Thursday 27 January 2022 12:37 PM IST : By Ruby Mohanty

कपल्स आपसी संबंधों में बेकरारी कैसे बनाए रखें

sex-life-3

जिम्मेदारियों ने अगर आपके वैवाहिक जीवन को भी नीरस या उबाऊ बना दिया है, तो अब समय है कि अपने दांपत्य में रोमांस का तड़का लगाएं। एक्सपर्ट की सलाह के साथ वनिता की ये बातें आपके प्यार में घोलेंगी थोड़ी शोखी और थोड़ी शरारत।

कई बार अपने पार्टनर के साथ मधुर रिश्ता होते हुए भी दूरी महसूस होती है। सेक्सोलॉजिस्ट इसकी मुख्य वजह सेक्सुअल बॉन्डिंग का मजबूत नहीं होना मानते हैं। दिल्ली के हैप्पी ट्री मेंटल हेल्थ अस्पताल के सेक्सोलॉजिस्ट डॉ. अनुनीत सब्बरबाल के मुताबिक सेक्स से शरीर में केमिकल रिएक्शन होता है, जो सेक्सुअल बॉन्डिंग को बेहतर करता है। इससे स्वास्थ्य भी सही रहता है और मन खुश रहता है। कुछ खास सलाह हैं, जिन्हें दंपती मान लें, तो उनकी सेक्सुअल लाइफ खुशनुमा होगी।

सेक्सुअल बॉन्डिग के लिए

- एक-दूसरे से सेक्स को ले कर अपनी कल्पनाएं और इच्छाएं शेअर करें। इसके अलावा ऐसी बातें और समस्याएं भी शेअर करें, जो आपके घर और दफ्तर से जुड़ी हुई हैं, जिन्हें आपको सुलझाने में परेशानी हो रही है। ऐसा करने से दिमाग में उलझनें दूर होंगी। दोनों का दिमाग रिलैक्स रहेगा और एक-दूसरे पर फोकस कर पाएंगे।

-  एक-दूसरे के स्पर्श को भी समझें। रोमानियतभरे रिश्ते के लिए हाथों में हाथ डाल कर चलना, घूमना, कभी बांहों में भरना ये सारी बातें हमेशा कारगर हैं।

- किसी भी विषय पर बात करें, पर बात करें। बात करने से रिश्ते में जीवंतता बनी रही है। अगर रिश्ते में खामोशी पसर जाए, तो रिश्ता उलझने लगता है और उदासी घिरने लगती है।

sex-life-2

- सरप्राइज डेट, सरप्राइज ट्रिप, रुचि के मुताबिक सोच-समझ कर खरीदा गया तोहफा। ऐसी छोटी-छोटी बातें हैं, जो रिश्ते में रोचकता बनाए रखती हैं।

क्या कहती है रिसर्च

साइकोलॉजिकल साइंस जरनल में प्रकाशित हुए एक शोध के मुताबिक सेक्स का आफ्टर इंपैक्ट 48 घंटे तक रहता है, जिसे ‘आफ्टर ग्लो’ कहते हैं। इस शोध के वैज्ञानिक एंड्रिया मेल्टजर के मुताबिक जिन कपल में सेक्स के बाद आफ्टर ग्लो अच्छा रहता है, उनमें अपने रिश्ते को लेकर बहुत संतोष रहता है। इसीलिए हेल्दी सेक्स लाइफ को सुखद वैवाहिक जीवन का आधार कहते हैं।

- कई बार कपल की संसर्ग में रुचि और इच्छा होती है, पर शरीर साथ नहीं देता। इस परेशानी की मुख्य वजह महिलाओं पर घर के काम का अतिरिक्त दबाव और पुरुषों में टेस्टोस्टेरॉन में कमी है। डाइटीशियन डॉ. शिखा शर्मा का मानना है कि कपल अपनी डाइट में मेथी, लहसुन, केला, उड़द की दाल जैसी चीजों को अपनाएं। बहुत जरूरी है कि डाइट में फैट्स की मात्रा कम करें। ट्रांस फैटवाले फूड को भी अपनी डाइट से दूर रखें।

- शरीर में ब्लड सर्कुलेशन सही होना चाहिए, इसीलिए रोजाना 30 मिनट के वर्कआउट को प्राथमिकता दें। फिटनेस एक्सपर्ट मनीषा चोपड़ा का कहना है, व्यायाम वजन को ही नहीं कंट्रोल करता है, बल्कि हारमोन्स को भी ठिकाने रखता है। मस्तिष्क में अच्छे हारमोन्स रिलीज होते हैं, जिससे चेहरे पर खुशी दिखती है और तन प्यार में डिमांडिंग रहता है। एक-दूसरे के आगोश में गुनगुने अहसास के साथ खिलखिलाने का मन करता है।

- दंपती अपनी लाइफस्टाइल को अनुशासित रखें। सही खाना और पर्याप्त नींद लेना जरूरी है, क्योंकि शरीर रिलैक्स होगा, तभी शरीर में प्यार की सिहरन महसूस होगी। वैसे एक्सपर्ट इसके विपरीत भी बात कहते हैं। रेगुलर सेक्स मन को रिलैक्स करता है। तनाव और घबराहट को दूर करता है। सेक्स से बॉडी में एंडोर्फिन और ऑक्सीटोसिन जैसे हारमोन्स रिलीज होते हैं। कुछ स्ट्रेस को मैनेज करनेवाले उपाय भी अपनाएं।

- एरिजोना स्टेट युनिवर्सिटी द्वारा बड़ी उम्र के दंपतियों के सेक्सुअल बिहेवियर पर शोध कराया गया, जिसमें पाया गया कि तनाव के बावजूद जिन दंपतियों ने सेक्स में रुचि दिखायी, उनके हारमोन्स का स्तर सही और सुख-दुख में संतुलन दिखायी देता है।

- संयुक्त हो या एकल परिवार, बच्चों की जिम्मेदारियों के बीच यंग पेरेंट्स का एक-दूसरे के लिए समय निकालना और रोमांस को बरकरार रखना वाकई टेढ़ी खीर है। बच्चों को उनकी रुचि के मुताबिक क्रिएटिव एक्टिविटी में मसरूफ रखें। इससे आप दोनों को समय मिलेगा।

बेडरूम फेंग शुई टिप्स

- बेडरूम में अलग-अलग प्रेमी परिंदों की तसवीर ना लगाएं। तसवीर या डेकोरेशन पीस एक साथ हों, इस बात का खयाल रखें।

sex-life-1

-  डांस करती डॉल्फिन का शोपीस हो, ताे अच्छा रहेगा। दांपत्य जीवन की खुशहाली के लिए डॉल्फिन फिश शुभ मानी जाती है, खासकर डांसिंग डॉल्फिन की की तसवीर दक्षिण-पूर्व दिशा में लगाना शुभ रहेगा।

- मैंडेरिन बतखें भी प्रेम का प्रतीक मानी जाती हैं। जोड़ी में इन बतखों की तसवीर या शोपीस दक्षिण-पश्चिम दिशा में रखें।

- सफेद घोड़ों की पेंटिंग भी तरक्की का संकेत देती है। घोड़े की तसवीर प्रेम संबंधों की मजबूती के लिए शुभ मानी जाती है।

- उत्तर-पश्चिम दिशा में सफेद रंग के 2 घोड़ों की तसवीर लगाएं। इससे पति-पत्नी के रिश्ते को मजबूती मिलेगी।