डांडिया नाइट में जाने से पहले आउटफिट, मेकअप, ज्वेलरी सब कुछ परफेक्ट होना चाहिए। गर्मी, भीड़-भाड़ और घंटों तक चलने वाले डांस फेस्टिवल में ऐसा मेकअप बिल्कुल नहीं चलेगा जो बहुत ज्यादा हेवी हो या जिसे बार-बार ठीक करना पड़े। गरबा डांस के लिए मेकअप टिप्स दे रहे हैं लैक्मे एकैडेमी पावर्ड बाय एप्टेक के एक्सपर्ट-
सबसे पहले अपनी त्वचा को साफ और मॉइस्चराइज करें। हल्का फाउंडेशन या स्किन टिंट चुनें और कंसीलर का इस्तेमाल सिर्फ वहीं करें जहां आपको थोड़ी ज्यादा कवरेज की जरूरत हो। इससे आपका बेस नेचुरल दिखेगा।
चेहरे के जो भाग जल्दी ऑइली हो जाते हैं, वहां हल्का पाउडर लगाएं। अपने बैग में ब्लॉटिंग पेपर और एक कॉम्पैक्ट पाउडर जरूर रखें। मेकअप को टच-अप करने से पहले, ब्लॉटिंग पेपर की मदद से चेहरे का अतिरिक्त ऑइल हटा लें।
नवरात्रि में डेली के न्यूट्रल (हल्के) रंगों को छोड़कर थोड़ा शिमर, चटक रंग या कुछ अलग और आकर्षक कलर्स आप आई मेकअप में आजमा सकती हैं। वॉर्म ब्रॉन्ज, गोल्ड या कॉपर आईशैडो के साथ काजल से आंखें ब्राइट लगेंगी। सॉफ्ट और मॉडर्न लुक के लिए, अपनी आंखों के अंदरूनी कोनों पर थोड़ा शिमर लगाएं। रात की रोशनी पड़ने में यह बहुत सुंदर लगेगा। हो सके तो वॉटरप्रूफ आईलाइनर और मस्कारा इस्तेमाल करें, ताकि घंटों तक डांस करने के बाद भी आपका आई मेकअप खराब न हो। अपने आईशैडो को अच्छे से ब्लेंड करें।
ऑफिस के दिन या किसी छोटे-मोटे सेलिब्रेशन के लिए सॉफ्ट पिंक, पीच और रोजी न्यूड शेड्स बहुत अच्छे लगते हैं। लेकिन ईवनिंग लुक के लिए बेरी टोन, ब्रिक रेड या गहरे रोज शेड्स का इस्तेमाल करें। कुछ नया ट्राई करना चाहती हैं तो सिंपल आई मेकअप के साथ बोल्ड लिप कलर लगाएं।
इवेंट से पहले अपने होंठों को हल्के से एक्सफोलिएट करें, लिप बाम लगाएं और लिप कलर लगाने से पहले अतिरिक्त बाम को पोंछ लें। इससे स्मूद फिनिशिंग मिलेगी।
खुले लहराते बाल (लूज वेव्स) कुर्तों और लहंगों के साथ एक सॉफ्ट लुक देते हैं, जबकि एक स्लीक पोनीटेल या हाई बन मॉडर्न कपड़ों को एक बेहतरीन फिनिश देता है। अगर आपको पारंपरिक स्टाइल पसंद है, तो चोटी में छोटे फूल या सजावटी हेयर एक्सेसरीज लगाकर आप एक साधारण हेयरस्टाइल को भी फेस्टिव लुक दे सकती हैं। बालों को सेट करने के लिए किसी हल्के एंटी-फ्रिज प्रोडक्ट का इस्तेमाल करें और सामने के बालों को पिन की मदद से अच्छे से सेट कर लें। अपने पास कुछ बॉबी पिन, एक छोटी कंघी और ट्रैवल-साइज हेयरस्प्रे जरूर रखें, ताकि बालों की रीसेटिंग में मदद मिल सके।
छोटी-छोटी बातें जो बनाती हैं खास
कभी-कभी, रोजमर्रा के लुक को फेस्टिव लुक में बदलने के लिए पूरे मेकओवर की जरूरत नहीं होती। छोटी-छोटी चीजें ही पूरे लुक को शानदार बना देती हैं। जैसे गरबा में जा रही हैं तो ड्रेस के साथ एक्सेसरीज जरूर पहनें। बड़े इयररिंग, बिंदी, रंग-बिरंगी चूड़ियां या मेटैलिक नेल आर्ट आपके लुक को तुरंत निखार सकते हैं। अगर आपकी ड्रेस पर पहले से ही भारी कढ़ाई या मिरर वर्क है, तो उसके साथ सिंपल एक्सेसरीज पहनें ताकि आपकी ड्रेस हाईलाइट हो। अगर आपने बहुत सिंपल कपड़े पहने हैं, तो आप बोल्ड इयररिंग, ब्राइट लिपस्टिक या आकर्षक नेल आर्ट के साथ एक्सपेरिमेंट कर सकती हैं।