Friday 10 November 2023 03:35 PM IST : By Ruby Mohanty

दीवाली में बनाएं नए स्वाद के प्रांतीय मीठे

बंगाल का पंतुआ

2038378217

सामग्री: 250 ग्राम खोया, 100 ग्राम मैदा, 750 ग्राम चीनी, 10 ग्राम इलायची पाउडर, 50 ग्राम पिस्ता, 150 मि.ली. दूध, 2 ग्राम बेकिंग पाउडर और तलने के लिए तेल।

विधि: एक बरतन में मावा और मैदा मिलाएं। इसमें बेकिंग पाउडर और इलायची पाउडर डाल कर अच्छी तरह से मिला लें। इस मिश्रण को हथेलियों से अच्छी तरह मसल कर मुलायम बना लें। अगर मावा सूखा है, तो थोड़ा दूध भी मिला सकते हैं। अब इस बैटर की छोटी-छोटी लोइयां बना लें और प्रत्येक लोई के बीच में पिस्ता रख दें। गहरी कड़ाही में तेल गरम करें और धीमी आंच में इसे डीप फ्राई करके निकालें। चीनी और पानी की बराबर मात्रा रख कर पैन में चाशनी को आधे घंटे तक उबाल कर दो तार की चाशनी बना लें। इसमें इलायची पाउडर मिलाएं। इसमें तैयार गुलाबजामुन डुबो कर 2 घंटे के लिए छोड़ दें। पिस्ता बुरक कर परोसें।

राजस्थानी गुलाब चूरमा

2258232797

सामग्री: 250 ग्राम गेहूं का अाटा, 100 ग्राम मावा, 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर, 150 ग्राम चीनी, 250 ग्राम देसी घी तलने के लिए, जरूरत के मुताबिक पानी, 2 देसी गुलाब की पंखुडि़यां, कुछ बूंदें गुलाब एसेंस, 2 बूंद रोज फूड कलर (ऑप्शनल) और सजाने के लिए बारीक कटा पिस्ता।

विधि: थाली में आटा छान लें। इसमें 2 छोटे चम्मच देसी घी अच्छी तरह से मिलाएं। पानी डाल कर सख्त गूंध लें। इसके छोटे-छोटे पेड़े बना लें। घी गरम करें। इसमें तैयार लड्डू धीमी आंच पर तल कर निकाल लें, जिससे यह पूरी तरह से पक जाए। तले लड्डुओं को हाथ से क्रश करें या ग्राइंडर में डाल कर ग्राइंड कर लें। एक पैन में मावा भून कर प्लेट में निकाल लें। इसी पैन में पानी, चीनी और गुलाब की पंखुडि़यां डाल कर गाढ़ी चाशनी बनाएं। इसे तैयार चूरमे में मिलाएं। मावा मिलाएं। गुलाब एसेंस डालें और इसके लड्डू बना लें। ऊपर से पिस्ता बुरकें।

महाराष्ट्र की शकरपली

2221241241

सामग्री: 250 ग्राम गेहूं का आटा और मैदा मिक्स, 20 ग्राम सूजी, 40 ग्राम घी, 100 ग्राम चीनी का बूरा, 1/4 कप दूध और तलने के लिए देसी घी या तेल।

विधि: सूजी, आटा और मैदा को मिक्स कर लें। कड़ाही में 2-3 बड़े चम्मच देसी घी गरम करें। घी की जगह आप तेल भी इसमें इस्तेमाल कर सकते हैं। चम्मच से इसे मिक्स करें और ठंडा होने पर इसमें चीनी मिलाएं। अब इसमें दूध डाल कर कड़ा गूंध लें। इसमें स्वाद बढ़ाने के लिए इलायची का पाउडर मिलाएं। इसे ढक कर 15 मिनट के लिए रखें। तैयार गुंधे आटे के बड़े-बड़े पेड़े बना कर मोटा-मोटा बेल लें। इसे चाकू की मदद से चौकाेर काट लें। कड़ाही में तेल गरम करें। इसमें कटी शकरपली डाल कर धीमी आंच पर तल कर निकाल लें। चाहें तो इसे बेक कर सकते हैं या एअर फ्रायर में भी फ्राई कर लें। इसमें सफेद तिल भी मिला सकते हैं।

गोवा की नेवरी

2036697275

खोल की सामग्री: 1 कप आटा, 1/4 छोटा चम्मच नमक, मोयन के लिए घी और तलने के लिए तेल।

भरावन की सामग्री: 1 बड़ा चम्मच देसी घी, 1 कप कसा नारियल, 7-8 काजू दरदरे, 1 बड़ा चम्मच किशमिश और 1/2 कप गुड़ ।

