Friday 04 March 2022 10:54 AM IST : By Team Vanita

क्यों पहनती हैं विवाहित महिलाएं नथ व लौंग

nose-pin

नथ पहनने की परंपरा भारत के अलग-अलग धर्म और जातियों में सदियों से रही है। ऐसा माना जाता है कि विवाह की देवी पार्वती के प्रति अपनी आस्था दिखाने के लिए हिंदू युवतियां नथ पहनती हैं। कहा तो यह भी जाता है कि नथ शब्द नाथ शब्द से आया है, यहां नाथ का मतलब मालिक यानी पति से है। कई और मजेदार बातें नथ और लौंग से जुड़ी हैं, आइए जानें-

कुछ बातें इधर की

कहते हैं कि नथ पहनने का रिवाज भारत में मध्य एशिया से आया। करीब 16वीं सदी में मुगल शासकों के दौर में भारतीय महिलाओं में इसे पहनने का चलन बढ़ा। हालांकि आयुर्वेद में सुश्रुत संहिता में नथ पहनने के फायदों का जिक्र किया गया है। इतिहास के पन्नों को टटोलेंगे, तो बात लंबी खिंचेगी, अच्छा है नथ का शौक रखनेवाली युवतियां इसे पहन कर अपने चेहरे पर इतराएं। 

रोचक बातें: उत्तराखंड की महिलाओं में बड़ी-बड़ी नथ पहनने का रिवाज है। आमतौर पर यह सोने की बनी होती है, जिसमें मोती और रूबी सजे होते हैं। गढ़वाली नथ अपने बहुत बड़े साइज (गढ़वाली साइज) के लिए मशहूर है। पारंपरिक पर्व-त्योहार या शादी-ब्याह में यहां की महिलाएं इसे पहनती हैं और वाकई बहुत खूबसूरत दिखती हैं। 

हिंदू लड़कियां नाक की बायीं तरफ नथ पहनती हैं। कहीं-कहीं 5 साल की उम्र में और कहीं-कहीं किशोरावस्था में कदम रखते ही लड़कियां नाक में छेद करवाती हैं। समाज के कुछ समुदायों में पति के ना रहने पर महिलाएं नथ नहीं पहनती हैं।

रोचक बातें: महाराष्ट्र की महिलाएं जो नथ पहनती हैं, उसे गुच्छेदार नथ कहते हैं। यह काजू या अंबिया की तरह दिखती है। गणपति पूजन के दिनों में वहां की युवतियों को इस तरह की नथ पहने देखा जा सकता है।

ज्यादातर तमिल महिलाएं नाक के दाहिनी तरफ छेद करवाती हैं। कुछ युवतियां नाक की बायीं और दाहिनी दोनों तरफ छेद करवाती हैं। दक्षिण भारतीय अदाकाराओं जैसे नयनतारा, अनुष्का शेट्टी, तमन्ना भाटिया ने नथ को लड़कियों के बीच और भी पॉपुलर कर दिया। दक्षिण भारत के दूसरे प्रदेशों की महिलाओं में भी नथ पहनने का रिवाज है। गुजरात में भी दुलहनें नाक की दाहिनी तरफ नथ पहनती हैं। 

रोचक बातें: पंजाबी कल्चर में लौंग के आकार की नथ पॉपुलर है। आमतौर पर उत्तर भारत की महिलाएं आम दिनों में लौंग पहनना पसंद करती हैं। डायमंड की नोज पिन महिलाओं के चांद से चेहरे को और चमका देती है।

कुछ बातें उधर की

वेस्टर्न आउटफिट को पसंद करनेवाली गर्ल्स को भी नथ बहुत लुभा रही है। पश्चिमी देशों की लड़कियों में नाक में छेद करवाने को विद्रोही तेवर का माना जाता है। पश्चिमी समाज में यह बोहेमियन मूड से जुड़ा भी माना जाता है। शायद यही वजह है कि वहां पुरुषों को भी नाक में छेद कराते हुए देखा गया है। केवल पश्चिमी देशों में ही नहीं दक्षिणी अफ्रीका की बरबर और बेजा जनजाति के पुरुष शानोशौकत दिखाने के लिए नथ पहनते हैं, यह माना जाता है कि नथ पहनना अमीर होने की निशानी है। 

रोचक बातें: नेटफ्लिक्स पर आयी फिल्म गिल्टी में कियारा आडवाणी की नोज पिन और उसका कैरेक्टर याद करें। आयुर्वेदिक मेडिसिन की मानें, तो नथ पहनने से बच्चे को जन्म देने के समय कम तकलीफ होती है। इसके अलावा, नथ पहन कर रखने से मेंस्ट्रुएशन के समय होने वाले दर्द से भी राहत मिलती है।

यह परंपरागत गहना आज मॉडर्न ज्वेलरी की कैटेगरी में शामिल हो गया है। आज नाक में कई तरह से छेद करवाए जाते हैं और इसमें पहनने के लिए कई तरह के ऑप्शन मौजूद हैं। 

रोचक बातें: इन दिनों दुलहनों को एंटीक स्टाइल की नथ खूब पसंद आ रही है। इसका साइज बड़ा होता है और इसमें मोती जड़े होते हैं। संगीत के दिन तो दुलहन फूलों से तैयार नथ पहनने में रुचि लेती है। ये नथ उनके चेहरे को और हसीन बना देती हैं।