वर्क फ्रॉम होम के लिए घर में कौन सा कोना चुनें? अपने होम ऑफिस के लिए किन बातों काे ध्यान में रखें? जानकारी दे रहे हैं वास्तु कंसल्टेंट नरेश सिंघल।
वर्क फ्रॉम होम ऑफिस का वास्तु आपकी एकाग्रता, पॉजिटिव एनर्जी, निर्णय क्षमता और कार्यक्षमता को बेहतर बनाने में सहायक हो सकता है। सही दिशा और संतुलित कार्यस्थल मानसिक शांति के साथ बेहतर प्रदर्शन में भी मदद करता है।
होम ऑफिस बनाने के लिए दक्षिण या पश्चिम दिशा को उपयुक्त माना जाता है।
काम करते समय उत्तर या पूर्व दिशा की ओर मुख करके बैठना शुभ माना जाता है। इससे एकाग्रता, निर्णय लेने की क्षमता और सकारात्मक सोच में वृद्धि होती है।
अगर घर छोटा हो और अलग होम ऑफिस बनाना संभव ना हो, तो घर के शांत और व्यवस्थित कोने में सिटिंग अरेंजमेंट करें। काम के बाद लैपटॉप और ऑफिस के सामान को समेट कर रखें, ताकि घर और ऑफिस की एनर्जी अलग बनी रहे।
डेस्क पर टूटी हुई वस्तुएं, अनावश्यक कागज, धूल और अव्यवस्था से बचें।
वास्तु के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को दक्षिण-पूर्व दिशा में रखना शुभ माना जाता है, क्योंकि यह अग्नि तत्व का क्षेत्र माना जाता है। साथ ही तारों और उपकरणों को व्यवस्थित रखना भी आवश्यक है।
ऑफिस में बार-बार तनाव, काम में रुकावट या फोकस की कमी महसूस हो तो सबसे पहले बैठने की दिशा, रोशनी की व्यवस्था, साफ-सफाई की जांच करें। पीठ के पीछे मजबूत दीवार हो और सामने खुला स्थान हो तो मानसिक स्थिरता और आत्मविश्वास बढ़ता है।
पौधे, रंग, रोशनी और सुगंध कार्यक्षमता और सकारात्मक माहौल बनाने में मदद करते हैं। प्राकृतिक रोशनी, हल्के रंग, ताजी हवा और हल्की प्राकृतिक सुगंध वर्क प्लेस को अधिक सकारात्मक बना सकती है। छोटे इनडोर पौधे जैसे मनीप्लांट या लकी बैंबू भी वातावरण को आकर्षक और जीवंत बनाते हैं।
जो लोग किराए के घर या किराए के ऑफिस में काम करते हैं, उनके लिए बिना तोड़-फोड़ के वास्तु उपाय के तौर पर सबसे पहले बैठने की दिशा सही रखें, कार्यस्थल को साफ रखें, प्राकृतिक रोशनी का उपयोग करें, अनावश्यक सामान हटाएं और सकारात्मक प्रेरणादायक चित्र लगाएं।
अपने होम ऑफिस या ऑफिस वर्कस्पेस के लिए उत्तर या पूर्व दिशा की ओर मुख करके कार्य करें। डेस्क को हमेशा साफ और व्यवस्थित रखें। पीठ के पीछे मजबूत दीवार रखें, खिड़की नहीं। कार्यस्थल पर पर्याप्त प्राकृतिक रोशनी और ताजी हवा आने दें। दक्षिण-पूर्व दिशा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व्यवस्थित रखें और कार्यक्षेत्र को अव्यवस्था मुक्त बनाएं।