Tuesday 05 January 2021 02:58 PM IST : By Dr. Shachi Mathur

मेरी वाइफ शक्की किस्म है। उसने हमारे 10 साल के बेटे को मेरी जासूसी पर लगा दिया है।

man-ki-uljhan

प्रश्नः मेरी वाइफ शक्की किस्म की है। मैं दफ्तर से सीधा घर आता हूं, पर उसे लगता है कि मैं बाहर किसी के साथ गुलछर्रे उड़ाता हूं। उसने हमारे 10 साल के बेटे को मेरी जासूसी पर लगा दिया है। इससे कहीं मेरे बेटे की पर्सनेलिटी ना खराब हो जाए। क्या करूं?

उत्तरः आप वाइफ से कहें कि आप दोनों के बीच के शक की भावना का असर बेटे पर पड़ेगा। हर रिश्ता विश्वास पर कायम होता है, लेकिन शक रिश्ते की नींव हिला देता है। अगर आप सच्चे हैं, सही हैं, तो आपको अपनी पत्नी को विश्वास दिलाना होगा कि आप उनसे अभी भी प्यार करते हैं। कभी-कभी हम एक उम्र के बाद घर-गृहस्थी और नौकरी में इतने बिजी हो जाते हैं कि पति-पत्नी के बीच के संबंध को पूरा समय नहीं दे पाते। इसलिए उनकी केअर करें, उनके साथ क्वॉलिटी टाइम बिताएं, ताकि आप पर उनका विश्वास दोबारा कायम हो सके। अगर आपकी तमाम कोशिशों के बाद भी वे आप पर विश्वास ना करें, तो उनसे बात करने की जरूरत है। उन्हें बताएं कि उनके अविश्वास जताने से आप कितने आहत हैं। उन्हें बताएं कि इस तरह बिला वजह शक करने से ना जाने कितनी शादियां टूट गयीं, बच्चों का भविष्य बिगड़ गया। शादी बचाने के लिए उन्हें अपने व्यवहार में बदलाव लाना होगा और इसमें आपका सहयोग बहुत जरूरी है।

प्रश्नः लोगों को ईर्ष्या, क्रोध, लालच और नेगेटिव बिहेवियर में सिर से पांव तक डूबा देखती हूं, तो बड़ी निराशा होती है। ऐसा क्यों होता है?

उत्तरः दुनिया में निराशा के साथ आशा भी है। जब जिंदगी में कुछ नेगेटिव घटता है तब हमें हर उस पाॅजिटिव बात के बारे में सोचना चाहिए, जो आपके साथ हुई है। लोगों को बदलना आपके बस में नहीं है, बस आप खुद को पाॅजिटिव बनाएं। दूसरों का मूल्यांकन नहीं करें, हर कोई अपने अतीत के अनुभवों से अपनी आगे की जिंदगी में व्यवहार करता है। आप अपने व्यवहार को पाॅजिटिव बनाए रखें, हो सकता है आपके पाॅजिटिव एटिट्यूड के कारण दूसरों की नेगेटिविटी में बदलाव आ जाए। आप खुशमिजाज लोगों से मिलेजुलें, बाकी की परवाह करना छोड़ दें। जीवन में आयी कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए कई बार व्यक्ति ईर्ष्या, लालच जैसी नेगेटिव बातों की गिरफ्त में आ जाता है। व्यक्तित्व को मजबूत बनाने के लिए हमें कई बार दिल से नहीं, दिमाग से फैसले लेने की जरूरत होती है।

प्रश्नः हम दो बहनें हैं। मैं एक लड़के से प्यार करती हूं। एक दिन पता चला कि मेरी छोटी बहन भी उसे प्यार करने लगी है, जबकि वह हमारे रिश्ते को जानती है। बॉयफ्रेंड से बात की, तो उसने बात हंस कर टाल दी। क्या करूं?

उत्तरः सबसे पहली बात, आप अपने बॉयफ्रेंड का रिएक्शन देखें। उसने आपकी बात हंस कर टाल दी, तो यह जानना जरूरी है कि क्या वह भी आपकी बहन से प्रेम करता है। यदि ऐसा नहीं है, तो आप उस पर विश्वास करें और अपने रिश्ते को आगे बढ़ाएं। अपनी बहन से भी बता दें कि आप उसके साथ लंबे समय से सीरियस रिलेशनशिप में हैं। बहन को समझाएं कि प्रेम और आकर्षण में अंतर होता है। उसे स्पष्ट कर दें कि आप उस लड़के से प्रेम करती हैं, जबकि उसका मात्र आकर्षण है।