Monday 24 May 2021 04:25 PM IST : By Nishtha

वंडर फ्रूट है फालसा

falsa-fruit

यों तो गरमियों का सीजन फल खाने का मौसम है ही, पर कुछ फलों का नाम लेते ही मुंह में मिठास और तन मन में तरावट घुल जाती है, फालसा ऐसा ही फल है। छोटे-छोटे मटर के दानों की तरह दिखने वाला नाजुक सा यह फल बेचने वाला जैसे ही आवाज लगाता है ठंडे मीठे फालसे, तो हर किसी का मन इसे खाने को बेकरार हो उठता है। गहरे जामुनी रंग के फालसे बेशक दिखने में नाजुक हैं, लेकिन ये कई गुणों की खान हैं। स्वाद में भरपूर होने के साथ ये सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद हैं। 

- गरमियों में लू चलने की वजह से अकसर पेट में गड़बड़ी की शिकायत रहती है। एंसाइक्लोपीडिया ऑफ वर्ल्ड मेडिसिनल प्लांट्स के मुताबिक फालसे का रस पेट की गरमी को शांत करके पेट दर्द और मरोड़ में राहत दिलाता है। यह आपका डाइजेस्टिव सिस्टम भी दुरुस्त करता है। फालसे के रस में थोड़ी सी भुनी अजवायन डाल कर पीने से इसका ज्यादा फायदा मिलता है।

- विटामिन सी से भरपूर होने के कारण इसे खासकर से आजकल अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए। हालांकि जिन्हें कफ, खांसी या गला खराब होने की शिकायत रहती हो, वे इन्हें कम मात्रा में और चीनी डाल कर खाएं, तो बेहतर रहेगा। हो सके, तो इन्हें ज्यादा देर तक फ्रिज में रख कर भी ना खाएं। 

- एंटी ऑक्सीडेंट्स से भरपूर होने के कारण फालसे कैंसर से बचाव में भी मदद करते हैं। यही नहीं दिन भर में आप जो भी टाॅक्सिक चीजें खाते हैं, फालसा उनके दुष्प्रभाव को दूर करने में बहुत मदद करता है।

- डाइबिटीज के जो रोगी ज्यादा शुगर कंटेंट के कारण आम, केला, तरबूज, नहीं खा पाते, फालसा उनके लिए बेहतरीन विकल्प है। इसका ग्लाइसिमिक इंडेक्स काफी लो होता है, इसलिए डाइबिटीज के रोगी बिना डरे इस फल को खा सकते हैं। इतना ही नहीं, यह हार्ट पेशेंट्स के लिए भी बहुत फायदेमंद हैं।

फालसे का शरबत बनाने का आसान तरीका

250 ग्राम फालसों को धो कर मिक्सी में चला लें। इन्हें इतना ही चलाएं कि इसकी गुठलियां ना पिस जाएं। फिर इसे मलमल के कपड़े या बड़ी छलनी से छान लें। अब इसमें थोड़ा सा पानी, स्वादानुसार चीनी या खांड, थोड़ा सा काला नमक और भुना जीरा मिलाएं। आप चाहें, तो इसे एक एअरटाइट कंटेनर में डाल कर फ्रीजर में जमा लें। फालसे की बर्फ तैयार है। फालसे की बर्फ बनाते समय इसमें पानी ना मिलाएं।