Wednesday 15 June 2022 04:54 PM IST : By Nishtha Gandhi

आयुर्वेद में बतायी गयी इन 20 बातों को अपनाएंगे तो बॉडी रहेगी कूल

body-cooling-1

गरमी का मौसम आया नहीं कि परेशानियां भी साथ चली आती हैं। गरमी के मारे शरीर में सुस्ती सी छा जाती है। ऐसे में अपने शरीर को कूल बनाए रखना जरूरी है, जिससे वह चुस्त और फुर्तीला बना रहे। इसके लिए आपको ज्यादा भागदौड़ भी नहीं करनी होगी। शरीर में ठंडक बनाए रखने के लिए हमें जिन चीजों की जरूरत होती है, वे हमारे आसपास ही मौजूद हैं। मौसम पर तो हमारा बस है नहीं, लेकिन खानपान और कुछ आदतों में बदलाव करके हम शरीर को कूल जरूर रख सकते हैं। वैद्य शकुंतला देवी के अनुसार गरमियों में इन बातों का ध्यान रखें-

1 गरमियों में पुदीने का सेवन करना बहुत फायदेमंद रहता है। पुदीने की तासीर ठंडी होती है, जो शरीर को ठंडा रखने में मदद करती है। आप इसकी चटनी बना कर खा सकते हैं। जूस में भी पुदीने की कुछ पत्तियां डाल कर उसकी तासीर ठंडी कर सकते हैं। आजकल पुदीने की चाय भी लोग बहुत पसंद करते हैं। गन्ने के रस में पुदीने की पत्तियों का रस मिलाने से उसका स्वाद तो बढ़ता ही है, शरीर को भी ठंडक पहुंचती है। 

2 गरमियों में शरीर को कूल रखने के लिए प्याज खाना भी जरूरी है। यह शरीर को ठंडक पहुंचाता है, साथ ही शरीर में विटामिन सी भी पहुंचाता है। यह शरीर के तापमान को नियंत्रित रखता है, इसलिए लू से भी बचाव करता है। गरमियों में सलाद के रूप में प्याज खाएं। अगर गरमी लग जाए, तो तुरंत आराम देने के लिए प्याज का रस पीने से आराम पहुंचता है।

3 खीरा खाने के फायदे तो हम सभी जानते हैं। इसमें पानी भरपूर मात्रा में होता है, जो शरीर में पानी की कमी नहीं होने देता है। इससे शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है और शरीर में ठंडक बनी रहती है। 

4 नारियल पानी पीने से शरीर तरोताजा हो उठता है। इसमें पाए जाने वाले विटामिन, मिनरल्स और इलेक्ट्रोलाइट्स शरीर में पानी की कमी नहीं होने देते हैं। इससे शरीर में गरमी का अहसास नहीं होता।

5 कैफीन युक्त पेय पदार्थ हमारे शरीर को गरमी देते हैं। ऐसे में अगर गरमियों में शरीर की ठंडक बरकरार रखनी है, तो इन पेय पदार्थों को कम से कम गरमियों में अपने से दूर रखें। इसकी जगह आप पिपरमिंट की आइस टी ले सकते हैं। पिपरमिंट में मौजूद मेंथॉल शरीर को ठंड का अहसास देता है। सौंफ की चाय भी शरीर को कूल रखती है।

6 तरबूज में 90% पानी होता है। इसका यही गुण हमारे शरीर में पानी की जरूरत को पूरा करता है। इस फल में एंटी ऑक्सीडेंट भी भरपूर मात्रा में होते हैं। ये हमारे शरीर में लंबे समय तक ठंडक बनाए रखते हैं।

7 इस मौसम में तले-भुने, मसालेदार खाने से परहेज करना अच्छा है, क्योंकि यह हमारे शरीर के तापमान को बढ़ाता है। इसकी जगह चने या जौ का सत्तू, बॉडी कूलर्स जैसे पाइनएपल या वॉटरमेलन क्रश जैसी चीजें आप ले सकते हैं।

8  ठंडे पानी में कुछ देर पैर डुबो कर रखने से भी शरीर को ठंडा रखा जा सकता है। ऐसा करने से गरमियों में शरीर को काफी आराम भी आता है। आप चाहें, तो पानी में पिपरमिंट तेल की कुछ बूंदें भी डाल सकते हैं। 

