Tuesday 15 March 2022 04:46 PM IST : By Anu

स्ट्रॉबेरी से पाएं हसीन त्वचा

strawberry

स्ट्रॉबेरी फ्रूट पोटैशियम और विटामिन सी वजह से हेल्थ के लिए ही नहीं, स्किन के लिए भी काफी फायदेमंद है। यह ना सिर्फ यूवी रेज से डैमेज हुई स्किन को ठीक करता है, बल्कि इसमें मौजूद एंटी ऑक्सीडेंट आंखों की सूजन, दांतों की सफेदी, कॉम्पलेक्शन की केअर व स्किन की डीप क्लीनिंग करने के साथ नाखूनों को स्वस्थ और स्किन को मुलायम रखता है। इसमें कोलेजन प्रोटेक्टिंग एंटी ऑक्सीडेंट होते हैं। यह स्किन को रिजुविनेट करता है। गरमियों में खासकर इससे आइस क्यूब फेशियल करते हैं। यह एंटी एजिंग का काम भी करता है। तो क्यों ना इस बार स्ट्रॉबेरी से फेस क्लीनिंग करें। 

फेस क्लींजिंग

आपको चाहिएः 2-3 स्ट्रॉबेरी, 1/2 नीबू का रस और 1/2 छोटा चम्मच शहद। 

कैसे लगाएंः स्ट्रॉबेरी की प्यूरी बनाएं। अगर स्किन ऑइली है, तो स्ट्रॉबेरी प्यूरी में नीबू का रस मिलाएं, चेहरे पर लगाएं और 5 मिनट के बाद धो लें। स्किन अगर ड्राई है, तो फ्रेश स्ट्रॉबेरी प्यूरी में शहद मिलाएं। चेहरे और गरदन पर लगाएं और 10 मिनट के बाद ठंडे पानी से धो लें।

क्या है लाभः स्ट्रॉबेरी में विटामिन सी और अल्फा हाइड्रोऑक्जैलिक एसिड होने की वजह से ये डेड सेल्स को रिमूव करते हैं और स्किन को फ्रेश लुक देते हैं। जबकि ओमेगा 3 फैटी एसिड की वजह से स्किन टोन लाइट होती है। आंखों के नीचे काले घेरे कम हो जाते हैं। इससे स्किन टेक्सचर इंप्रूव होती है। एक्ने के दाग भी इस होममेड क्लींजिंग से धीरे-धीरे दूर हो जाते हैं। 

फेस टोनर

आपको चाहिएः 2-3 स्ट्रॉबेरी और 100 मि.ली. रोज वॉटर, 1 टुकड़ा तरबूज और 1/4 नीबू का टुकड़ा। 

कैसे लगाएंः स्ट्रॉबेरी की प्यूरी बनाएं। इसमें रोज वॉटर मिला कर छान लें। फेस क्लींजिंग करने के बाद चेहरे पर तैयार स्ट्रॉबेरी टोनर लगाएं। 15 मिनट के बाद धोएं और थपथपा कर सुखा लें। सामान्य त्वचा के लिए स्ट्रॉबेरी टोनर बनाते समय रोज वॉटर की जगह इसमें तरबूज का रस मिला सकती हैं। बहुत ऑइली स्किन होने पर टोनर में नीबू का रस मिलाएं। 

क्या है लाभः होममेड स्ट्रॉबेरी फेस टोनर के कई फायदे हैं। इसमें मौजूद एंटी ऑक्सीडेंट की वजह से यह स्किन 
की महीन झुर्रियां, महीन रेखाएं और ड्राईनेस दूर करता है। इतना ही नहीं, इस टोनर में मौजूद रोज वॉटर से समर रैशेज, कॉम्बिनेशन स्किन की परेशानी, दाग-धब्बे दूर होते हैं। इस होममेड टोनर को सुबह और शाम दोनों वक्त इस्तेमाल कर सकती हैं। 

फेस स्क्रब

strawberry-1

आपको चाहिएः 3 से 4 स्ट्रॉबेरी, 1/2 कप दही, 1/4 कप जौ का आटा और 1/2 छोटा चम्मच शहद। अगर स्ट्रॉबेरी बॉडी स्क्रब तैयार कर रही हैं, तो इसके लिए स्ट्रॉबेरी को मैश करें। इसमें चीनी का बूरा मिलाएं। कोकोनट ऑइल या दो बूंद वनिला एसेंस डाल कर मिक्स करें। 

कैसे लगाएंः त्वचा को साफ करें और गुलाबजल स्प्रे करके थपथपा कर सुखा लें। त्वचा पर लगाएं और 3-4 मिनट तक हल्के हाथ से रगड़ते हुए स्क्रब करें। नहा लें और बॉडी लोशन लगाएं। 

क्या है लाभः स्ट्रॉबेरी से तैयार फेस स्क्रब या बॉडी स्क्रब दोनों ही फायदेमंद है। स्क्रब बनाने के लिए मैश स्ट्रॉबेरी में 2 बूंद शहद, दही और जौ का आटा मिक्स करें। इसे चेहरे और बॉडी पर लगाएं। इससे चेहरे पर लगाने पर डेड स्किन निकलेगी और स्किन रिजुविनेट होगी। बॉडी पर लगाने पर खासतौर पर हाथ और पैरों पर लगाने से स्किन की इनग्रो हेअर की समस्या दूर होगी। स्किन पहले की तुलना में स्मूद दिखेगी। 

फेस पैक

क्या चाहिएः 3 से 4 स्ट्रॉबेरी, 1 अंडा, 1 छोटा चम्मच शहद और 1/2 छोटा चम्मच नीबू का रस। 

कैसे लगाएंः अंडे का सफेद हिस्सा, शहद, नीबू का रस सभी को मिला कर पेस्ट बनाएं। चेहरे पर 30 मिनट तक लगा कर रखें।

क्या है लाभः स्ट्रॉबेरी में सैलिसेलिक और एएचए एसिड दोनों ही एक्ने फाइटिंग एसिड हैं। शहद में एंटी बैक्टीरियल गुण होते हैं। जो बैक्टीरिया से फाइट करने और ब्रेकआउट को कम करने का काम करते हैं। नीबू में एस्ट्रिंजेंट गुण होने की वजह से यह झांइयों को दूर करता है। जबकि अंडे में फाइन लाइंस को दूर करने के गुण होते हैं। इसी तरह आप अन्य स्ट्रॉबेरी पैक भी बना सकती हैं। चौथाई कप स्ट्रॉबेरी का पेस्ट, 1 बड़ा चम्मच जौ का आटा, 1 बड़ा चम्मच मुलतानी मिट्टी और 1/2 छोटा चम्मच रोज वॉटर लें। सभी को मिक्स करें और इस्तेमाल में लाएं। स्ट्रॉबेरी में नेचुरल फोलेट व इलैजिक एसिड होते हैं, जो एंटी ऑक्सीडेंट हैं। ये डेमैज स्किन को ठीक करते हैं और नयी कोशिकाएं बनाते हैं।