Wednesday 14 October 2020 03:53 PM IST : By Nishtha Gandhi

डबल चिन और ब्रा फैट कैसे कम करें

double-chin

अगर आप भी डबल चिन से परेशान हैं, तो बस इन सिंपल तरीकों से बड़ी आसानी से इससे छुटकारा पा सकती हैं—

- सिर को पीछे ले जा कर छत की ओर देखें और उसी दौरान अपने जबड़े को आगे की ओर खींचने की कोशिश करें। दस तक गिनें और रिलैक्स हो जाएं।

सिर पीछे ले जा कर छत की अोर देखें, होंठों से ‘ओ’ बनाएं या फिर ऐसा मुंह बनाएं, जैसे आप सीलिंग को किस करना चाहती हों। कुछ देर रुक कर नॉर्मल पोजिशन में आ जाएं।

- सामने की अोर देखते हुए अपनी जीभ को जितना हो सके, बाहर निकालें और उसे ऊपर की तरफ मोड़ें। 5-10 सेकेंड रुकें और जीभ अंदर कर लें।

- सिर पीछे ले जाते हुए छत की अोर देखें और सिर को दायीं अोर घुमाएं। अपने जबड़े को आगे स्ट्रेच करें।5-10 सेकेंड रुकें और फिर सिर को बायीं तरफ घुमाते हुए इसे दोहराएं।

- मुंह नीचे करते हुए ठुड्डी को गरदन पर टिकाएं। फिर गरदन को क्लॉकवाइज और एंटी क्लॉकवाइज घुमाएं।

- रोजाना भुजंगाासन करें। फर्श पर उल्टा लेटें। दोनों पैर मिला कर हाथों को चेस्ट के नीचे रखें और लंबी सांस खींचते हुए शरीर का आधा भाग ऊपर उठाएं, कुछ सेकेंड इस पोजिशन में रहें और फिर सांस बाहर छोड़ते हुए नीचे लेट जाएं। भुजंगासन करने से आपको वेटलॉस के साथ और भी कई फायदे मिलेंगे।

- अपनी डाइट में बदलाव करें। ताजे फल, सलाद, साबुत अनाज फैट की मात्रा घटाने में मदद कर सकते हैं। कुछ एक्सपर्ट शुगरफ्री च्युइंगम चबाने की भी सलाह देते हैं, इससे मांसपेशियों का व्यायाम होता है और फैट कम होता है।

ड्रेस और मेकअप

- स्कूप नेक ड्रेस पहनने से डबल चिन की तरफ ध्यान नहीं जाएगा। कोशिश करें कि हमेशा ऐसे कपड़े पहनें, जिनसे लोगों का ध्यान आपके कॉलर बोन पर जाए।

- हाई पोनीटेल बनाएं, बॉब कट करवाएं, इनसे आपकी जॉ लाइन दिखायी देगी।

- बालों को कर्ल करवा रहे हों, तो चिन लेंथ के बालों को कर्ल ना करवाएं। इससे चिन ज्यादा चौड़ी लगेगी।

- आई मेकअप हल्का रखें और ब्राइट लिप कलर्स लगाएं। इससे आपके लिप्स हाईलाइट होंगे और डबल चिन की तरफ ध्यान नहीं जाएगा। डार्क रेड, ब्राउन, शाइनी लिप ग्लॉस लगाएं।

ब्रा फैट कैसे हो कम

bra-fat

ब्लाउज पहनें या फिर सलवार-सूट, औरतों की पीठ और ब्रा एरिया से अकसर फैट झांकता हुआ दिखायी देता है। ब्रेस्ट फीड करानेवाली महिलाअों में भी यह समस्या बेहद आम होती है। ब्रा के स्ट्रैप में से दोनों साइडों में एक्स्ट्रा मांस, पीछे के स्ट्रैप के नीचे और ऊपर से लटकी हुई स्किन से मोटी व पतली महिलाएं, दोनों को परेशानी होती है। इसे दूर करने के लिए कुछ एक्सरसाइज करें—

- जमीन पर पेट के बल लेट जाएं। दोनों हाथों को सामने की अोर फैला लें और पंजों को जमीन पर सीधा टिकाएं। अब अपने हाथ-पैरों को एक साथ जमीन से उठाएं और कुछ देर उसी पोजिशन में रहने के बाद नीचे ले आएं। इसे 8-10 बार करें।

- फर्श पर लेट जाएं, हथेलियों को जमीन पर टिकाएं और पैरों को भी सीधा रखें। अब हथेलियों का सहारा लेते हुए पुशअप करें यानी बॉडी को ऊपर उठाएं और फिर नीचे ले आएं।

