1 कंजकों को प्लास्टिक की प्लेट या लंच बॉक्स के बजाय कुछ ऐसे गिफ्ट्स दें, जो उनके काम आएं। प्लास्टिक की जगह स्टील का कोई बरतन घर में काम आएगा।
2 आजकल मार्केट में तरह-तरह की पेंसिल मौजूद हैं। बच्चों को ऐसी चीजों का बहुत शौक होता है। अलग-अलग शेप्स और रंगों की पेंसिलें कम बजट का बढि़या ऑप्शन हैं।
3 पेंसिल के अलावा रंगबिरंगे शार्पनर, इरेजर भी मौजूद हैं। बर्गर, डोनट, पिज्जा आदि की शेपवाला इरेजर का पैक 20-30 रुपए में मिल जाता है। कुछ खुशबूवाले इरेजर भी आते हैं, जो बच्चों को पसंद आते हैं।
4 लगभग 20-30 रुपए की रेंज में स्टेशनरी किट भी बाजार में मौजूद है। इस किट में 2 पेंसिल, इरेजर, शार्पनर, स्केल जैसी चीजें होती हैं। आप चाहें, तो थोक में सामान खरीद कर ऐसी किट घर में भी बना सकती हैं।
5 स्केच पेन का छोटा सेट 35-40 रुपए में आराम से मिल जाता है। कलर्स बच्चों को हमेशा से आकर्षित करते हैं। इसी बजट में क्रेअांस कलर्स भी मिल जाते हैं।
6 छोटे बच्चों को क्ले डो भी दी जा सकती है। इसके छोटे-बड़े हर साइज और बजट के पैक मिलते हैं। इसकी जरूरत स्कूल में भी पड़ती है।
7 अगर बजट ज्यादा है, तो ड्रॉइंग किट खरीदें। इसमें ड्रॉइंग बुक, कलर्स, पेंसिल, इरेजर जैसी चीजें होती हैं।
8 बचपन से अगर बच्चों में पढ़ने के प्रति रुचि जाग जाए, तो वह सारी उम्र रहती है। आप चाहें, तो उन्हें कहानियों की किताबें, मैगजीन व कॉमिक्स आदि दे कर भी पढ़ने को प्रेरित करें। साथ ही यह भी समझाएं कि पढ़ने के बाद वे इन्हें रद्दी में देने के बजाय एक-दूसरे से शेअर करें ।
9 अगर आप उनमें से हैं, जो गरीब बच्चों को ही अपने घर बुलाना पसंद करती हैं, तो कुछ नोटबुक्स भी खरीद कर ला सकती हैं। बच्चों की जरूरत के हिसाब से चार लाइनों, 5 लाइनों व डबल लाइनों के अलावा मैथ्स की नोटबुक्स उन्हें दे सकती हैं।

10 बच्चों को खिलौने हमेशा ही लुभाते हैं। आप चाहें, तो छोटे खिलौने, गुडि़या, बॉल जैसी चीजें भी उन्हें दे कर उनके चेहरे पर मुसकान ला सकती हैं।
11 अगर खिलौने ना हों, तो किसी गुब्बारेवाले से बजनेवाले बड़े गुब्बारे, योयो बॉल जैसी चीजें भी खरीद कर उन्हें दे सकती हैं।
12 लड़कियों को सजने-संवरने का शौक होता है। इसलिए सुंदर रबड़बैंड, हेअरबैंड दे कर उन्हें खुश कर सकती हैं।
13 इनके अलावा रंगबिरंगे टिकटैक क्लिप्स का छोटा पैक भी लड़कियों को पसंद आएगा। एक पैक में 6-10 क्लिप्स उन्हें खुश कर देंगे।
14 छोटा पर्स दें, जिसे कंधे पर लटका कर वे कंजक में मिले पैसे संभाल पाएंगी। पर इसे खाली ना दें। पैसे, टॉफी या क्लिप कुछ रख दें।
