Wednesday 14 February 2024 12:07 PM IST : By Manish Malviya

वेलेंटाइंस डे पर किस राशि को क्या गिफ्ट दें

2365614379

वेलेंटाइंस डे पर कपल्स एक-दूसरे को गिफ्ट जरूर देते हैं। अगर आप अपने साथी को उसकी राशि के अनुरूप गिफ्ट देते हैं, तो यह आपके संबंधों को और भी ज्यादा मधुर बनाएगा। साथ ही यह भी जानें कि वेलेंटाइंस डे पर कौन सी चीजें एक-दूसरे को नहीं देनी चाहिए। बता रहे हैं न्यूमेरोलॉजिस्ट व टैरो कार्ड रीडर मनीष मालवीय-

मेष राशि: मेष राशि के साथी को गुलाब का फूल दें। ऐसा ग्रीटिंग कार्ड दें, जिसमें अच्छा रोमांटिक मैसेज लिखा हो। गुलाबी, गोल्डन, नारंगी रंग की वस्तुएं या कपड़े दे सकते हैं। गुड़ से बनी मिठाई खिलाएं। किसी एडवेंचरस जगह पर साथ घूमने भी जा सकते हैं।

वृष राशि : इस राशि के साथी को चमेली का फूल या सफेद, खाकी, ब्राउन रंग के फूल और वस्तुएं दें। इन्हें कॉस्मेटिक्स भी दे सकते हैं। मुलाकात से पहले मां सरस्वती की पूजा करके जाएं। किसी तड़क-भड़क वाले रेस्तरां में डिनर पर ले जाएं। पनीर की कोई डिश खिलाएं। सफेद रंग की मिठाई या चाॅकलेट खिलाएं।

मिथुन राशि: यदि साथी मिथुन राशि का है तो उन्हें गेंदे का फूल दें। हरे रंग की वस्तुएं या कपड़े दें। इलेक्ट्रॉनिक सामान दे सकते हैं। अपने रोमांटिक विचारों को उनसे कहने की जगह लिख कर दें। पिस्ते की मिठाई खिलाएं। उनके साथ किसी हरियालीवाले स्थान पर सैर-सपाटे के लिए जा सकते हैं।

कर्क राशि: कर्क राशि के साथी से मिलने जाने से पहले मां लक्ष्मी की पूजा कर लें। साथी को लिली के फूल दें, पर्स भी दे सकते हैं। मावा से बनी मिठाई खिलाएं। किसी समुद्री जगह पर घूमने जाएं।

सिंह राशि: सिंह राशि के साथी को सफेद, पीले, लाल रंग के फूल या सूरजमुखी के फूल दें। सफेद, गोल्डन, पीले, लाल रंग की वस्तुएं या कपड़े दें। किसी रॉयल या फेमस जगह पर घूमने जाएं। किसी बढि़या रेस्तरां में लंच पर जाएं। ड्राई फ्रूट की मिठाई खिलाएं।

कन्या राशि: कन्या राशि के साथी को गुलाब का फूल, हरे व हल्के नीले रंग के फूल दे सकते हैं। इन्हीं रंग की वस्तुएं या कपड़े उन्हें गिफ्ट कर सकते हैं। ग्रीटिंग कार्ड, बांसुरी गिफ्ट कर सकते हैं। मिलने जाने से पहले मां अन्नपूर्णा की पूजा करके जाएं।

तुला राशि: तुला राशि के साथी को कमल का फूल या सफेद व नीले रंग के फूल दे सकते हैं। सिल्वर, सफेद, नीले रंग की वस्तुएं या कपड़े दे सकते हैं। कॉस्मेटिक्स भी दे सकते हैं। पर्स या सिल्वर की कोई चीज भी दे सकते हैं।

वृश्चिक राशि: वृश्चिक राशि के साथी को लाल, नारंगी, हरे, हल्के ब्राउन रंग के फूल या गुलाब दे सकते हैं। इन्हीं रंगों की वस्तुएं या कपड़े उन्हें उपहार में दिए जा सकते हैं। गुड़ की मिठाई या चॉकलेट दे सकते हैं। उनके साथ किसी गणेश मंदिर में जा कर पूजा-अर्चना कर लें।

धनु राशि: धनु राशि के साथी को पीले, क्रीम, सफेद या कनेर के फूल दे सकते हैं। इन्हें इन्हीं रंग की वस्तुएं या गोल्ड की कोई ज्वेलरी भी दी जा सकती है। कोई शिक्षाप्रद या मोटिवेशनल बुक दे सकते हैं। किसी आध्यात्मिक जगह पर घूमने जा सकते हैं।

मकर राशि: मकर राशि के साथी को जैस्मिन के फूल या सफेद, आसमानी या जामुनी रंग के फूल दे सकते हैं। इन्हीं रंगों की वस्तुएं, कपड़े या इलेक्ट्रॉनिक चीजें या लेदर का पर्स भी इन्हें उपहार में दिए जा सकते हैं। मिलने जाने के पहले शिव पूजा कर लें।

कुंभ राशि: कुंभ राशि के साथी को नीले व आसमानी रंग के फूल या गुलाब दे सकते हैं। इन्हीं रंगों की वस्तुएं, पर्स या कपड़े इन्हें उपहार में दे सकते हैं। किसी पुराने पर्यटन स्थल या होटल में जा सकते हैं। इनके साथ नशे से भरी कोई पार्टी करने से बचें। जाने से पहले शनि मंदिर में नीले फूल चढ़ा कर जाएं।

मीन राशि: मीन राशि के साथी को गेंदे या पीले और ब्राइट रंगों के फूल दें। इन्हीं रंगों की वस्तुएं, कपड़े या गोल्ड की कोई चीज उपहार में दें। इसके अलावा इन्हें पेन, डायरी या कोई अच्छी बुक दें। गोल्डन वरक चढ़ी कोई पीली मिठाई खिलाएं। साथी के साथ मां दुर्गा के मंदिर में दर्शन के लिए जाएं और उन्हें कोई पीली मिठाई और गेंदे के फूल अर्पित करें।

गिफ्ट में क्या ना दें

- साथी को नुकीली चीज ना दें और ना ही ऐसी अंगूठी दें, जो इस आकार की हों।

- किसी देवी-देवता की मूर्ति ना दें।

- काले रंग के कपड़े, डूबते जहाज, डूबते सूरज की पेंटिंग या शोपीस ना दें। काले रंग की चीजें भी नहीं देनी चाहिए।

- कांच की वस्तुएं या घड़ी ना दें।

- प्रेमी को परफ्यूम, डिअोडरेंट या खुशबूदार चीजें ना दें।

- ऐसे प्रिंट के कपड़े ना दें, जिनमें खोपड़ी, कंकाल या आग से जुड़े प्रिंट हों।