Thursday 28 October 2021 04:56 PM IST : By Team Vanita

घर में लगाएं मेडिसिनल प्लांट्स

मेडिसिनल प्लांट्स से जीवन में हेल्थ के रंग भरें। सही तरीके से इनका इस्तेमाल करें, तो सेहत की चाबी हाथों में समझिए।

medicinal-3

लैवेंडर: यह फूल अपने रिलैक्सिंग गुणों के कारण मशहूर है। ऐसा माना जाता है कि अगर आपको गहरी नींद नहीं आ रही हो, तो इसे तकिए के नीचे रख कर सोएं। चैन की नींद आएगी। यह हिमाचल की पहाडि़यों में उगाया जाता है। इसे कंटेनर में भी लगा सकते हैं। इसके लिए 12 से 16 इंच गहरा कंटेनर सही रहेगा। लैवेंडर को भरपूर रोशनी, गमले में अच्छी ड्रेनेज, गरमी और बहती हुई हवा में रहना पसंद है। इसकी खूशबू तेज होने के कारण मक्खी, मच्छर, मॉथ जैसे कीट-पतंगे दूर रहते हैं।

फायदे: यह कुकीज और केक में इस्तेमाल होता है। इसकी सूखी कलियों को चाय में डाल कर पीते हैं। बाल झड़ने की समस्या दूर करता है। इसे घर में रखने से मच्छर पास नहीं फटकते हैं। यह डाइजेशन से जुड़ी समस्याओं को दूर करता है।

डैंडेलियन: इसकी सबसे बड़ी खासियत है कि यह पौधा बड़े आराम से कहीं भी उग सकता है। बीज से उगाने पर इसके पौधे 10 से 12 दिन में निकल आते हैं। इसमें पीले फूल लगते हैं।

medicinal-1

फायदे: डैंडेलियन टी पीने के ढेरों फायदे हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आप इसके कई कप पी लें। दिनभर में 2 कप पर्याप्त हैं। यह पोटैशियम का अच्छा स्रोत माना गया है। किडनी से टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करता है। कुछ लोग इसे सूप और सलाद में भी डालते हैं। डाइयूरेटिक होने के कारण हाई बीपी के मरीजों के लिए अच्छा है।

रोजमेरी: मासूम सा दिखने वाला यह पौधा ढेरों गुणों से भरा है। सालभर हरा-भरा होने से घर के सूने कोने को भी गुलजार कर देता है। इसमें बैंगनी रंग के फूल होते हैं। इसे लगाने के लिए टेराकोटा पॉट और बलुही मिट्टी का इस्तेमाल करें। इससे मिट्टी में ज्यादा नमी इकट्ठी नहीं होगी। इसे टहनियों की कटिंग और बीज से लगा सकते हैं।

medicinal-5

फायदे: एंटी ऑक्सीडेंट से भरपूर होता है। इसमें मौजूद एंटी इन्फ्लामेट्री यौगिक के कारण इम्यून सिस्टम दुरुस्त रहता है। इसका प्रयोग आपको अलर्ट रखता है। यह दिमाग को एकाग्र रखने के साथ ही बुद्धिमता बढ़ाता है।

अजवाइन: कुछ घरों के गार्डन में यह सजावटी पौधे के रूप में लगाया जाता है। इसके पत्ते देखने में बेहद खूबसूरत होते हैं। इनके पत्तों को मसलने पर अजवाइन की तेज खुशबू आती है। यह बहुत तेजी से फैलता है और एक बार आपके बगीचे में लग जाए, तो यह हमेशा के लिए जम जाता है। यह टहनी से आसानी से लग जाता है। 

medicinal-2

फायदे: इसके पत्तों को माउथ फ्रेशनर की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। इसका प्रयोग रायते और सलाद में भी करते हैं। इसके पत्तों की चाय बॉडी को डिटॉक्स करने का काम करती है।

वीटग्रास: वीटग्रास गेहूं के दाने का ताजा अंकुरित पौधा होता है, जो कई विटामिन्स और मिनरल्स का बेहतरीन स्रोत है। इसमें भरपूर मात्रा में एंटी ऑक्सीडेंट्स और पोषक तत्व होते हैं। इसमें मौजूद अमीनो एसिड हमारे लिए जरूरी हैं। 

medicinal-4

फायदे: माना जाता है कि इसके सेवन से कोलेस्ट्रॉल का लेवल नियंत्रण में रहता है।