Thursday 21 December 2023 03:33 PM IST : By Ruby Mohanty

हरी पत्तेदार सब्जियों को इस तरह से फ्रिज में रखेंगी, तो वे कई दिनों तक फ्रेश रहेंगी

fridge

दिल्ली के कंसल्टेंट फिजिशियन डॉ. हिमांशु शेखर का कहना है, ‘‘फल और पत्तेदार सब्जियों को काट कर देर तक रखना हो, तो जिपर पाउच या एअरटाइट डिब्बे में रखें, जिससे ये हीट, लाइट व डस्ट से खराब ना हों। देर तक रखी कटी सब्जियों और फलों में बैक्टीरिया ग्रोथ बहुत जल्दी होता है, जिससे पेट में इन्फेक्शन हो सकता है।’’

- फ्रेश पालक की जड़ों को निकालें। बिना धोए अखबार में लपेटें और कपड़े के बैग में डाल कर फ्रिज में रखें। दो-तीन दिन तक ताजे रहेंगे।

- हरा धनिया जड़ समेत कांच के पानी भरे गिलास में जड़ डूबने तक रखें और गिलास को फ्रिज में रखें। इसके अलावा आप धनिए की जड़ को काट कर एअरटाइट डिब्बे में रखें।

- मेथी को अच्छी तरह साफ करें, धोए बिना ही उसे कागज के बैग में लपेट कर रखें। इसे अखबार में ना लपेटें। पेपर टॉवल में सरसों का साग लपेटें और हल्के हाथ से लपेटते हुए जिप लॉक बैग में स्टोर करें।

- एअरटाइट डब्बे में पेपर टॉवल बिछाएं और मेथी/ पालक / हरा धनिया/ मूली के पत्ते/ सरसों के पत्ते रखें। उसके ऊपर पेपर टॉवल रखें और ढक्कन बंद कर दें।

- हरा धनिया साफ करें और पानी से धो कर आइस वाॅटर में रख कर अंत में छान लें। हवा में सुखाएं और बारीक काट कर एअरटाइट डब्बे में स्टोर कर लें।

- टेलर से छोटे, मध्यम और बड़े साइज के कपड़ों की थैलियां बनाएं। इसमें बड़े पत्ते वाले साग जैसे सरसों या राई साग फ्रिज में रख सकते हैं।

- आजकल जालीदार जिक लॉक बैग भी बाजार में उपलब्ध है। पर इसमें सब्जियां डाइरेक्ट ना रखते हुए पेपर टॉवल में लपेट कर रखें।

- अगर फ्रिज में रखने की जगह नहीं है, तो पालक को ब्लांच करके पेस्ट बना कर रख सकती हैं। हरा धनिया ज्यादा है, तो पुदीना व धनिया के साथ पेस्ट बनाएं। नीबू निचोड़ कर रखें। जब भी इस्तेमाल करना हो, इसमें नमक मिला कर परोसें।

- ताजी कसूरी मेथी को आप धो कर हवा में सुखाएं और माइक्रोवेव करके सुखा कर रख सकती हैं।

- सलाद के पत्तों को एअरटाइट डिब्बे में डाल कर फ्रिज के सबसे ठंडे वाले हिस्से में रखें। आप चाहें, इसे तो ट्रांसपेरेंट फॉइल में लपेट कर भी फ्रिज में रख सकते हैं।

- पालक या बथुआ जैसे पत्तों को ब्लांच करके पेस्ट बनाएं और तब इसे एअरटाइट डब्बे में दो दिन तक स्टोर करके भी रख सकते हैं।