थायरॉइड के कई लक्षण हैं, उनमें से एक गले पर गांठें महसूस होना भी है। अगर ऐसा हो, तो थायरॉइड का टेस्ट कराएं। शरीर से जुड़ी और भी कई परेशानियों का हल बात रही हैं, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋतु सेठी -
प्रश्नः मेरी उम्र 40 साल है। पिछले कुछ सालों से मैं महसूस कर रही हूं कि मेरे गले में एक गांठ सामने की ओर उभर रही है। कई बार मन में आया कि कहीं यह ग्वॉइटर तो नहीं है। मुझे किस तरह की जांच करानी चाहिए? कृपया बताएं।
उत्तरः अगर आपको लग रहा है कि गले में सूजन है, तो थायरॉइड की परेशानी हाे सकती है। साथ में दूसरे लक्षण पर भी गौर करें। बहुत ज्यादा घबराहट होना, पसीना आना, जरूरत से ज्यादा वजन कम होना। आंखों में रोशनी कम होना, पीरियड्स लंबे समय तक चलने के अलावा अगर गले में परेशानी महसूस हो रही है, तो थायरॉइड चेक कराएं।
प्रश्नः मेरी बेटी की उम्र 8 साल है। उसको बहुत जल्दी पीरियड्स शुरू हो गए हैं। क्या मुझे किसी डॉक्टर को दिखाने की जरूरत है? कृपया सलाह दें।

उत्तरः आजकल बहुत सारे आनुवंशिक कारणों और शारीरिक व्यायाम कम होने की वजह से लड़कियों में माहवारी कम उम्र में शुरू होने लगी है। माहवारी जल्दी शुरू होने की सबसे बड़ी वजह है फैटी डाइट। डाइट में जितना ज्यादा फैट्स होगा, वह हारमोंस में कन्वर्ट हो जाता है, इसीलिए कई बार समय से पहले पीरियड्स शुरू हो जाते हैं। एक बार अगर पीरियड्स शुरू हो जाए, तो लड़की को बैलेंस डाइट दें। ऐसी स्थिति में हीमोग्लोबिन डाउन होता है। थायरॉइड भी चेक कराएं।
प्रश्नः मेरी उम्र 32 साल है। पिछले 3 साल से मुझे रात को बहुत मुश्किल से 3 घंटे की नींद आती हैं। पहले कभी-कभी ऐसा होता था। अब ऐसा लगातार ऐसा होने लगा है। क्या मुझे किसी डॉक्टर को दिखाने की जरूरत होगी? कृपया बताएं।
उत्तरः नींद ना आने की बहुत सारी वजह होती हैं, जिसमें से खास वजह तनाव है। यह चेक करें कि आपका स्ट्रेस लेवल ज्यादा तो नहीं है। जरूरत से ज्यादा सोचने की परेशानी तो नहीं है। काम की परेशानी तो नहीं है। अगर आनेवाले समय में भी नींद की परेशानी बनी हुई है, तो किसी मनोचिकित्सक से भी सलाह लेने की जरूरत पड़ेगी। ये डिप्रेशन के लक्षण भी हो सकते हैं। एक्सरसाइज करें, क्योंकि इससे शरीर के हैप्पी हारमोंस रिलीज होते हैं और नींद अच्छी आती है।
प्रश्नः मेरी उम्र 27 साल है। डॉक्टरी जांच करने के बाद मालूम चला कि मुझे इनफर्टिलिटी की समस्या है। मैंने आईवीएफ और सरोगेसी के बारे में पढ़ा है। क्या इन सबसे बेबी बर्थ किया जा सकता है? कृपया कुछ ऑप्शन बताएं।
उत्तरः कई बार देखा जाता है कि पति-पत्नी दाेनों में इनफर्टिलिटी की दिक्कत होती है और कई बार दोनों में कोई परेशानी नहीं होती, पर फिर भी इनफर्टिलिटी की समस्या होती है। इस स्थिति को अनएक्सप्लेन्ड इनफर्टिलिटी कहा जाता है। अगर ऐसा होता है, तो दूसरे ऑप्शन ट्राई करें। एक ऑप्शन है आईयूआई। इसमें पति का सीमेन आर्टिफिशियली फीमेल बॉडी में डाला जाता है। दूसरा है आईवीएफ, जिसमें मेल के स्पर्म और फीमेल के एग्स को टेस्ट ट्यूब में इन्फ्यूज करके वापस फीमेल बॉडी में डाल दिया जाता। अगर यूटरस में कोई परेशानी है, तो सरोगेसी अपना सकती हैं। बेबी बर्थ करने के ऑप्शन ट्राई करने में देरी ना करें।
नसबंदी के बाद की टेंशन
नसबंदी किसी भी उम्र में कराएं, कुछ बातों का हमेशा ध्यान रखें। यह जान लें कि नसबंदी करने के बाद कभी भी वजन बढ़ने की समस्या नहीं होती। अकसर नसबंदी के बाद महिलाएं लंबे समय तक पूरी तरह से बेड रेस्ट करती हैं, उन्हें लगता है कि टांके खुल जाएंगे या उनके शरीर में कुछ हो गया है, उन्हें सोने की जरूरत है। बहुत ज्यादा तेलयुक्त खाना और एक्सरसाइज से जी चुराने से भी वजन बढ़ने लगता है। अपने डाइट पैटर्न में फेरबदल करें। यह बात दिमाग से निकाल दें कि टांके टूट जाएंगे।