Monday 14 August 2023 01:47 PM IST : By Ruby Mohanty

सॉफ्ट तिरंगी इडलियां

 

 

इस बात से आप भी इंकार नहीं करेंगे कि इडली सबसे हेल्दी ब्रेकफास्ट है। चलिए, इस बार 15 अगस्त के मौके पर क्यों ना तिरंगी छटा इस पर भी देखें।अहमदाबाद के एफ & बी बिनोरी ए बुटीक होटल के वरिष्ठ शेफ रंजन पांडे सिखा रहे हैं तिरंगी इडलियां बनाना, और साथ ही दे रहे हैं कुछ कुकिंग टिप्स और अपने तजुर्बे।

 

तिरंगी इडली

idly-1

सामग्री : 500 ग्राम चावल, 250 ग्राम उड़द दाल धुली हुई, स्वादानुसार नमक, 15 मि.ली. ऑइल, 5 ग्राम सोडा।

अन्य सामग्री : 50 ग्राम ग्राम पालक प्यूरी, 50 ग्राम गाजर की प्यूरी।

चटनी के लिए : 1 कटोरी नारियल चटनी, 1 कटोरी टमाटर चटनी, 1 कटोरी हरी चटनी और राई व करीपत्ते का तड़का।

विधि : चावल और दाल काे 5-6 घंटे के लिए अलग-अलग भिगोएं। पानी काे निथार कर मिक्सी में नमक और फ्रेश पानी के साथ इसका पेस्ट बना लें। इसी तरह उड़द दाल का भी पेस्ट लें। दोनों को एक साथ मिलाएं और 8 घंटे के लिए फरमेंट के लिए रखें। इसे 3 भाग में बांट लें। गाजर और पालक को धो कर अलग-अलग उबाल लें। इसका अलग-अलग पेस्ट बनाएं। इसमें कुकिंग सोडा मिलाएं। एक भाग में पालक प्यूरी मिलाएं। एक भाग में गाजर का पेस्ट मिक्स करें और एक भाग को यों ही छोड़ दें। इडली के सांचे में चिकनाई लगाएं। गाजर के बैटर को पहले डालें। वाइट बैटर बीच में और अंत में पालक का बैटर डालें। इसे 20 मिनट तक स्टीम करें। इडली मोल्ड को इडली कुकर से बाहर निकाल कर ठंडा करें। इन्हें चटनी के साथ परोसें। चटनियों में राई और करीपत्ते का तड़का लगाएं।

कुकिंग सीक्रेट

- इडली का बैटर ना ज्यादा मोटा ना ज्यादा पतला होना चाहिए। फरमेंट हो जाने के बाद फ्रिज में रखें, जिससे ज्यादा फरमेंट होने से बचा रहे। इडली को एक्स्ट्रा सॉफ्ट बनाने के लिए थोड़ा सा चिड़वा मिला सकती हैं।

- इंस्टेंट इडली बनाने के लिए सूजी अौर फ्रूट सॉल्ट का प्रयोग कर सकते हैं।

कहां से आयी इडली

खाद्य इतिहासकार के. टी. अचाया का मानना है इडली तकरीबन 800-1200 ईस्वी के आसपास इंडोनेशिया से भारत में आयी थी। पर इडली का स्वरूप यहां बदल गया। इंडोनेशिया में यह केडली के नाम से जाना जाता है। पर यहां के लोग इसे इडली कहने लगे और यह स्टीम करके पकायी जाने लगी। कई लोगों का मानना है कि यह कन्नड़ व्यंजन इडालिग से मिलती-जुलती है। इसीलिए इसे कर्नाटक का व्यंजन मानते हैं। हालांकि इस पर बहस आज भी जारी है। यूनेस्को ने इडली को विश्व का सबसे हेल्दी ब्रेकफास्ट माना है। इसीलिए स्वास्थ्य और लोगों को पसंद को ध्यान में रखते हुए 30 मार्च को इडली डे मनाया जाता है।

तजुर्बें का छौंक

6

रोज नए लोगों से मिलना और उनकी इच्छाओं को ध्यान में रखते हुए अच्छा खाना बनाना, वाकई चैलेंजिंग है। मैं जो भी बनाता हूं, दिल से बनाता हूं और अपनी टीम को भी यही कहता हूं। मुझे राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री जी के लिए जब कुछ पकाने का मौका मिलता था, तो मेरे लिए वह बहुत गर्व की बात थी। जहां तक खाने में मेरी पसंद की बात है, मुझे चाइनीज और पंजाबी फूड पसंद है।