जींस में अपने पैरों और थाईज को सुंदर दिखाने के लिए सिर्फ कुछ सिंपल एक्सरसाइज रोजाना करें। इन्हें सप्ताह में 3 बार करें और रोजाना स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज भी करें।
एक्सरसाइज 1ः फर्श पर बायीं करवट ले कर लेटें। बाएं पैर को फर्श पर टिकाए रखते हुए दाएं पैर को स्ट्रेच करके आगे ले जाएं और पंजे से फर्श छूने की कोशिश करें। अब इस पैर को सीधा करके ऊपर उठा लें। कुछ सेकेंड रुक कर पैर नीचे कर लें। अब बाएं पैर से इसे दोहराएं। इसे 10 बार करें।
एक्सरसाइज 2ः बाएं घुटने को मोड़ते हुए उसी के सहारे फर्श पर बैठ जाएं और बाएं पंजे को पीछे की ओर मोड़ लें। बाएं हाथ को सहारे के लिए फर्श पर टिका लें। दाएं पैर को सीधा करें और धीरे-धीरे पैर ऊपर उठाएं। अब कम से कम 6 बार पैर को आगे की तरफ ले कर आएं और फिर 6 बार पीछे की ओर ले जाएं।
एक्सरसाइज 3ः लंबे समय तक बैठे रहने से हिप मसल्स जकड़ जाती हैं और इस वजह से घुटनों और कमर में दर्द होने लगता है। इसके लिए बॉडी को स्ट्रेच करें। खड़ी हो कर दाएं पैर को बाएं पैर के आगे क्रॉस कर लें। बायां हाथ सिर के ऊपर ले आएं और गहरी सांस भरते हुए धीरे-धीरे बायीं ओर झुकें। 30 सेकेंड रुक कर सीधी हो जाएं। अब दूसरी तरफ से यह एक्सरसाइज दोहराएं।
एक्सरसाइज 4ः दोनों पैर खोल कर खड़ी हो जाएं। बाएं पैर को जितना हो सके दाएं पैर के पीछे ले जाएं। साथ ही दायां हाथ स्ट्रेच करें और बायां हाथ भी पीछे ले जाएं और बायीं ओर थोड़ा सा मुड़ें। सीधी हो जाएं। अब दूसरे पैर से यह एक्सरसाइज करें। इसे कम से कम 20-30 बार करें।
एक्सरसाइज 5ः फर्श पर दोनों पैर खोल कर खड़ी हो जाएं। अब घुटने मोड़ते हुए नीचे बैठें। फर्श पर पूरी तरह से नीचे नहीं बैठना है। जब आप दो तिहाई नीचे की ओर झुक जाएं, तो हाथ ऊपर करते हुए खड़ी हो जाएं। इसे फिर से दोहराएं।
एक्सरसाइज 6ः दोनों पैरों को जोड़ कर खड़ी हो जाएं। घुटने मोड़ें और शरीर के निचले भाग को पीछे की ओर पुश करें और नीचे बैठें। थाईज फर्श के समानांतर होनी चाहिए। जब पूरी तरह से नीचे बैठ जाएं, तो अपने धड़ को दायीं ओर घुमाएं और बायीं कोहनी को दाएं घुटने पर रखें। कुछ देर रुकें और फिर पहली स्थिति में आ जाएं।
एक्सरसाइज 7ः पैरों की टोनिंग के लिए लंजेस करें। इसके लिए एक पैर को आगे ले जाएं और एक पैर पीछे रखें। एडि़यां फर्श पर टिकाएं। अब दोनों एडि़यों को एक साथ फर्श से उठाएं और फिर नीचे टिकाएं। इस तरह से 10 बार करें। इस दौरान आपका शरीर बिलकुल सीधा होना चाहिए।
- पैरों की एक्सरसाइज करने के दौरान अकसर घुटनों में दर्द की शिकायत हो जाती है। इसलिए सही एक्सपर्ट की राय ले कर सही तरीके से एक्सरसाइज करना जरूरी है।
- अगर घुटने मोड़ कर फर्श पर बैठने से घुटनों में दर्द रहने लगता हो, तो कुछ समय के लिए यह व्यायाम ना करें।
- जो लंबे बहुत देर तक बैठ कर काम करते हैं, उन्हें हर थोड़ी देर में कुरसी से उठ कर कुछ कदम चलना चाहिए।