Wednesday 20 January 2021 03:58 PM IST : By Nishtha Gandhi

सेक्स लाइफ सुधारने के लिए करें कीगल एक्सरसाइज

keagel-exercise

उम्र बढ़ने पर हारमोनल और शारीरिक बदलावों से भी हर स्त्री गुजरती है। इस समय पेल्विक मसल्स यानी योनि की मांसपेशियों के कसाव में कमी आने लगती है। इसमें कसाव लाने के लिए कीगल एक्सरसाइज काफी फायदेमंद साबित होती हैं। इससे सेक्स लाइफ बेहतर बनती है।1940 के दशक में डॉक्टर आर्नोल्ड कीगल ने महिलाओं में यूरिनरी इंकॉन्टिनेंस की समस्या को दूर करने के लिए कीगल एक्सरसाइज विकसित की थीं। जिन महिलाओं ने ये एक्सरसाइज कीं, उनका कहना था कि इससे ना सिर्फ उनकी ब्लैडर लीक की समस्या दूर हुई, बल्कि सेक्स लाइफ भी बेहतर बनी। इस विषय पर की गयी कई रिसर्च का यह नतीजा निकला है कि कीगल एक्सरसाइज पीसी मसल को टाइट बनाती है। यही मांसपेशी महिलाओं को ऑर्गेज्म का अहसास कराती है। आमतौर पर सेक्स के दौरान महिलाएं अॉर्गेज्म सुख से वंचित रह जाती हैं।

पीरियड्स के समय सेक्स इच्छा बढ़ जाती है। ऐसा वेजाइना में ब्लड फ्लो की बढ़ोतरी से होता है। कीगल एक्सरसाइज से भी वेजाइना में ब्लड फ्लो बढ़ता है, पेल्विक फ्लोर मसल्स मजबूत बनती हैं और नेचुरल ल्यूब्रिकेशन भी होता है।

वेजाइना की मसल्स जितनी टोन और टाइट होंगी, सेक्स उतना ज्यादा सुखदायी होगा। जिन महिलाओं को सेक्स के दौरान दर्द महसूस होता है, उनके लिए भी ये एक्सरसाइज लाभदायक हैं।

फोर्टिस हॉस्पिटल, दिल्ली में सीनियर गाइनीकोलॉजिस्ट डॉक्टर मधु गोयल का कहना है, ‘‘प्रेगनेंसी, डिलीवरी, सर्जरी, बढ़ती उम्र, लंबे समय तक खांसी व बहुत ज्यादा कब्ज या पेट पर दबाव पड़ने से पेल्विक मसल्स में ढीलापन आता है। इन्हें आप कीगल एक्सरसाइज से ठीक कर सकते हैं। यूटराइन प्रोलैप्स के माइल्ड केसेज में कीगल एक्सरसाइज फायदेमंद रहती हैं।’’

किसको करनी चाहिए: छींकते, खांसते या हंसते समय यूरिन लीक होता है, तो यह आपकी पेल्विक फ्लोर मसल्स में ढीलापन आने की निशानी है। इस स्थिति में कीगल एक्सरसाइज फायदेमंद हैं।

कीगल मसल्स की पहचानः कीगल मसल्स को पहचानने के लिए यूरिन पास करते समय उसे बीच में रोकें, उस समय आपकी जो मांसपेशियां हरकत में आती हैं, वही कीगल मसल्स कहलाती हैं। अगर आप गाइनीकोलॉजिस्ट से पूछेंगी, तो वह इंटरनल चेकअप करके आपको इस बारे में बताएगी। इन्हीं मसल्स को आपको एक्सरसाइज करते समय मूव करना होगा।

कैसे करेंः पेल्विक मसल्स को टाइट करें, अंदर की ओर 5 सेकंड तक खींच कर रखें, फिर 5 सेकंड तक नॉर्मल रहें। इसे शुरुआत में 5 बार दोहराएं। धीरे-धीरे मसल्स को खींच कर रखने का समय 5 सेकंड से 10 सेकंड कर दें और एक्सरसाइज को भी 10 बार करें। यह एक्सरसाइज का एक सेट बनेगा। इसके 3 सेट करें। यह एक्सरसाइज किसी भी पोजिशन में कर सकती हैं, पर लेट कर करना ज्यादा आसान होता है।

अगर आपको कीगल एक्सरसाइज करने के बाद पेट या पीठ में दर्द महसूस होता है, तो इसका मतलब है कि आप यह सही तरीके से नहीं कर रहे। एक्सरसाइज के दौरान पेल्विक मसल्स के अलावा पेट, पीठ, कूल्हों और कमर की मांसपेशियों को एकदम ढीला छोड़ें और सामान्य गति से सांस लेती रहें। कीगल एक्सरसाइज करने से पहले ब्लैडर को खाली करना यानी यूरिन पास करना जरूरी है। शुरू में आप ज्यादा बार इसे दोहरा नहीं पाएंगी, लेकिन धीरे-धीरे यह आसान हो जाएगा।