह-शाम योग, ध्यान व प्राणायाम करें। इससे मन प्रसन्न रहेगा और नकारात्मक विचारों से दूर रहने में मदद मिलेगी।
  • शादी से एकाध महीने पहले किसी भी तरह के ऑइली भोजन से दूर रहें। स्मोकिंग या एल्कोहॉल जैसी आदतों पर नियंत्रण रखें। इससे शरीर को एनर्जी मिलेगी और आत्मविश्वास बढ़ेगा।
  • पर्याप्त मात्रा में नट्स, बादाम, अखरोट आदि ड्राई फ्रूट्स का सेवन करें। इससे स्किन मुलायम बनी रहेगी। क्रेविंग हो तो भी चॉकलेट, केक और मिठाइयों से परहेज करें। इनसे त्वचा में एक्ने या पिंपल्स की समस्या बढ़ सकती है।
  • कम से कम आठ घंटे की नींद लें।
  • इस सीजन मिलने वाली सब्जियों जैसे टमाटर, पालक, मेथी, बथुआ और हरी पत्तेदार सब्जियों का जूस और सूप जरूर पिएं। इससे बॉडी डिटॉक्सीफाई होगी और आप हल्का महसूस करेंगी।
Phone, kitchen and woman drinking smoothie in home for gut health, wellness and liquid breakfast. Nutrition, relax and female person enjoying organic fruit juice for detox, cleanse or weightloss.
स्किन को नरिश करने के लिए डाइट पर ध्यान देना जरूरी है
ADVERTISEMENT

कैसे हों वेडिंग आउटफिट

अगर शादी फरवरी में हो रही है तो दुलहन अपने लिए ब्रोकेड, हेवी सिल्क, साटन, क्रेप, मखमल जैसे फैब्रिक से आउटफिट्स तैयार कर सकती है। ये शरीर को थोड़ा वॉर्म बनाए रखेंगे और लुक को भी शाही अंदाज देंगे। स्टाइलिश लुक चाहिए तो स्लीवलेस ब्लाउज में वूलन अस्तर सिलवाएं, साथ ही अच्छी कशीदाकारी वाली शॉल या लॉन्ग सीक्वेंस वर्क वाले जैकेट पहनें ताकि आप दिखें सबसे खूबसूरत और अलग। खूबसूरत सिल्वर वर्क ओपन फ्रंट केप स्टाइल लॉन्ग श्रग को साड़ी या लहंगे के साथ शामिल कर अपनी खूबसूरती को दो गुना कर सकती हैं। दुलहन की चुनरी या ओढ़नी में कुंदन के काम वाला खूबसूरत बॉर्डर हो तो इसका ग्रेस अलग ही दिखता है। सिर पर दुपट्टा है तो अलग से ओढ़नी को कंधे पर स्टाइलिश अंदाज में रख सकती हैं। कई समुदायों में शादी में सूट पहनने का भी रिवाज है, ये ज्यादा आरामदेह और स्टाइलिश होते हैं। इन दिनों वेलवेट के ऊपर जरदोजी का भारी काम ट्रेंड में है। ब्राइडल वियर को स्टाइलिश और आकर्षक बनाने के लिए सूट पर लॉन्ग जैकेट पहन सकती हैं।

ADVERTISEMENT

सर्दियों के मौसम में साड़ी, लहंगे या किसी भी आउटफिट के साथ हॉट पिंक फ्लोरल एंब्रॉयडरी वाला लॉन्ग श्रग पहना जा सकता है। जॉर्जेट, नेट और शिफॉन जैसे हल्के और पारदर्शी कपड़ों से इस सीजन बचें क्योंकि बेशक सरदी कम हो रही हो, मगर ये पर्याप्त गर्माहट नहीं देते। सिल्क या वेलवेट चुनने से आप ऊपर से पुलोवर या भारी जैकेट पहनने से बच सकती हैं। फुल या वन फोर्थ स्लीव्स वाले ब्लाउज न सिर्फ ठंड से बचाएंगे, बल्कि फैशनेबल भी दिखेंगे। आप ब्लाउज में वेलवेट, सिल्क या हेवी एम्ब्रॉयडरी का इस्तेमाल कर सकती हैं, जो गर्म रखेंगे। इन दिनों वेलवेट व सिल्क लहंगे फिर से चलन में आ गए हैं जो शानदार लुक प्रदान करते हैं। अगर आपको ठंड अधिक लगती है तो वेडिंग आउटफिट के नीचे वॉर्मर पहन सकती हैं। गर्म लेगिंग्स या शेपवियर भी पहन सकती हैं, जो बॉडी को शेप में रखने के साथ ही ठंड से भी बचाएंगे।

