Saturday 02 April 2022 12:29 PM IST : By Nishtha Gandhi

इस नवरात्रि मां का आह्वान ऐसे करें कि घर में खुशियों की बरसात हो

navratra-1

आज से चैत्र माह के नवरात्र शुरू हो रहे हैं और साथ ही हिंदू नव वर्ष की शुरुआत भी हो चुकी है। आपने भी अपने घर में आज मां दुर्गा की पूजा की तैयारी कर ली होगी। इस दौरान कुछ बातों का ध्यान रखें, तो ये नवरात्र आपके लिए शुभ फलदायी हो सकते हैं। इस बारे में एस्ट्रोलॉजर डॉक्टर आरती दहिया दे रही हैं खास जानकारी- 

मां का संबंध बुध ग्रह से है और बुध ग्रह जीवन में सारी खुशियां और पॉजिटिविटी लाता है। यह व्यापार में मदद करता है और जीवन में आगे बढ़ने में मदद करता है। नवरात्रों में बुध ग्रह को मजबूत करने के लिए भरपूर मौका है। यह आपकी शारीरिक कमियों को दूर करता है,भावनात्मक रूप से दृढ़ बनाता है, बेटियों और बहन के जीवन में आने वाली तकलीफों को दूर करता है। यह बुदि्ध बढ़ाने वाला ग्रह है। इसके लिए हर बुधवार को गौशाला जाने का नियम बनाएं और गाय को हरी सब्जी या फिर कोई ऐसी चीज खिलाएं, जो आपके घर में आसानी से उपलब्ध है। कुछ ही समय में आपको जीवन में इसका सकारात्मक प्रभाव दिखेगा।

कैसे करें घट स्थापना

नवरात्र में घट स्थापना का बहुत महत्व है। इसे शुभ मुहुर्त में करना बहुत अच्छे फल देता है। इस बार का शुभ मुहुर्त सुबह 6.10 बजे से 8.31 बजे तक है, साथ ही अभिजीत मुहुर्त 12 बजे से 12.50 तक का भी है। इस समय घट स्थापना करने से आप सभी मुश्किलों पर जीत पा सकती है। पूजा में साबुत सुपारी, हरी इलायची रखें। हरी इलायची बुध ग्रह को मजबूत करती है। कमलगट्टे भी पूजा में रखें। इससे धन की प्राप्ति होती है। जटा नारियल को कभी भी खाली ना रखें इस पर कलावा बांधे, माता की चुन्नी चढ़ाएं और कलावे में कुछ रुपए भी बांध दें। लाल चुन्नी माता को चढ़ाएं। इसके अलावा हरी और गुलाबी चुन्नी भी चढ़ा सकते हैं। मां के सिंहासन व वस्त्रों का रंग भी इन्हीं तीनों में से कोई एक होना चाहिए। 

navratra-2

कलश रखने के लिए उसमें साफ पानी भरें, थोड़ा सा गंगाजल मिलाएं फिर 11 सिक्के भी डालें। ये सिक्के 1-1 रुपए के भी हो सकते हैं और अगर आपके पास मौजूद है, तो चांदी के सिक्के भी इसमें डाल सकते हैं। फिर इस पर आम के 11 पत्ते और फिर 11 पान के पत्ते रखें और उसके ऊपर नारियल रखें। इस तरह से घट स्थापना करने से बहुत अच्छे परिणाम आपको मिलेंगे। 

नवरात्र में मां का बांटे का प्रसाद 9 सूखे मेवों को मिला कर बना सकते हैं। मंदिर की नार्थवेस्ट दिशा में कलश रखें। अखंड ज्योति जगा रही हों, तो मंदिर की साउथ ईस्ट दिशा में इस ज्योत को रखें, आप खुद ही आय के स्रोत में बढ़ोतरी महसूस करेंगी।

नियमित रूप से दुर्गा पाठ भी जरूर करें, दवी पुराण, दुर्गा सप्तशति, दुर्गा कवच का पाठ भी कर सकती हैं। समय कम हो, तो दुर्गा सप्तशति में मां के 108 नामों की माला का पाठ भी कर सकती हैं। नियमित रूप से नव दुर्गा के दिनों में दुर्गा सप्तशती का पाठ या तो खुद करें या फिर किसी ब्राह्मण से भी करवा सकती हैं। इस दौरान अपने सामने एक लोटे में जल भर कर रखें। पाठ पूरा होने के बाद वह जल घर के सभी सदस्यों को पीने को दें। उसी जल का पूरे घर में छिड़काव करें। इस जल का छिड़काव टॉयलेट में ना करें। 

घर की चौखट पर आम के पत्तों का बंदनवार बांधना ना भूलें। दोनों तरफ स्वास्तिक बना कर चावल चढ़ाएं और घर में मां का आह्वान करें। घर में मंगल होगा।

क्या ना करें नवरात्र में

नवरात्र की पूजा के समय काले व नीले रंग के वस्त्र ना पहनें। इसकी जगह ब्राइट कलर पहनें, खासकर से वे लोग जो घर में जौ बीज रहे हों । इससे मां रुष्ट होती हैं।

कम से कम 9 दिनों तक घर में वादविवाद से बचें। जिस घर में क्लेश रहता है, उस घर में देवी देवता का वास कभी नहीं हो सकता। खासकर से पुरुषों को महिलाओं के साथ झगड़ा, वादविवाद नहीं करना चाहिए। इससे व्यापार में घाटा होता है और आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

तामसिक चीजों से परहेज करें। हो सके, तो इन्हें घर से बाहर कर दें।

जिस घर में जौ बीजे जाते हैं या फिर अखंड ज्योति प्रज्जवलित हो, तो उस घर में कभी भी ताला नहीं लगना चाहिए। घर में हमेशा कोई सदस्य मौजूद अवश्य रहे। 

धन प्राप्ति के लिए चांदी का एक सिक्का, दो मुखी रुद्राक्ष को लाल सूती कपड़े में रख कर पोटली बनाएं और पहले नवरात्र को मां के चरणों में रख दें। अष्टमी या नवमी पूज कर इसे उठा लें और घर के कैश बॉक्स में रख दें। 

navratra

निरोगी काया के लिए चार मुखी मिट्टी का दीया लें। चाहें, तो आटे का दीया भी बना सकते हैं, इसमें सरसों को तेल भरे, चार बाती बनाएं और घर के बीच के स्थान में सप्तमी को जला दें। इस दौरान ध्यान रहे कि परिवार का कोई सदस्य आपको टोके नहीं। इसे अगले दिन किसी पेड़ पर इसे डाल आएं।

व्यापार में वृदि्ध के लिए किसी छोटी कन्या को हरे फल खिलाएं। 

सुखी दांपत्य के लिए दंपती नवरात्र में सिद्ध कुंजिका का पाठ करें।

अगर बुध को दृढ़ करना हो, तो पक्षियों को बाजरा खिलाएं और हरी इलायची का सेवन करें।