Tuesday 26 March 2024 04:10 PM IST : By Chef Ranjan Pandey

बच्चों के फेवरेट मोमोज घर में बनाएं, बाहर के मोमोज भूल जाएंगे

शाम को जब भूख लगती है तो बच्चे अकसर मोमोज, समोसे, नूडल्स जैसी चीजें ही खाना चाहते हैं। लेकिन रोज-रोज बाहर के स्नैक्स खाना भी ठीक नहीं होता। तो क्यों ना बच्चों को सफाई से घर में ही तरह-तरह के मोमोज बना कर खिलाए जाएं, सीखें शेफ की सुझायी गयी आसान रेसिपी-

वेज कुरकुरे फ्राइड मोमोज

kurkure-momos

सामग्रीः 250 ग्राम मैदा, स्वादानुसार नमक, 20 मि.ली. कुकिंग ऑइल और पानी।

भरावन के लिएः 20 मि.ली. कुकिंग ऑइल, 10 ग्राम लहसुन बारीक कटा, 10 ग्राम अदरक बारीक कटा, 20 ग्राम प्याज बारीक कटा, 10 ग्राम हरी मिर्च बारीक कटी, 100 ग्राम पत्ता गोभी बारीक कटी, 5 ग्राम काली मिर्च पाउडर, स्वादानुसार नमक और 10 ग्राम हरा धनिया बारीक कटा।

अन्य सामग्रीः 500 ग्राम तेल।

विधिः एक बरतन में मैदा व नमक मिलाएं और पानी डाल कर मैदा को मुलायम होने तक गूंध कर 30 मिनट तक रखें। पैन में तेल गरम करें। इसमें लहसुन, अदरक व हरी मिर्च मिलाएं। प्याज डाल कर तेज आंच में साॅते करें। गाजर और पत्ता गोभी मिलाएं। तेज आंच पर भूनें। नमक, काली मिर्च, हरा धनिया डालें और आंच से उतार कर ठंडा करें। मैदे से छोटे-छोटे पेड़े तैयार करें और बेल लें। इसमें तैयार भरावन भरें और मनचाहा आकार दें। इसे फ्रिज में 30 मिनट तक रखें। कड़ाही में तेल गरम करें। इसमें 3-3 करके मोमो तल लें और टिशू पेपर पर निकाल लें। गार्लिक सॉस और बर्न्ट सोया गार्लिक सॉस के साथ परोसें।

कॉर्न चीज चिली मोमोज

corn-cheese-momos

सामग्रीः 250 ग्राम मैदा, स्वादानुसार नमक, 20 मि.ली. कुकिंग ऑइल और जरूरत के मुताबिक पानी।

भरावन के लिएः 20 मि.ली. कुकिंग ऑइल, 10 ग्राम लहसुन बारीक कटा, 10 ग्राम अदरक बारीक कटा, 20 ग्राम प्याज बारीक कटा, 10 ग्राम हरी मिर्च बारीक कटी, 100 ग्राम स्वीट कॉर्न कुटा हुआ, 5 ग्राम काली मिर्च पाउडर, 5 ग्राम चिली फ्लेक्स और 50 ग्राम चीज कसी हुई।

विधिः एक बड़े बरतन में मैदा और नमक मिलाएं। पानी डाल कर गूंधें और 30 मिनट तक रहने दें। एक पैन में तेल गरम करें। इसमें लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डाल कर भूनें। प्याज भूनें। स्वीट कॉर्न डाल कर तेज आंच पर भूनें। नमक, काली मिर्च और चिली फ्लेक्स डालें। आंच से उतार कर चीज मिलाएं। फिर से मैदा को नरम गूंध लें। इसके छोटे-छोटे पेड़े तोड़ कर रोटियां बेल लें। इसमें भरावन डालें और मनचाहा आकार दें। इसे 10-12 मिनट तक स्टीम पर पकाएं। चिली गार्लिक सॉस और बर्न्ट गार्लिक सोया सॉस के साथ परोसें।

सॉस बनाना भी नहीं है मुश्किल

हॉट गार्लिक सॉसः इसे बनाने के लिए आप अपनी जरूरत के मुताबिक टोमैटो कैचअप, चिली पेस्ट, नमक और चीनी मिला कर आंच पर रखें और इसमें कॉर्नफ्लोर व पानी का घोल कर डालें। गाढ़ा होने पर बारीक कटा स्प्रिंग अनियन मिलाएं।

बर्न्ट सोया गार्लिक सॉसः इसके लिए आप सोया सॉस, कुकिंग वाइन, तिल का तेल, बर्न्ट गार्लिक, नमक, हरा धनिया बारीक कटा और प्याज बारीक कटा मिलाएं।