9 गरमियों में बेल जरूर खाना चाहिए। इसे चाहें, तो फल के रूप में खाएं या फिर इसका शरबत बना कर पिएं। इसे खाने से गरमियों के कारण होने वाली एसिडिटी की समस्या नहीं होती और पेट भी ठंडा रहता है।

10 कच्चे आम का पना इन दिनों हर घर में बनता है। अब यह बाजार में भी मिलने लगा है। लेकिन इसे घर में बना कर पिएं, तो यह ज्यादा फायदा करेगा। पना बनाते समय उसमें सूखा या ताजा पुदीना जरूर डालें। मिठास के लिए इसमें गुड़ डालें।

body-cooling-ideas

11सेलेब्रिटी डाइटीशियन रुजुता दिवेकर अकसर कारगर टिप्स शेअर करती रहती हैं। रुजुता के अनुसार, नीम के फूलों का शरबत गरमियों में आपको फ्रेश महसूस करवाता है और बॉडी से टॉक्सिंस भी बाहर निकालता है। इसे बनाने के लिए गुड़ को पानी में घोल लें। अब इस पानी में नीम के ताजे फूल डालें, इसमें अदरक, नमक, कच्चे आम के कुछ स्लाइस और थोड़ी सी कुटी काली मिर्च डाल लें। यह शरबत बॉडी को ठंडा रखने में बहुत मददगार है।

12गरमियों में मिर्च-मसाले तो कम खाने ही चाहिए, लेकिन खासतौर से गरम मसाला खाने में डालने से बचना चाहिए। अगर गरम मसाला डालना जरूरी लगे, तो इसमें हरी इलायची, जीरा, धनिए की मात्रा ज्यादा डालें। गरमियों में गरम मसाला पीस रही हों, तो जायफल, लौंग, मोटी इलायची की मात्रा कम रखनी चाहिए। 

13 शतावरी को आप अभी तक सिर्फ एक आयुर्वेदिक जड़ी बूटी ही मानते होंगे, लेकिन शतावरी शरीर को ठंडा रखने में बहुत मदद करती है। इसे पानी या दूध के साथ लें। यह महिलाअों को जरूर लेनी चाहिए।

14खस और गुलाब का शरबत भी अपने कूलिंग इफेक्ट के लिए गरमियों में खूब पिया जाता है। चाहें, तो इसका शरबत बना कर पिएं या फिर एक घड़े में साफ पानी भरें और और उसमें खस की जड़ डाल कर छोड़ दें। दिनभर इसी पानी को पिएं।

15रोज सुबह साबुत धनिए का पानी पिएं। धनिए की तासीर ठंडी होती है। यह थायराॅइड में भी फायदा करता है। इसे बनाने के लिए साबुत धनिए को हल्का सा कूट लें, ताकि इसके बीच का मगज निकल जाए। फिर एक चम्मच धनिए को एक मग पानी में भिगो दें। सुबह इसे छान कर पी लें। 

16 गरमियों में आम चाय को हर्बल टी से बदल दें। कैमोमाइल टी ना सिर्फ कई समस्याअों को दूर करती है, बल्कि बॉडी में सूदिंग इफेक्ट भी देती है।

17 बॉडी के कुछ खास प्रेशर पॉइंट्स होते हैं, इन पर ठंडा पानी या बर्फ मलने से बॉडी का टेंपरेचर फौरन कम होता है। जैसे कलाई, गरदन, चेस्ट और गाल।

अयूथवेदा के फाउंडर डाइरेक्टर डॉक्टर संचित शर्मा स्किन प्रॉब्लम्स के लिए दे रहे हैं खास टिप्स-

18 गरमियों में स्किन पर भी कई तरह की प्रॉब्लम्स पैदा हो जाती हैं, जैसे रैशेज और अोपन पोर्स। इन्हें दूर करने के लिए नीम एक गुणकारी तत्व है। इसमें एंटी बैक्टीरियल प्रॉपर्टीज होती हैं, जो स्किन को हेल्दी बनाती हैं। नीम और चंदन का पैक बना कर गरमियों में नियमित तौर पर लगाना चाहिए।

19 नागकेसर, चंदन, उशीरा और वेटिवर जैसे कसैले गुणों वाली जड़ी-बूटियों का उपयोग करने से आपको मुंहासों और अोपन पोर्स को कम करने में मदद मिलेगी।

20 गरमियों में एक्सफोलिएशन के लिए कुमकुमादी लगाएं और मंजिष्ठा में एंटी ऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जिसके नियमित इस्तेमाल से डेड स्किन निकलती है और टैनिंग दूर होती है।