15 बच्चे स्कूल में फ्रूट्स अलग से ले जाते हैं। फल रखने के लिए फ्रूट बॉक्स अलग-अलग शेप्स में आते हैं। वे भी दे सकती हैं।
16 लंच बॉक्स देना हो, तो ऐसा दें, जिसे वे स्कूल में ले जा सकें। सस्ते के चक्कर में ऐसा लंच बॉक्स ना खरीदें, जो ठीक से बंद भी ना होता हो या फिर बहुत छोटा हो। ऐसा लंच बॉक्स देने से आपके पैसे बर्बाद ही होंगे।
17 छोटा पेंसिल बॉक्स या पाउच, जिसमें वे कलर्स आदि रख कर स्कूल ले जा सकें, बच्चों के लिए काम की चीज साबित होती है और वे हमेशा नए पाउच व पेंसिल बॉक्स मांगते ही हैं।
18 अगर बजट थोड़ा ज्यादा हो, तो छोटे पिकनिक बैग या बैक पैक दे सकते हैं।
19 कम बजट में भी कई मजेदार खिलौने ऑनलाइन मौजूद हैं, जैसे मैजिक कैलाइडोस्कोप, हैंड फैन आदि।
20 बच्चों को पानी की छोटी बोतल भी गिफ्ट की जा सकती है। इसे वे बैग में रख कर स्कूल या ट्यूशन में ले जा सकते हैं। अपनी पर्सनल बोतल पा कर बच्चे खुशी से फूले नहीं समाते।

21 लड़कियों को किचन सेट बहुत पसंद आता है। यह हर बजट में और कम-ज्यादा पीसेज का मिलता है।
22थोक के भाव में टीशर्ट या लोअर खरीद कर आप बच्चों को नए कपड़े पहनने का सुख दे सकती हैं। हर शहर में कुछ थोक मॉर्केट होती हैं, जहां से आप पूरा बंडल खरीद कर ला सकती हैं।
23 खाने-पीने की चीजें दे रही हैं, तो बच्चों को अच्छी कंपनी की चॉकलेट दें। ये सबके ऑल टाइम फेवरेट होते हैं।
24 स्लेट या वाइट बोर्ड हर साइज में मिलते है। इन पर लिखना बच्चों को अच्छा लगता है। मैजिक स्लेट भी दे सकती हैं। इनके साथ मार्कर और कलर्स भी मिलते हैं।
25 छोटा गिलास या मिल्क मग देंगे, तो बच्चे बड़े शौक से उसमें दूध या मिल्क शेक पी लेंगे और वे खुश भी होंगे।
26लकड़ी की छोटी पजल्स, जीरो काटा जैसे गेम्स या रुबिक्स क्यूब बच्चों का दिमाग तेज करते हैं। ये चीजें ज्यादा महंगी भी नहीं आतीं।
27 आमतौर पर बच्चे पूरी, छोले और हलवा कम खाते हैं, इसलिए बच्चों को इसके बजाय चिप्स, फल, जूस, कोल्ड ड्रिंक आदि भी दिए जा सकते हैं। इन चीजों को बच्चे शौक से और कई दिनों तक रख कर खा सकते हैं।
28 कुछ अलग खिलाने का मन हो, तो आप इन बच्चों को आइसक्रीम भी खिला सकती हैं। इस समय मौसम ज्यादा ठंडा नहीं रहता, इसलिए आइसक्रीम खा कर बच्चों का गला खराब नहीं होगा।
29 प्लास्टिक की प्लेट के बजाय स्टील का कटोरदान दें, जिससे वह घर में काम आ सके। बच्चे इसे स्कूल में भी ले जा सकते हैं।
30 लड़कियों को मेहंदी लगवाने का शौक होता है। आप चाहें, तो किसी मेहंदी वाले को बुलवा कर कंजकों को मेहंदी भी लगवा सकती हैं।