Thursday 22 July 2021 10:00 AM IST : By Anu

सांवली रंगत और स्किन केअर

dusky-skin-care

स्किन टोन सांवली है, तो खास केअर करें, जिससे त्वचा स्वस्थ दिखे और मेकअप में स्किन का टेक्सचर स्मूद दिखे। डस्की स्किन की केअर कैसे करें, आइए जानें ब्यूटी एक्सपर्ट सोमाली अधिकारी से-

- दिन  में एक बार बेसन और दूध का घोल बना कर चेहरे और गरदन पर लगाएं। इससे सांवली तैलीय त्वचा निखरेगी।

-  हफ्ते में तीन बार मिल्क एंड हनी स्किन टोनर लगाएं। इसके लिए कच्चे दूध में 2-3 बूंदें शहद की मिलाएं और रुई डुबो कर चेहरे और गरदन पर लगाएं। त्वचा रूखी है, तो इसके रेगुलर इस्तेमाल से रूखापन दूर होगा। चेहरे पर असमय पड़नेवाली झुर्रियां भी दूर होंगी।

- बदरंग त्वचा हो, तो दही, हल्दी और जौ का आटा मिक्स करके लगाएं।

- संतरे के छिलकों को सुखा कर उसका पाउडर बना लें। इसमें मुलतानी मिट्टी और बेसन मिला कर चेहरे पर 15 मिनट तक लगा रहने दें। फिर गुनगुने पानी से चेहरा धो लें। त्वचा चमकती नजर आएगी।

- रात  को कुछ बादाम दूध में भिगो कर रखें। सुबह छिलका उतार कर इन्हें बारीक पीस लें। इसमें 1 चम्मच संतरे का रस डाल कर लेप की तरह चेहरे पर लगाएं। 15 मिनट के बाद धो लें।

- एलोवेरा का ताजा पल्प लें। इसमें भीगे हुए बादाम का पेस्ट मिला कर चेहरे पर लेप लगाएं और 1/2 घंटे के बाद धो लें।

- गुलाब के फूलों को पीस कर इसमें 2 या 3 बूंदें ग्लिसरीन की डालें और थोड़ा सा दूध मिला कर पैक तैयार करें। इसे चेहरे पर 15 मिनट तक लगा कर रखें और फिर धो लें।