विधि: आटे में नमक मिलाएं। घी काे गरम करें हल्का ठंडा होने पर इसे आटे में मिलाएं और पानी डाल कर सख्त गूंधें। सूती कपड़े को गीला करके निचोड़ें और इसे आटे पर ढक कर 10-12 मिनट के लिए रखें। एक पैन में देसी घी गरम करें। एक कप कसा नारियल डालें। काजू को दरदरा करके मिलाएं। किशमिश डालें। गुड़ मिलाएं। कुछ देर भूनें और आंच से उतार कर इसमें इलायची पाउडर मिलाएं। तैयार आटे को एक फिर गूंधें और बराबर लोइयां बना कर बेल लें। इसमें एक बड़ा चम्मच भरावन भरें और फोल्ड करके किनारे पर छोटे डिजाइन दें। तेल गरम करें। तैयार नेवरियों को धीमी आंच पर तल कर निकाल लें। ठंडा या गरम परोसें।

कुमाऊं के सिंगल

2112428768

सामग्री: 2 कप सूजी/ चावल का आटा, 1 छोटा चम्मच देसी घी, 1 कप चीनी, 1 कप दही, 1/2 कप दूध, 1 छोटा चम्मच सौंफ, चुटकीभर बेकिंग सोडा, 1 पका केला, 2 बड़े चम्मच मलाई, 1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर और तलने के लिए तेल।

विधि: मलाई और दही को अच्छी तरह से मिलाएं। एक बड़े बरतन में सूजी और 1 छोटा
चम्मच देसी घी को अच्छी तरह से मिलाएं। इसमें चीनी, दही, पका केला, दूध और इलायची पाउडर मिक्स करें और ढक कर 2-3 घंटे तक रखें। यह बहुत चिकना गाढ़ा घोल बन कर तैयार होगा। कड़ाही में तेल गरम करें। मोटे पाइपिंग बैग में मिश्रण को भरें। जलेबी की तरह इसे गरम तेल में गोल-गोल उतार लें। सुनहरा होने तक तलें। इसे रबड़ी के साथ परोसें या चाय-कॉफी के साथ, ये दोनों तरह से अच्छे लगेंगे।

ब्रज का मोहनथाल

1468755293

सामग्री: 2 कप बेसन, 3 बड़े चम्मच देसी घी, 1 कप दूध, 1 कप चीनी, 1/2 कप पानी, 1/2 छोटा चम्मच इलाइची पाउडर।

विधि: बेसन में 3 बड़े चम्मच देसी घी और 3 बड़े चम्मच दूध हाथ से मलते हुए मिलाएं। और 15 मिनट छोड़ दें। कड़ाही में बचा घी गरम करें। इसमें हाथ से मसला बेसन मिलाएं और लगातार भूनें। आप देखेंगी कि यह भूरा होने लगेगा। इसमें थोड़ा-थोड़ा दूध मिलाएं और लगातार चलाएं। चीनी और पानी की दो तार की चाशनी बनाएं। अब इस चाशनी को बेसन में मिलाएं और लगातार चलाएं। इसमें दूध मिलाएं। चिकनाई लगी थाली में बेसन का मिश्रण डालें और ऊपर बादाम व पिस्ते की हवाइयां बुरकें। थोड़े देर तक ठंडा होने पर इसे काट लें।

गुजराती बासुंदी

2357148747

सामग्री: 2 लीटर दूध, चुटकीभर केसर, 1/2 कप काजू व बादाम बारीक कटे और 1 कप चीनी।

विधि: दूध को गहरे बरतन में डाल कर पकाएं। उबाल आने पर इसे धीमी आंच पर रखें और बीच-बीच में चलाती रहें। बहुत गाढ़ा होने पर इस पर काजू व बादाम की हवाइयां काट कर डालें। इसे ठंडा या गरम परोस सकती हैं। बासुंदी, उत्तर भारत का प्रसिद्ध मीठी रबड़ी जैसा ही बनता है। अपनी इच्छा के मुताबिक  बासुंदी को सजाने के लिए गुलाब की सूखी पंखुडि़यों का भी इस्तेमाल कर सकती हैं।

नोट: अगर आप इसमें कुछ फ्यूजन टच देना चाहती हैं, तो छीले हुए मीठे सेब और केले के स्लाइस डाल सकती हैं।