Wednesday 23 September 2020 04:29 PM IST : By Ruby Mohanty

जब लगानी हो डार्क लिपस्टिक

dark-lip-colour-2

डार्क लिप कलर को होंठों पर परफेक्ट तरीके से लगाना थोड़ा मुश्किल जरूर है। डार्क लिप कलर अगर सही तरीके से नहीं लगाया जाए, तो होंठाें की शेप ही नहीं, बल्कि अापका पूरा लुक ही बदल जाता है। डार्क लिप कलर लगाने से पहले होंठों को एक्सफोलिएट करना, मॉइश्चराइजिंग करना जरूरी है। स्मूद लिप्स पर ही लिप शेड अच्छा दिखेगा।

लिप एक्सफोलिएशन


सबसे पहले इस बात का ध्यान रखें कि होंठों का एक्सफोलिएशन सही ढंग से हो। इससे होंठों का सॉफ्ट लुक अाएगा। अाप होममेड लिप स्क्रब का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए कोकोनट अॉइल अौर चीनी का बूरा मिलाएं अौर होंठों पर लगा कर बहुत ही हल्के हाथ से मलें। अकसर गलत लिप कलर लगाने से कुछ ही समय में होंठ रूखे लगने लगते हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए खूब पानी पिएं। फेस में जो भी स्क्रब कर रही हैं, उसे होंठों पर भी लगाएं। इससे डेड स्किन निकल जाएगी अौर होंठों का कालापन भी दूर होगा। उसके बाद लिप बाम लगाएं। घर में लिप स्क्रब बनाने के लिए बादाम का पाउडर, दही अौर शहद मिक्स करें अौर होंठों पर लगाएं।

मॉइश्चराइजिंग       


होंठों पर मॉइश्चराइजिंग बाम लगाएं। इससें होंठों पर पपड़ी नहीं जमेगी। होंठों पर डार्क लिप कलर तभी अच्छा लगेगा, जब होंठ स्मूद दिखेंगे। डार्क लिप कलर लगाने पर लिप लाइनर लगाने की जरूरत होती है। इससे लिप कलर स्मज नहीं होगा अौर होंठों के अासपास नहीं बहेगा। डार्क लिप शेड बहुत खूबसूरत दिखे, इसके लिए जरूरी है लिप पर हाइड्रेटिंग लिप बाम लगाएं।
होंठों की महीन रेखाअों से उम्र दिखने लगती है। इसके लिए होंठों पर रातभर लिप सीरम लगाए रखें। इससे बदरंग होंठों की दशा सुधरेगी। अगर घर से बाहर ज्यादा देर तक रहती हैं, तो होंठों पर भी सनस्क्रीन लगाएं।  
हैलोरॉनिक एसिड अौर विटामिन ई युक्त लिप मास्क का इस्तेमाल होंठों को मुलायम अौर गुलाबी बनाए रखता है। अगर अापको लिप मास्क नहीं मिलता है, तो अाप खुद भी अपने लिए लिप मास्क बना सकती हैं। इसके लिए शहद, देसी घी अौर चुटकीभर इलायची पाउडर मिलाएं अौर होंठों पर लगाएं। कुछ देर बाद धो लें।

लिप शेड का चयन

dark-lipstick


लिप शेड को चुनते समय इस बात का ध्यान रखें कि हर शेड हरेक के होंठाें पर एक सा लुक नहीं दे सकता है। अगर अाप पहली बार डार्क शेड लगाने जा रही हैं, तो वही शेड लगाएं, जो अापके कॉम्प्लेक्शन पर सूट करता हो। अगर अाप गेहुंए रंग की हैं, तो वॉर्म लिप कलर्स का इस्तेमाल करें। सांवले रंग की युवतियां गहरे रंग के लिप शेड का इस्तेमाल कर सकती हैं। मैरून, डार्क कॉफी अौर रस्ट कलर का प्रयोग करें। डार्क लिप कलर देर तक अापके होंठों पर टिका रहे, इसके लिए होंठों पर सबसे पहले फाउंडेशन का एक कोट करें। इससे होंठों का रंग न्यूट्रल होगा। उसके ऊपर अाप डार्क लिप कलर लगा सकती हैं। डार्क कलर की लिप पेंसिल लगाएं, जिससे लिप कलर फैलने से बचा रहता है। अाप चाहें, तो बारीक लिप ब्रश का भी प्रयोग कर सकती हैं। डार्क कलर की लिक्विड लिपस्टिक भी देर तक टिकी रहेगी। जब भी लिप कलर लगाएं, अांखों का मेकअप बहुत डार्क ना करें। इससे चेहरे पर मेकअप का अोवरडोज लगेगा।

लिप प्लम्पर


अाजकल युवतियों में बिना किसी सर्जरी के लिप को भरा-भरा यानी फुलर लिप्स दिखाने का चलन है। कॉस्मटिक लिप प्लम्पर 2 तरह के होते हैं। पहला एक छोटा वैक्यूम डिवाइस होता है, जो एक तरह से सक्शन कप की तरह इस्तेमाल किया जाता है अौर दूसरा कॉस्मेटिक प्रोडक्ट बेस की तरह प्रयोग किया जाता है। होंठों पर वैक्यूम डिवाइस लगाया जाता है। इससे होंठों का ब्लड सर्कुलेशन अच्छा हो जाता है, उनका रंग गुलाबी हो जाता है अौर वे भरे-भरे दिखने लगते हैं। इसके ऊपर डार्क लिप कलर लगाएं। ऊपर से क्लीअर ग्लॉस लगाएं ।