Friday 22 September 2023 05:08 PM IST : By Team Vanita

फिल्म और टीवी कलाकार धूमधाम से मना रहे हैं गणेशोत्सव

फिल्म और टीवी कलाकार धूमधाम से मना रहे हैं गणेशोत्सव, जानिए माधुरी दीक्षित, शिल्पा शेट्टी व रश्मि देसाई कैसे मना रहे हैं घर में गणपति उत्सव

बप्पा से दिल का जुड़ाव हैः माधुरी दीक्षित नेने

madhuri

मेरे दादाजी और नानाजी भी घरों में गणपति ले आते थे। मुंबई में शादी से पहले मेरे पिताजी गणपति घर नहीं लाते थे, तो दादाजी राजापुर (कोंकण-महाराष्ट्र ) में ले आते थे। शादी के बाद नेने परिवार में भी गणपति का प्रचलन देखा तो महसूस हुआ जैसे गणपति बप्पा से मेरा दिल से जुड़ाव है। गणपति उत्सव की पूरी तैयारी करने में मुझे डॉक्टर श्रीराम बड़ी मदद करते हैं। हमारा परिवार गणपति के आने के काफी पहले से यह सोचने लगता है, इस बार क्या नया और क्या अलग सजावट हो ! हम डेकोरेशन करते समय बहुत ध्यान रखते हैं कि हम थर्माकोल से दूर ही रहें। जितना हो सके हम फ्रेश फ्लावर्स, केले के ताजे पत्तों का बखूबी इस्तेमाल करते हैं। पिछले 3-4 वर्षों से दोनों बेटे सजावट में खुद ध्यान देते है ,हालांकि बड़ा बेटा अब अपनी पढाई करने विदेश गया है।

उकड़ीचे मोदक (स्टीम मोदक ) गणपति के लिए खास तौर पर बनाये ही जाते है, मैं इसे खुद बनाती हूं। गणपति के दिनों में हमारे घर में करीबी रिश्तेदार, फ्रेंड सर्कल और बच्चों के दोस्त आते हैं। हम सभी ट्रेडिशनल परिधानों में होते हैं। नौवारी साडी, इस साड़ी को मैच करने वाला मेकअप करना मुझे अच्छा लगता है। गणपति के 11 दिन बहुत मैजिकल होते है। लगता है काश हम उन्हें विसर्जित ही न करें, तो कितना अच्छा होगा ! 

शिल्पा शेट्टी कुंद्रा ने विसर्जन के लिए बुलाया ऑल-गर्ल ढोल बैंड

shilpa

इस साल शिल्पा शेट्टी कुंद्रा का गणेश चतुर्थी विसर्जन उत्सव पिछले उत्सवों की भव्यता को पार कर गया। शिल्पा शेट्टी अपने उत्साहपूर्ण त्योहार समारोहों के लिए प्रसिद्ध हैं और यह वर्ष भी कोई अपवाद नहीं था। इस वर्ष के उत्सव में जो बात अलग थी, वह नासिक से ऑल-गर्ल ढोल बैंड का शामिल होना था, जिसमें 21 प्रतिभाशाली महिलाएं शामिल थीं।
शिल्पा का गणेश चतुर्थी विसर्जन महिला-शक्ति की भावना का प्रतीक, महिलाओं के सशक्तिकरण और समर्थन के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है। ये उत्सव सकारात्मकता और खुशी फैलाता है। शिल्पा का कहना है, वे बरसों से महाराष्ट्र -मुंबई में रहती चली आयी है और इस उत्सव को उन्होंने उनके जन्म से देखा, दिल से महसूस किया है, इसलिए पिछले 15वर्षों से गणपति की मूर्ति को ले आती है और बड़े धूमधाम से डेढ़ दिन इसकी पूजा करती हैं।
शिल्पा शेट्टी कुंद्रा अपनी आगामी फिल्म "सुखी" के लिए तैयार हैं, जो सोनल जोशी द्वारा निर्देशित है। इसका निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, विक्रम मल्होत्रा और शिखा शर्मा ने किया है। गणपति विसर्जन के मौके पर शिल्पा के ब्लाउज पर सुखी लिखा था। यही नहीं पति राज कुंद्रा ने फेस को कवर करने के लिए जो डिजिटल शील्ड पहनी थी, उस पर भी सुखी फ्लैश हाे रहा था। शिल्पा ने इस मौके पर अपने दोनों बच्चों, बहन शमिता व मां के साथ जम कर डांस किया।

बप्पा के आगमन के लिए बेहद उत्साहित रश्मि देसाई, 3 बड़ी फिल्मों की रिलीज से पहले मांगा आशीर्वाद

rashmi

रश्मि देसाई भारतीय मनोरंजन उद्योग में सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में से एक हैं। टीवी हो ओटीटी हो या फिल्म, मनोरंजन जगत में ऐसी कोई जगह नहीं है जहां रश्मि देसाई ने अपना कदम न रखा हो। दर्शक हमेशा से उनको स्क्रीन पर देखने के लिए बेताब होते है। वैसे उनके वास्तविक जीवन की बात करे तो अभिनेत्री बहुत आध्यात्मिक और धार्मिक है। और जब बात गणपति महोत्सव की हो तो उनका उत्साहित होना तो बनता है।

इस उत्सव के बारे में बात करते हुए अभिनेत्री ने बताया, "हर साल की तरह, इस साल भी, मैं बेहद उत्साहित और खुश हूं। मैं बचपन से ही बप्पा की पूजा करती आ रहा हूं और वह मेरे जीवन का अभिन्न अंग हैं। हर तरह से, गणपति बप्पा हमारे धर्म में सर्वोच्च हैं। न केवल उन्हें शुभ माना जाता है, बल्कि कोई भी पूजा या शुभ कार्य करने से पहले बप्पा की पूजा करना आवश्यक है। कोविड-19 के कारण, कुछ वर्षों में इस उत्सव में रुकावट आ गई थी। हालांकि, भगवान की कृपा से, चीजें वापस जैसी थी वैसी हो गई और मैं बहुत उत्साहित हूं।"

गणपति उत्सव से जुड़ी अपनी बचपन की यादों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, "हमारा परिवार बचपन से ही गणपति बप्पा का त्योहार मनाता आ रहा है और बचपन से ही मुझे उनके साथ गहरा जुड़ाव महसूस होता था। मैं हमेशा अच्छे काम करने की कोशिश करती हूं ताकि उनका आशीर्वाद मेरे और मेरे परिवार पर बना रहे। वैसे कोई भी व्यक्ति पूर्ण नहीं होता है। लेकिन फिर भी हम सभी अच्छे बनने की कोशिश कर सकते हैं।"

वर्कफ्रंट की बात करें तो, रश्मि देसाई के पास 3 फिल्में हैं, जो इस साल गणपति उत्सव के बाद जल्द ही एक के बाद एक रिलीज होने वाली हैं।