Friday 20 November 2020 11:54 AM IST : By Filmi Pandit

बॉलीवुड में इन सेलेब्रिटीज के प्यार के चर्चे अाम हैं

जल्दी ही शादी की मुहर लगेगी

फिल्म ब्रह्मास्त्र के निर्माण के शुरुआती दिनों से ही आलिया भट्ट और रणबीर कपूर के रोमांस के किस्से मशहूर हो गए थे।

PTI5_2_2018_000035A

2020 में ब्रह्मास्त्र रिलीज होगी। सब जानते हैं कि आलिया से पहले रणबीर के दीपिका और कैटरीना के साथ भी संबंध रहे हैं। कैटरीना के साथ तो दुबई के समंदर के किनारे की अर्द्धनग्न तसवीरें भी वायरल हुईं। रणबीर अपने पेरेंट्स से लड़-झगड़ कर कैटरीना के साथ किराए के आलीशान फ्लैट में रहे। दो साल बाद उन्होंने कैटरीना को दूध में से मक्खी की तरह निकाल बाहर किया। आजकल रणबीर और आलिया दोस्तों की पार्टियों में साथ देखे जाते हैं। ऐसा कहा जा रहा था कि गुपचुप तरीके से इन दोनों की शादी की तैयारियां भी शुरू हो गयी थी लेकिन कोरोना की वजह से यह टल गयी। हालांकि यह भी सुनने को मिला कि दोनों इन दिनों साथ रहते भी नजर आए।

खुल्लमखुल्ला चल रहा इश्क

arjun-malaika

46 साल की मलाइका अरोड़ा और 34 वर्षीय अर्जुन कपूर अब सोशल मीडिया पर खुल कर प्यार का इजहार करने लगे हैं।

बॉलीवुड वाले भी इनकी तसवीरों पर खुल कर राय दे रहे हैं। दोनों आनेवाले साल में शादी भी कर सकते हैं। फिलहाल डाइवोर्स के बाद मलाइका शादी का मूड बना रही हैं, तो उनके पूर्व पति अरबाज खान कौन सा पीछे रहने वाले हैं। उनकी प्रेमिका का नाम जॉर्जिया एंडियानी है। वे भी इसी साल शादी कर सकते हैं। हाल ही में मलाइका और अर्जुन धर्मशाला में साथ-साथ घूमते नजर आए।

प्यार की लिस्ट में नया नाम

tara-aadar

राज कपूर की छोटी बेटी रीमा जैन के बेटे आदर जैन का रोमांस स्टूडेंट अॉफ द इयर 2 की एक्ट्रेस तारा सुतारिया के साथ चल रहा है।

इनके इश्क की महक लोगों को तब महसूस हुई, जब दोनों हाथों में हाथ डाल कर अमिताभ बच्चन के घर हो रही दीवाली पार्टी में पहुंचे। तारा सुतारिया धीमे लफ्जों में इस रिश्ते को स्वीकार भी कर चुकी हैं। इनका कहना है कि दोनों को एक-दूसरे का साथ अच्छा लगता है। दोनों खाने के भी बहुत शौकीन हैं इसलिए अकसर साथ में रेस्टोरेंट में भी दिख जाते हैं। आदर के भाई अरमान जैन की संगीत सेरेमनी में तारा को करीना, करिश्मा और आदर के साथ नाचते-गाते देखा गया। मतलब साफ है इनके रिश्ते को परिवार की मुहर लग चुकी है बस समाज की लगनी बाकी है।

बारात किस दिन है

varun-natasha

नताशा दलाल और वरुण धवन बचपन के दोस्त हैं। दोनों के परिवारों में भी दोस्ती है। इनकी शादी 2019 में ही होनी थी। एेसा कहा जाता है कि वरुण के 32वें जन्मदिन पर दोनों की सगाई होनी थी। पर वरुण किसी को बताए बिना विदेश भाग गए। तब उनके पापा डेविड धवन को बहुत शर्मिंदगी उठानी पड़ी थी। बॉलीवुड में इस बात को ले कर गॉसिप भी शुरू हो गयी थी कि दोनों का ब्रेकअप हो गया है। लेकिन दोनों फिर साथ नजर आने लगे। करण जौहर के एक टॉक शो में वरुण ने यह स्वीकारा कि जल्दी ही दोनों शादी करनेवाले हैं। वरुण व नताशा समय-समय पर सोशल मीडिया पर अपनी तसवीरें पोस्ट करके प्यार का इजहार करते रहते हैं।

इस साल भी इनकी शादी टल ही गयी, अगले साल के लिए तो इसे पक्का मान ही लें। वेसे भी इस करवाचौथ पर नताशा दलाल को इस बार लाल जोड़े में अपनी होने वाली सास यानी वरुण धवन की मां लाली धवन के साथ अनिल कपूर के घर होनेवाली पूजा में देखा गया।

प्यार की तलाश में फरहान

farhan-akhtar-shibani-dandekar

फरहान अख्तर ने अधुना भबानी के साथ प्यार के बाद शादी की। दोनों की 2 बेटियां भी हुईं। फिर अचानक 2017 में ये अलग हो गए। इसके बाद फरहान का नाम श्रद्धा कपूर के साथ भी जुड़ा। एेसा भी कहा गया कि श्रद्धा अपना घर छोड़ कर फरहान के साथ रहने चली गयी थीं। पापा शक्ति कपूर के हस्तक्षेप के कारण प्यार का यह रिश्ता आगे नहीं बढ़ सका। आजकल फरहान शिबानी दांडेकर के साथ डेटिंग कर रहे हैं। शिबानी पहली बार 2018 में रियलिटी शो आई कैन डू इट में नजर आयी थीं, जब फरहान अख्तर इस शो को होस्ट कर रहे थे।

पहली बार दीपिका और रणवीर सिंह की शादी में जब दोनों हाथों में हाथ डाल कर पहुंचे, तो उनके मोहब्बत में डूबे होने का सबूत दुनियावालों को मिल गया था। देखते हैं इनका क्या होता है फिलहाल मामला वहीं अटका है।

टालने से अकसर देर हो जाती है

बॉलीवुड के सबसे शानदार लव बर्ड्स हैं टाइगर श्राफ और दिशा पटनी।

tiger-disha

इनको शादी-ब्याह की पार्टियों में साथ देखा जाता है, पर दोनों खुल कर अपने रिश्ते को स्वीकारने से बचते हैं। इनके कैरिअर को देखते हुए लगता है कि इनके प्यार की कहानी को शादी की हैप्पी एंडिंग तक पहुंचने में अभी समय लगेगा। वैसे बॉलीवुड में रिश्तों को बहुत जल्दी नजर लगती है, इसलिए इन दोनों को मुफ्त की सलाह है कि जल्दी से काम निपटाअो और फटाफट शादी की डेट फिक्स कर लो।