Thursday 28 April 2022 03:55 PM IST : By Pariva Sinha

एंटरटेनमेंट की दुनिया का नया नामः पॉडकास्ट

podcast

पॉडकास्ट क्या है? पॉडकास्ट आज के वे ऑडियो शोज हैं, जिन्हें हम किसी भी डिजिटल प्लेटफाॅर्म्स जैसे अपने लैपटॉप या मोबाइल फोन पर सुन सकते हैं। चलते-फिरते कुछ काम की, कुछ विज्ञान की बातें, थोड़ी सी कॉमेडी-थोड़ी सी हॉरर स्टोरीज, थोड़े से जज्बाती किस्से, कुछ रोमांटिक कहानियां और भी बहुत से विषयों पर हम पॉडकास्ट सुन सकते हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर आज हर जॉनर में कई तरह के एंटरटेनिंग और इंटरेस्टिंग पॉडकास्ट हैं। नाइट वाॅक पर, ऑफिस जाते समय या घर के काम करते-करते हम अपनी पसंद का कोई भी पॉडकास्ट सुन सकते हैं।

एचटी स्मार्टकास्ट की प्रोड्यूसर दीप्ति अाहुजा के अनुसार, ‘‘पॉडकास्ट अब ज्यादातर लोगों की पसंद बन रहा है, क्योंकि यह उनका स्क्रीन टाइम कम करने के साथ मल्टीटास्किंग करने की सुविधा भी देता है। मोबाइल फोन पर अासानी से पॉडकास्ट सुना जा सकता है और इसे सुनना बजट फ्रेंड्ली भी है।’’ 

हमने बचपन में रेडियो पर कई प्रोग्राम सुने हैं। पॉडकास्ट भी हमें कुछ एेसे ही प्रोग्रामों से जोड़ता है, लेकिन इसके एपिसोड हम अपनी पसंद और सहूलियत के अनुसार सुन सकते हैं। 

पॉडकास्ट का चलन आज इतना ज्यादा है, क्योंकि यह लोगों को अच्छे कंटेंट से जोड़ रहा है और इसे किसी 
भी भाषा में सुना जा सकता है। अब पॉडकास्ट की दुनिया में भी ओटीटी प्लेटफॉर्म्स जितना कंटेंट है। कई सारे डेली शोज, जिसमें कुछ एपिसोड में चलनेवाली कहानियां बहुत दिलचस्प हैं। अगर आपको किसी विषय में खास 
रुचि है, तो आप उस पर एक एंटरटेनिंग पॉडकास्ट सुन सकते हैं। 

कहानी सुनो नाम का पॉडकास्ट आपको जयशंकर प्रसाद और मुंशी प्रेमचंद की कहानियों से जोड़ता है। खास बात यह है कि कुछ एपिसोड सिर्फ 3 मिनट के होते हैं। दिल में उतर जाने वाले शो जैसे दिल लोकल और तुमने किसी से कभी प्यार किया है, जिनका हर एपिसोड आपको एक प्यारी कहानी से मिलवाता है। ऐसे कुछ ऑडियो शोज, जो बहुत पसंद किए गए, उनका दूसरा सीजन भी सुन सकेंगे। अगर आपको क्राइम थ्रिलर सुनना पसंद है, तो क्राइम कहानियां नाम का शो इस तरह के जॉनर में बहुत पसंद किया जा रहा है। हर किसी के लिए यहां कुछ ना कुछ है। घूमने के शौकीन लोगों के लिए द मुसाफिर स्टोरीज बहुत अच्छा ट्रेवल शो है और अगर आप खाना खाने और बनाने के शौकीन हैं, तो द टेस्ट ऑफ इंडिया आपके इयरफोन के जरिये मुंह में पानी जरूर ले आएगा। 

सिर्फ सुननेवालों के लिए ही नहीं, क्रिएटर्स के लिए भी पॉडकास्ट एक बहुत अच्छा प्लेटफॉर्म बन रहा है। कई लोगों ने पॉडकास्टिंग को फुल टाइम कैरिअर के रूप में भी चुन लिया है।

कैसे बनाएं पॉडकास्ट

podcast

दीप्ति अाहुजा बता रही हैं, कैसे शुरू करें अपना पॉडकास्ट-

पॉडकास्ट शुरू करने से पहले ध्यान रखें कि अापको उस विषय की सही जानकारी है और अापके फैक्ट्स सही हैं।

अच्छे पॉडकास्ट बनाने के लिए अापका डेडिकेशन जरूरी है। सब्र और मेहनत दोनों ही होने चाहिए। प्रैक्टिस और ट्रायल से ही रिजल्ट मिलेगा। 

पॉडकास्ट बनाने के लिए कई टूल्स हैं, लेकिन यह जरूरी है कि अाप पहले अपने कंटेंट को समझें और फिर उन टूल्स को अप्लाई करें। 

किसी भी पॉडकास्ट की सफलता से पहले उसे एक साल ट्रायल पर चलाना जरूरी है। 

पॉडकास्टिंग सीखने के लिए कई वीडियोज हैं। ध्यान रखें अाप किसी एक्सपर्ट की वेरिफाइड वीडियो से ही टिप्स लें। 

पॉडकास्ट प्रोड्यूसर दीप्ति अाहुजा द्वारा सुझाए गए 3 बेस्ट पॉडकास्ट:  ग्रैंड तमाशा (राजनीतिक विषय), हेड स्पेस (मेंटल हेल्थ), जस्ट ब्रेकअप (लव एंड रोमांस)