Adorned in a fiery red and deep green lehenga, the bride's outfit features intricate embroidery, reflecting the blend of cultural heritage and modern elegance
ब्राइडल ड्रेस चुनते समय लेटेस्ट फैशन और मौसम का ध्यान रखना जरूरी है

सौंदर्य की देखभाल

ADVERTISEMENT

इस सीजन दुलहन के लिए अपनी स्किन की देखभाल करना थोड़ा चैलेंजिंग होता है क्योंकि स्किन ड्राई होती है और नेचुरल मॉयस्चर कम हो जाता है। कई बार त्वचा पर पपड़ी सी पड़ने लगती है और वह बेजान व खुरदुरी हो जाती है। ऐसे में कुछ जरूरी उपाय करने जरूरी हैं। अत्यधिक गर्म पानी से स्नान ना करें और चेहरे को भी गरम पानी से धोने से बचें। एलोवेरा और विटामिन ई जैसे इंग्रीडिएंट्स वाले गाढ़े मॉइस्चराइज़र और बॉडी बटर का नहाने के बाद जरूर इस्तेमाल करें। साथ ही त्वचा पर एलोवेरा, गुलाबजल या मॉइस्चराइजिंग क्रीम का इस्तेमाल दिन में कम से कम दो बार करें, इससे स्किन हाइड्रेट रहेगी। एसपीएफ 30 वाला सनस्क्रीन लगाएं, हल्का स्क्रब करें और शहद-दही वाले घरेलू फेस मास्क लगाएं। त्वचा को निखारने के लिए कुछ बुनियादी बातों पर ध्यान देना जरूरी है। क्लींजिंग, टोनिंग और मॉइस्चराइजिंग रूटीन का पूरी तरह से पालन करें। टोनिंग स्टेप को बिल्कुल न छोड़ें क्योंकि यह बहुत जरूरी है और रोमछिद्रों को कसने में मदद करता है। बाहर निकलते समय सूर्य की किरणों से त्वचा को बचाए रखने के लिए सनस्क्रीन जरूरी है। अपनी स्किन टाइप के हिसाब से सनस्क्रीन का चुनाव करें। बाजार में उपलब्ध केमिकलयुक्त सौंदर्य उत्पादों के बजाय हर्बल उत्पादों पर भरोसा करना अधिक जरूरी है।

अगर त्वचा शुष्क है तो रोज गुलाबजल और ग्लिसरीन का इस्तेमाल करें। इससे स्किन की नमी बरकरार रहेगी और रंगत भी निखरेगी। रात में बिस्तर पर जाने से पहले नाइट क्रीम या फेस ऑइल लगाएं। सिल्क के तकिया कवर इस्तेमाल करें। शादी से तीन महीने पहले से हर महीने एक बार फेशियल जरूर करवाएं। आखिरी फेशियल शादी से एक हफ्ते पहले करवाएं ताकि त्वचा का नेचुरल ग्लो बरकरार रहे। किसी भी नए मेकअप प्रोडक्ट का उपयोग करने से बचें। ओवर एक्सफोलिएशन न करें। सोने से पहले मेकअप रिमूव करना न भूलें।

कैसे लगाएं लिपस्टिक

सर्दियों में होंठ सूखने लगते हैं, इसलिए विटामिन ई, बटरयुक्त लिपशेड चुनें जिनमें मॉयस्चर अधिक हो। मैट लिपस्टिक के बजाय मॉयस्चराइजिंग या सैटिन फिनिश लिपस्टिक का इस्तेमाल करें। इसके अलावा शिमर लिप ग्लॉस भी ट्राई कर सकती हैं। इससे होंठ आकर्षक दिखेंगे। लिपस्टिक लगाने से पहले लिप लाइनर से होंठों को डिफाइन करें। इससे लिपस्टिक फैलती नहीं है और होंठ फटे या सूखे हुए नहीं दिखते। ऑक्सब्लड, वाइन, मैरून या डीप रेड जैसे डार्क शेड्स वाली लिपस्टिक ग्लैमरस लुक देती है। अगर आप सूखे होंठों से परेशान हैं तो ऐसा लिप शेड चुनें जिसमें विटामिन ई, शीया बटर, कोको बटर जैसे मॉयस्चर और हाइड्रेशन वाले इंग्रीडिएंट्स हों। ड्राई लिप्स के स्थाई समाधान के लिए दिन में ढाई-तीन लीटर पानी अवश्य पिएं। बार-बार होंठों पर जीभ फिराने की आदत से बचें। रात को मोटी लेयर में लिप बटर लगाएं और ज्यादा मैट लिपस्टिक से बचें।

ADVERTISEMENT