सूजी मोदक
सामग्री: 1 कप सूजी, 1 कप दूध, 2 बड़े चम्मच देसी घी, 10-12 बादाम कटे हुए, 10-12 पिस्ता बारीक कटे हुए, 6-7 इलायची पाउडर, 1 बड़ा चम्मच चीनी का बूरा और थोड़े से केसर के धागे।

विधि: पैन गरम करें। घी में सूजी को भून लें। दो छोटे चम्मच दूध में केसर भिगो दें। सूजी में थोड़ा-थोड़ा दूध डालती जाएं। अंत में केसरवाला दूध भी डाल दें। आंच से उतार कर ठंडा करें। पैन में बादाम-पिस्ता भून लें। इसमें इलायची पाउडर और चीनी मिला कर भरावन तैयार कर लें। तैयार सूजी से पेड़े बनाएं। प्रत्येक पेड़े में भरावन थोड़ा-थोड़ा भर लें। इसे सांचे में डालें और मोदक की शेप उभरने पर इसे निकाल लें।
मैंगो मोदक

सामग्री: 200 ग्राम या 1 टिन कंडेंस्ड मिल्क, 3 बड़े चम्मच सूखा नारियल कसा हुआ, 2 आम की फ्रेश प्यूरी और 3 बड़े चम्मच ड्राई फ्रूट पाउडर।
विधि: पैन में नारियल भून कर निकाल लें। मैगो प्यूरी को 2 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। इसमें कंडेंस्ड मिल्क मिलाएं। ड्राई फ्रूट पाउडर डालें। पूरी तरह सूखने तक पकाएं। इसे ठंडा होने दें। मोदक मोल्ड में इसे भरें और मोदक की शेप उभरने के बाद इसे निकाल दें।
उकडीचे मोदक

सामग्रीः 1 कप गरम पानी, कुछ बूंदें कुकिंग अॉइल, स्वादानुसार नमक, और 1 कप चावल का आटा।
भरावन के लिएः 1 छोटा चम्मच देसी घी, 1 कप ताजा नारियल, 1/2 कप गुड़, 5-6 इलायची पाउडर और चुटकीभर जायफल पाउडर। नारियल काे भून लें।
विधिः गरम पानी में कुछ बूंद कुकिंग अॉइल, नमक व चावल का आटा मिला कर 15 मिनट तक रखें। फिर इसे आटे जैसा गूंध लें। छोटे बॉल्स बनाएं। नारियल और गुड़ को मिला लें। बॉल्स में भरावन डालें और मोदक की शेप बनाएं। तैयार मोदक को 20 मिनट तक भाप में पकाएं। घी ऊपर से डाल कर परोसें।
चॉकलेट मोदक

सामग्रीः 250 ग्राम डार्क चॉकलेट, 100 ग्राम खजूर, 2 छोटे चम्मच बादाम की हवाइयां, 2 छोटे चम्मच काजू की हवाइयां और 1 बड़ा चम्मच बटर।
विधिः चॉकलेट को सबसे पहले डबल बॉयलर विधि से पिघला कर आंच से उतार लें या माइक्रोवेव में चॉकलेट पिघला लें। पैन में घी डालें फिर काजू व बादाम डाल कर 1-2 मिनट तक भूनें। इसमें चॉकलेट का पेस्ट और बटर डाल कर अच्छी तरह मिला कर आंच बंद कर दें। इस भरावन को मोदक के सांचे में डाल कर फ्रीजर में रखें। कुछ देर बाद फ्रीजर से निकाल कर परोसें।
पान मोदक

सामग्री: 1 कप सूखा नारियल, 5 पान के पत्ते, 2 छोटे चम्मच गुलकंद, 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर और 1 छोटा चम्मच देसी घी।
विधि: पान को साफ पानी से धो कर सुखा लें और छोटा-छोटा काट लें। मिक्सी में चीनी और पानी डाल कर पेस्ट तैयार कर लें। घी गरम करें और सूखा नारियल भूनें। इसमें पान का पेस्ट, इलायची पाउडर व गुलकंद डाल कर 1 मिनट तक भून लें और प्लेट में निकाल कर ठंडा कर लें। अब तैयार मिश्रण से मोदक तैयार कर लें। इसे मोदक के सांचे में भर कर निकाल लें।
नोट: गुलकंद बनाने के लिए 20-25 देसी गुलाब की पंखुडि़यां और 1 कप चीनी मिला कर 2 दिन धूप दिखाएं। इलायची व लौंग का पाउडर भी मिक्स कर सकती हैं।