Wednesday 09 August 2023 05:01 PM IST : By Ruby Mohanty

इससे पहले कि आम का सीजन चला जाए, एक बार जरूर बनाएं ये टेस्टी मीठे

क्या आप जानते हैं कि एक मीडियम साइज के आम में करीब 100-120 कैलोरीज होती हैं। यह एक तरह से सोडियम फ्री, फैट फ्री और कोलेस्ट्रॉल फ्री है। आम के 100 ग्राम पल्प में विटामिन सी की डेली जरूरत का 50 प्रतिशत मिल जाता है, विटामिन ए और बी6 का 8 प्रतिशत और फाइबर का 7 प्रतिशत मिलता है। इसमें फोलेट और कॉपर भरपूर हैं। इस बार ट्राई करें आम से बनने वाले कुछ पुडिंग, ड्रिंक्स और कुछ पारंपरिक व्यंजन-

आम की फिरनी

mango-phirni

सामग्रीः 50 ग्राम बासमती चावल धुले और पानी में भिगोए हुए, 1 लीटर फुलक्रीम दूध, 2 आम, 2-3 छोटी इलायची, 1 बड़ा चम्मच काजू का या 1/4 छोटा चम्मच शाही ठंडाई मसाला, 1/4 कप चीनी, 2 बड़े चम्मच केसर दूध, 2 मध्यम आकार के आम के टुकड़े।

गार्निशिंग के लिएः थोड़े से आम के टुकड़े।

विधिः चावल को मिक्सी में डाल कर दरदरा कर लें। कड़ाही में दूध गरम करें और हल्का गाढ़ा होने तक पकाएं। इसमें चावल का पेस्ट डालें। लगातार चलाती रहें, जिससे गांठ ना पड़ें। चीनी और केसर दूध मिलाएं। शाही ठंडाई मसाला मिलाएं। आंच से उतार कर ठंडा कर लें। इस खीर को थोड़ी गाढ़ी बनाएं, जिससे मैंगो प्यूरी मिलाने पर यह ज्यादा पतली ना हो जाए। मैंगो को ब्लेंडर में डाल कर प्यूरी बनाएं। इसे फिरनी में अच्छी तरह से मिला लें। मनपसंद मेवों से सजा कर परोसें।

मैंगो चीज केक

mango-cheese-cake

बॉटम लेअर के लिएः 14-15 डाइजेस्टिव बिस्किट, 3 बड़े चम्मच शहद/ मेल्टेड बटर, 1/4 छोटा चम्मच दालचीनी पाउडर।

मिडिल क्रीम चीज लेअर और टॉप लेअरः 2 कप मैंगो प्यूरी, 200 से 225 ग्राम क्रीम चीज, 200 मि.ली. लाइट क्रीम, 1/2 छोटा चम्मच वनिला एसेंस, 1/2 कप चीनी, 3 से 31/2 छोटे चम्मच अगर-अगर पाउडर (जिलेटिन) और 1/2 कप पानी।

विधिः केक के बेस के लिए बिस्किट को मिक्सी में डाल कर पाउडर बनाएं। इसमें दालचीनी पाउडर मिलाएं। शहद या मेल्टेड बटर मिलाएं। 8 इंच के पाई पैन को बटर से चिकना कर लें। बिस्किट का तैयार मिश्रण इसमें डाल कर स्पैचुला से दबा-दबा कर सेट करें। इसे 20 मिनट तक फ्रिज में रखें।

मिडिल लेअर बनाने के लिए एक बरतन में क्रीम चीज, क्रीम और वनिला व चीनी मिक्स करें। इसमें आप हैंड ब्लेंडर भी चला सकती हैं। इसमें आधी मात्रा में मैंगो पल्प मिलाएं।

तीसरी और टॉप लेअर के लिए पानी में अगर-अगर को धीमी आंच पर उबालने के लिए रखें। लगातार चलाएं और जिलेटिन जैसा स्मूद लिक्विड तैयार करें। बचे आम का पल्प इसमें मिलाएं और लगातार चलाएं।

डाइजेस्टिव बिस्किट की लेअर फ्रिज में से निकाल लें। इसके ऊपर तैयार मैंगो चीज मिक्सचर की लेअर लगाएं। एक बार इस बरतन को स्लैब पर टैप कर लें। इसे फिर से 25 मिनट तक फ्रिज में जमाएं। अब बाहर निकाल कर मैंगो-अगर-अगर का मिश्रण अच्छी तरह से स्प्रेड करें। अगर यह मिश्रण बहुत जम गया है, तो माइक्रोवेव कर सकते हैं, जिससे यह मेल्ट हो जाए। मैंगो चीज केक के सबसे ऊपर इस लेअर को लगाएं। इसे ओवरनाइट जमाएं। इसे सावधानी से मोल्ड से निकालें और केक स्टैंड पर रखें। इसे क्रीम और आम के टुकड़ों के साथ सर्व करें।

मैंगो पुडिंग

582897244

सामग्रीः 3 पके आम, 2 कप दूध, 3 बड़े चम्मच चीनी, 3 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर, 3 बड़े चम्मच गुनगुना दूध।

विधिः आम को छील कर टुकड़े कर लें। ब्लेंडर में डालें और इसमें 2 कप दूध, चीनी डाल कर स्मूद प्यूरी बनाएं। गुनगुना दूध और कॉर्नफ्लोर मिक्स करें। मैंगो प्यूरी को पैन में डाल कर मध्यम आंच पर रखें। इसमें कॉर्नफ्लोर वाला मिश्रण डालें और 5 मिनट तक लगातार चलाते हुए पकाएं। यह मिश्रण काफी गाढ़ा हो जाएगा। आंच से उतार कर थोड़ा सा ठंडा करें। सांचों को अच्छी तरह चिकना कर लें। इसे मनचाहे सांचें में डालें और फ्रिज में 2-3 घंटे रखें।