- दोनों हाथों में कुछ वजन उठाएं। अगर डंबल उठा सकती हैं, तो बहुत अच्छा। अब दोनों हाथों को मोड़ते हुए कंधों तक ले जाएं, फिर नीचे करें। इसे 15-20 बार करें।

- दोनों हाथों को सिर से ऊपर ले जाते हुए घुमाएं। शुरू में 50-60 बार करें। फिर इसे बढ़ाते हुए 100 बार तक करें। हाथों को पहले क्लॉकवाइज और फिर एंटी क्लॉकवाइज घुमाएं। शुरू में 25-30 बार करते हुए धीरे-धीरे गिनती बढ़ाएं।

- एअर बॉक्सिंग करें। अगर घर में पंचिंग बैग है, तो उसे भी पंच कर सकती हैं।

- फर्श पर घुटनों के बल बैठ जाएं। दोनों हाथों को आगे पुश करें, जितनी देर इस पोजिशन में रुक सकती हैं, रुकें, फिर नॉर्मल हो जाएं।

- स्पॉट जॉगिंग या वॉकिंग करते हुए दोनों हाथ ऊपर-नीचे करें। शुरू में आप कोई भी एक्सरसाइज लंबे समय तक नहीं कर पाएंगी, लेकिन प्रैक्टिस करने से समय और रिपीटिशन बढ़ती जाएगी।

- रोजाना सूर्य नमस्कार करने से भी आपको वजन घटाने में मदद मिलेगी। यह पूरी बॉडी की टोनिंग करके खासकर महिलाअों में हारमोनल इंबैलेंस की समस्या भी दूर करता है।

ड्रेसिंग ट्रिक्स

अपनी बैक स्लिम दिखाना चाहती हैं, तो ड्रेसिंग के लिए कुछ ट्रिक्स आजमा सकती हैं—

- इनरवियर हो या कोई और ड्रेस, हमेशा अपनी बॉडी के साइज की खरीदें। यह ना सोचें कि छोटे साइज से इससे आपको वजन कम करने का मोटिवेशन मिलेगा। टाइट कपड़े पहनने से आप और मोटी दिखेंगी।

- ज्यादातर महिलाअों को अपनी ब्रा का सही साइज पता नहीं होता। इस वजह से ब्रा के स्ट्रेप
से मांस लटकता हुआ दिखायी देता है। अगर आपकाे अपना ब्रा साइज नहीं पता है, तो किसी अच्छे लॉन्जरी स्टोर में जा कर सेल्स गर्ल से इस बारे में जानकारी लें। परफेक्ट फिटिंग की ब्रा वह होती है, जिसके स्ट्रेप के निशान आपके कंधों और पीठ पर ना पड़ें।

- ऐसी ड्रेसेज पहनें, जिसमें वी शेप बैक हो। इससे आपकी पीठ लंबी दिखायी पड़ती है।

- किसी पार्टी के लिए गाउन या कुरता खरीदा है, तो उसके नीचे शेपवियर भी पहन सकती हैं।

- अगर आप सिलवा कर सलवार-सूट पहनती हैं, तो चेस्ट पर से थोड़ी लूज फिटिंग रखवाएं। इससे बैक का बल्ज ज्यादा नहीं उभरेगा।

- लाइनिंगवाली ड्रेसेज पहनने से भी ब्रा फैट थोड़ा छिप जाता है।

डॉक्टर की मदद

डबल चिन और पीठ के फैट से ज्यादा परेशान हों, तो आप सर्जिकल या नॉन सर्जिकल प्रोसीजर की मदद भी ले सकती हैं। बालाजी हॉस्पिटल के प्लास्टिक सर्जन डॉ. शिशिर का कहना है, ‘‘कई बार एक्सरसाइज करने से मोटापा तो कम हो जाता है, लेकिन कुछ प्रॉब्लम एरिया फिर भी रह जाते हैं, जहां से जिद्दी फैट आसानी से नहीं हटता, जैसे
लोअर टमी फैट, मेल ब्रेस्ट फैस्ट, लव हैंडल्स आदि। इसे हटाने के लिए लाइपोसक्शन, लोकल इन्जेक्शन और क्रायोथेरैपी जैसे प्रोसीजर करवाए जा सकते हैं। जिन जगहों पर बहुत कम फैट हो, जैसे डबल चिन, तो वहां पर इन्जेक्शन और क्रायोथेरैपी कामयाब है। पर ज्यादा फैट हो, जैसे ब्रा फैट, तो इसमें लाइपोसक्शन ही बेस्ट है। यह एक ही सीटिंग में निकाला जा सकता है। ये तीनों ही प्रोसीजर सेफ हैं। इन्हें अॉफिस टाइम प्रोसीजर भी कहा जाता है। इन्हें करवाने में 15 हजार से ले कर 50 हजार रुपए तक का खर्च आ सकता है।’’