Wednesday 09 June 2021 12:20 PM IST : By Team Vanita

तुलसी की पत्तियाें व बीज, दोनों के हैं भरपूर फायदे

basil-leaves

तुलसी के बीज सेहत के गुणों से भरपूर होने के कारण किसी सुपरफूड से कम नहीं हैं। ये बीज दिखने में भले ही छोटे होते हैं, पर सब्जियों में इसके इस्तेमाल से उनका स्वाद और रंगत दोनों बढ़ जाते हैं। डाइटीशियन की मानें, तो ये बीज फाइबर से भरपूर होते हैं और डाइजेशन व ब्लड सर्कुलेशन में इससे फायदा होता है। 

- रात का सोने से पहले 1 गिलास दूध में इन बीजों को मिला कर पीने से गैस, कब्ज, पेट फूलने जैसी समस्याएं दूर होती हैं।

- प्रोटीन, फाइबर, विटामिन ए, के, कार्बोहाइड्रेट, ओमेगा-3 फैटी एसिड और खनिज तत्वों से भरपूर ये बीज ठंडी तासीर के होते हैं। इनसे एसिडिटी में आराम मिलता है।

- तुलसी के बीज में एंटी इन्फ्लामेट्री गुण होते हैं, जो शरीर के किसी हिस्से में आयी सूजन और एडिमा जैसी बीमारियों का इलाज कर सकते हैं। इनके इस्तेमाल से डायरिया में भी फायदा होता है।

- तेज सिर दर्द होने पर तुलसी के बीज और कपूर को पीस कर मालिश करें। इन्हें खाने से टेंशन, डिप्रेशन, दिमागी थकान और माइग्रेन जैसी बीमारियां दूर होती हैं।

- इन बीजों को पीस कर 2 चम्मच नारियल के तेल में पका कर लगाने से कई तरह के स्किन इन्फेक्शन दूर होते हैं। स्किन से संबंधित समस्याअों खासतौर से एग्जिमा और सोरायसिस में इसे लगाने से फायदा होता है। 

- एक चम्मच से कम तुलसी के बीजों में एक पूरे लेट्यूस (सलाद पत्ते) के बराबर फाइबर होता है। फाइबर से भरपूर होने का मतलब है कि लंबे समय तक भूख नहीं लगेगी। इनमें कैलोरी की मात्रा कम होती है, इसलिए वजन कम करने में मददगार हैं। 

- इनमें मौजूद फ्लेवोनाइड और फेनोलिक तत्व शरीर की इम्युनिटी बढ़ाते हैं। इन बीजों में एंटी ऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो कोशिकाओं को स्वस्थ रखते हैं। एक कप गरम पानी में तुलसी के बीज के अलावा अदरक का रस, शहद और लेमन जूस मिला कर पीने से खांसी-जुकाम में आराम मिलता है।

- आयरन, पोटैशियम, कॉपर, कैल्शियम, मैंगनीज और मैग्नीशियम से भरपूर इन बीजों को रोजाना खाने से हडि्डयां मजबूत होती हैं। इससे ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा कम होता है।

- कई अध्ययनों से पता चलता है कि तुलसी के बीज में मौजूद फाइबर ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित करता है। जो लोग टाइप-2 डाइबिटीज से पीडि़त होते हैं, उनके लिए ये बीज फायदेमंद हैं। ये बीज इंसुलिन और ग्लूकोज के स्तर को काबू में रखते हैं। सुबह एक गिलास पानी में तुलसी के बीज मिला कर पिएं। 

तुलसी के बीजों के बड़े फायदे हैं। इन बीजों को चबाना मुश्किल होता है, इसलिए इन्हें कच्चा नहीं खाना चाहिए। इस्तेमाल करने से पहले कुछ देर के लिए पानी में भिगो दें, इससे इनकी पौष्टिकता बढ़ जाती है। 

- इन बीजों को 2 तरीके से इस्तेमाल में ला सकते हैं, पानी में भीगे बीज और भुने बीज। भीगे हुए बीजों को डेजर्ट व ड्रिंक्स में और भुने बीजों को सब्जी की रंगत व फ्लेवर बढ़ाने के लिए इस्तेमाल में ला सकते हैं।

-  तुलसी के बीज को एक लीटर पानी में डाल कर घंटे भर के लिए रखें। इस पानी को थोड़ा-थोड़ा करके दिनभर पीते रहें। 

- इन खुशबूदार बीजों का कोई खास स्वाद नहीं होता। इन्हें मीठी व नमकीन किसी भी डिश में मिला कर उसकी पौष्टिकता को बढ़ाया जा सकता है। इसे जलजीरा, नीबू पानी से ले कर सलाद, चटनी किसी भी चीज में मिला सकते हैं।