Wednesday 23 June 2021 03:39 PM IST : By Anu

मास्क पहना है तो क्या मेकअप से आंखों को हाइलाइट करें

mask-eye-makeup

लिपस्टिक की शौकीन युवतियों को अपने मेकअप में इस साल थोड़ा सा बदलाव करना होगा, क्योंकि मेकअप इंडस्ट्री इस साल मास्क लगाने की जरूरत और सोशल फंक्शन, पार्टी, गेट टूगेदर पर बंदिश को देखते हुए अब आई मेकअप पर फोकस कर रही है। तरह-तरह के मास्क पहनें और आंखों के मेकअप को हाईलाइट करें। ऑफिस में मास्क पहनना जरूरी है। मास्क से लगभग आधे से ज्यादा चेहरा ढका होने की वजह से फाउंडेशन, ब्लश ऑन और लिपस्टिक लगाना बेवजह साबित हो रहा है। इसीलिए ऑफिस गोइंग वुमन के लिए स्मजप्रूफ आई मेकअप का ही ऑप्शन बचता है, जिससे वह अपनी ब्यूटी को उभार सके। लिपस्टिक से मूड लिफ्ट होता है। यह जल्द ही ढेर सारे शेड्स के साथ मेकअप बाजार में अपनी धाक जमाएगा, लेकिन अभी तो काजल, आई लाइनर, आई शैडो और मस्कारे का दौर है। लेकिन मास्क के साथ आई मेकअप करने में आप कितना कंफर्टेबल हैं, पहले यह जान लें।

मास्क के साथ आई मेकअप कितना सही: गरमी में मास्क के साथ आई मेकअप ना लगाने की सलाह दी जाती है। पारस हॉस्पिटल, गुरुग्राम के आई स्पेशलिस्ट डॉ. ऋषि भारद्वाज के मुताबिक महिलाएं मेकअप लगाना यथासंभव अवॉइड करें। आईलैशेज हमारे आई पोर्स से निकलते हैं। अगर काजल या लाइनर लगाते हैं, तो पोर्स हफ्तों तक ब्लाक हो जाते हैं। आंखों में कई तरह की एलर्जी हो जाती है। कई महिलाएं कहती हैं कि हम ब्रांडेड आई प्रोडक्ट यूज करती हैं, स्मजप्रूफ आई मेकअप लगाती हैं। पर उन्हें यह नहीं मालूम कि स्मजप्रूफ आई मेकअप रिमूवर से भी आसानी से नहीं हटता। आंखों में जलन और ड्राईनेस की समस्या भी होती है। बेहतर है कि मास्क लगाते समय आई मेकअप ना करें, क्योंकि मास्क से चेहरे और आंखों के नीचे पसीना आता है। ऐसे में मेकअप बिगड़ेगा ही और झंझट महसूस होगा।

कैसे करें आई मेकअप: मास्क के साथ आई मेकअप आंखों में परेशानी पैदा कर सकता है। इसीलिए अगर बहुत जरूरी समझती हैं, तो इस बार आंखों का मेकअप कुछ अलग अंदाज से करें। सबसे पहले अपनी स्किन टाइप के मुताबिक आई मेकअप प्रोडक्ट चुनें। अगर आंखों के आसपास की त्वचा ऑइली है, तो पाउडर आई शैडो ही लगाएं। ट्रांस्पेरेंट मस्कारा लगाएं। लोअर लैश लाइन पर काजल लगाने से बचें। कम उम्र की युवतियां कलरफुल आई पेंसिल अपर आईलिड पर लगा सकती हैं। इससे मेकअप आंखों के अंदर नहीं जाएगा और ना ही ईचिंग की समस्या होगी। अगर मास्क लगा कर धूप में ट्रेवल करना है, तो आंखों को बिना मेकअप के ही रखें। इसके अलावा सनग्लासेज अच्छा ऑप्शन है। इसे लगाने के बाद बाहर जाने पर आई मेकअप की जरूरत नहीं होगी। आप स्मार्ट ट्रांजिशन ग्लासेस भी पहन सकती हैं। फोटोक्रोम ग्लासेस भी आई मेकअप की जरूरत को कम करते हैं।

क्या रखें सावधानियां: अगर कुछ देर के लिए भी आपको मास्क के साथ मेकअप करना है, तो ध्यान रखें कि आंखों के नीचे आई पेंसिल ना लगाएं। इससे यह आंखों के नीचे तक फैल जाएगी और आंखें सुंदर नहीं दिखेंगी। अच्छा होगा कि चेहरे पर लाइट फेस पाउडर लगाएं। अपर आईलिड पर काजल लगाएं और हेवी आई मेकअप करने से बचें। मास्क लगाने के बाद चेहरे पर हल्की भाप बनेगी और पसीना आएगा। आई मेकअप की वजह से आंखों में ईचिंग होने की आशंका बनी रहेगी। कॉटन के वॉशेबल मास्क पहनें, तो अच्छा है। इससे चेहरे को आराम मिलेगा, त्वचा सांस लेगी और आई मेकअप कंफर्टेबल दिखेगा।