Wednesday 24 November 2021 03:38 PM IST : By Ruby Mohanty

बालों को गजरे से सजाने के कुछ खास अंदाज

gajra-1

गजरे से बालों को सजाने की परंपरा पुरानी भले ही है, पर आज भी अगर शादी-ब्याह में दुलहन का शृंगार गजरे से ना हुआ, तो कुछ अधूरा सा लगता है। जानिए, गजरे की कुछ खुशबू भरी जानकारी-

कश्मीर से कन्याकुमारी तक फूलों से शृंगार की रस्मों का चलन आज भी है, क्योंकि सोलह शृंगार में गजरा भी शामिल है। सच कहें, तो दुलहनों का शृंगार गजरे के बिना अधूरा है। इससे जुड़ी रोचक बात यह है कि अगर युवती अपने दाएं कान के पीछे गजरा लगाती है, इसका मतलब वह सिंगल है। अगर बायीं ओर लगाती है, तो वह किसी को दिल दे चुकी है और उसकी शादी तय है। आप भी अगली बार किसी पार्टी में गजरा ट्राई करें। इसकी भीनी-भीनी महक से मन खुश रहता है। 

फूल जड़ा गजराः फूल जड़े गजरे में रजनीगंधा, मोगरा और थोड़े गुलाब का इस्तेमाल होता है। मोगरे के जाल से लंबी वेणी लपेटते हैं। 

बन पर गजराः मोगरे के डबल लेअर गजरे को हाफ मून बन के लोअर एंड पर लगाया जाता है। 

सिंगल बन पर गजराः बन पर मोगरे का जाल और बन के चारों ओर से डबल लेअर गजरा लगाएं। लूज पिन से गजरे को बन पर टिकाएं। 

साइड लो बनः लो बन से गॉर्जियस लुक आता है। चेहरा साफ-सुथरा लगता है। सोनम कपूर का गल मीठी मीठी बोल गीत... आपको याद होगा। 

gajra

हैंगिंग मोगरा गजराः मोगरे के गजरे को बन या वेणी के ऊपर पिन से लटका कर छोड़ दें। यह कान के पास से गरदन तक लटकता नजर आएगा। इससे बाल सिमटे और सुंदर दिखेंगे । 

क्रिस-क्रॉस गजराः लंबी चोटी में मोगरे के गजरे की लंबी लड़ी को क्रिस क्रॉस करके लपेटें। सोनम कपूर ने अपनी शादी में जो लंबी चोटी का हेअर स्टाइल बनाया था, उस पर मोगरे का गजरा लपेटा था। 

दक्षिण भारत में गजराः दक्षिण भारतीय शादियों में गजरा क्रॉस्सांड्रा या फायरक्रैकर नाम के हल्के नारंगी फूलों से तैयार होता है, जिसे वहां की महिलाएं रोज नहा कर बाल संवारने के बाद लगाती हैं। भीनी खुशबू वाले इस गजरे को रंग की वजह से युवतियां बहुत पसंद करती हैं।