Friday 12 January 2024 03:40 PM IST : By Ruby Mohanty

संक्रांत में बनाएं तिल मूंगफली के व्यंजन

तिल गुड़ के लड्डू

1892228221

सामग्री : 1 कप गुड़, 11/2 कप तिल, 1 बड़ा चम्मच देसी घी, 1 छाेटा चम्मच इलायची पाउडर, 1 बड़ा चम्मच बादाम दरदरा और 1 बड़ा चम्मच काजू दरदरा।

विधि : सबसे पहले एक पैन में तिल को डाल कर भून कर ठंडा कर लें। गैस पर एक कड़ाही रखें और उसमें घी डाल कर गरम करें। इसमें गुड़ डाल कर पिघलाएं। आंच को धीमा कर दें। गुड़ पिघलने के बाद इसमें तिल, बादाम और काजू डाल कर अच्छी तरह से मिक्स करें। अांच से उतार कर इसे हल्का ठंडा करें। हाथों को घी से चिकना कर लें और तिल का मिश्रण हल्का गरम रहे, तभी इसे लड्डू की शेप देना शुरू करें। पूरी तरह से ठंडा होने पर इसे एअरटाइट डिब्बे में रखें।

तिल की चिक्की

2262141641

सामग्री : 200 ग्राम सफेद तिल, 2 बड़े चम्मच देसी घी, 200 ग्राम गुड़, चुटकी भर खाने का सोडा और सूखी गुलाब की पंखुडि़यां (ऑप्शनल)।

विधि : पैन धीमी आंच पर गरम करें। इसमें तिल को सूखा भून लें। इसे भूनते हुए ध्यान रखें कि तिल फूट कर भूरा ना होने लगे। इससे इसका स्वाद कड़वा हो सकता है। एक अन्य पैन में धीमी आंच पर गुड़ पिघलाएं। इसमें खाने का सोडा मिलाएं। इसमें धीरे-धीरे तिल मिलाएं। आंच से उतार लें। इसमें चाहें ताे गुलाब की सूखी पंखुडि़यां मिलाएं। चिकनाई लगी थाली पर इसे फैला दें। हल्का ठंडा होने पर इसे मनचाहे आकार में काट लें। पूरी तरह से ठंडा करके इसे एअरटाइट डिब्बे में रखें। इस चिक्की में अगल-अलग वेरिएशन भी कर सकती हैं। जैसे तिल के साथ आप भुनी मूंगफली, भुना पिस्ता या भुना काजू भी मिला सकती हैं।

सेसमे हनी पुलाव

2101730473

सामग्री : 1 कप वाइट राइस, 2 बड़े चम्मच तिल का तेल, 1 बड़ा चम्मच शहद, 1 बड़ा चम्मच सोया सॉस, 1 छोटा चम्मच लहसुन बारीक कटा, 1 कप मशरूम बारीक कटा, 1 बड़ा चम्मच विनेगर, 1 बड़ा चम्मच सफेद तिल, 2 बड़े चम्मच हरा प्याज बारीक कटा, स्वादानुसार नमक और काली मिर्च।

विधि : चावल को एक कनी रह जाने तक खिला-खिला पका लें। ठंडा करें और कुछ देर फ्रिज में रखें। तिल का तेल गरम करें। इसमें लहसुन डाल कर फ्राई करें। मशरूम डालें और कुछ देर फ्राई करें। इसमें विनेगर डालें। शहद और सोया सॉस डालें। चावल मिलाएं। कुछ देर और भूनें। नमक व काली मिर्च मिलाएं। भूनते रहें। हरा प्याज डालें और राइस में मिक्स करके आंच से उतार लें। ऊपर से भुने तिल मिलाएं।

तिल, सेब व गाजर
का सलाद

1324454615

सामग्री : 1 छोटा चम्मच काला तिल, 1 ग्रीन एपल के जूलियंस, (लंबे आकार में कटे), 1 गाजर के लंबे जूलियंस, 1/4 छोटे रतालू के जूलियंस, 1 बड़ा चम्मच हरा धनिया बारीक कटा, स्वादानुसार नमक, काला नमक और नीबू का रस।

विधि : काले तिल को गरम तवे पर हल्का सा सेंक लें। एपल, गाजर, रतालू के जूलियंस मिक्स करें। काला नमक, नीबू का रस, हरा धनिया, नमक मिलाएं। आप चाहें तो इसमें उबली मूंगफली या भीगे अखरोट मिलाएं। ऊपर से काला तिल बुरकें।

तिल शकरकंदी का सलाद

2005056167

सामग्री : 1 बड़ा चम्मच तिल, 2 शकरकंदी, 1 बड़ा चम्मच शहद, 1/4 छोटा चम्मच काला नमक।

विधि : पैन धीमी आंच पर गरम करें। इसमें तिल भूनें। लेकिन ध्यान रहे कि यह पटपटाए नहीं। अगर तिल पटपटाने लगे, ताे समझिए कि तिल जलने लगेगा। शकरकंदी काे हल्का उबाल कर छील लें। इसमें काला नमक और शहद मिलाएं। ऊपर से भुना तिल बुरक दें।

नोट : शकरकंदी की तरह आलू काे भी बना सकती हैं। आलू और शकरकंदी को उबालने की जगह बारबेक्यू में भी पका सकती हैं। इससे सलाद ज्यादा स्वादिष्ट लगेगा।

काले तिल और खीरे का सलाद

1249699330

सामग्री ः  1 बड़ा चम्मच काला तिल, 2 खीरे, 1 बड़ा चममच वाइट विनेगर, 2 लहसुन की कलियां बारीक कटी, 1 हरी मिर्च, 1 बड़ा चम्मच शहद, स्वादानुसार नमक और काला नमक।

विधि ः खीरे के स्लाइस कर लें और उसे सर्विंग डिश में रखें। एक छोटे कांच की बोतल में विनेगर में लहसुन की कलियां, शहद, नमक, काला नमक मिलाएं और शेक करें। खीरे में तैयार मिश्रण डालें। ऊपर से काला भुना तिल बुरके कर परोसें।