Friday 15 October 2021 04:01 PM IST : By Team Vanita

मॉडर्न किचन एक्सेसरीज से मिलेगा किचन को नया लुक

kitchen-6

आप कितने मॉडर्न हैं, इसका पता ड्रॉइंगरूम में बैठने वाले मेहमानों को वहां रखे डेकोरेटिव आइटम्स, दीवार पर लगे न्यू टेक्नोलॉजी के होम थिएटर टेलीविजन, सेंटर टेबल पर रखी महंगी क्रॉकरी से ही चलता रहा है। इस बार होम इंटीरियर का टशन क्यों ना कुछ अलग अंदाज में दिखा कर किया जाए, इसके लिए इस बार शुरुआत किचन से- 

बजट में किचन अपडेट करें 

- किचन एक्सेसरीज किचन की ज्वेलरी की तरह होती हैं। किचन को माॅडर्न लुक देना चाहते हैं, तो उसकी एक्सेसरीज यानी हार्डवेअर को बदलें। जैसे ड्राअर्स के नॉब और हैंडल्स, कैबिनेट के अंदर बने रैक्स। आजकल कैबिनेट्स में ‘बार’ हैंडल्स खूब लगवाए जा रहे हैं। वहीं नॉब के मामले में स्टील की जगह सेरेमिक, ब्रास, ग्लास नॉब खूब पसंद किए जा रहे हैं। 

kitchen-1

- ज्यादा पैसे खर्च किए बिना किचन को खूबसूरत दिखाना है, तो लाइटिंग में बदलाव करें। इन दिनों कई डिजाइन की लाइट्स मिल रही हैं। किचन को फ्रेश लुक देने के लिए वाइट कलर की हैगिंग लाइट्स लगाएं। हैंग करने की चेन गोल्डन कलर की हो, तो ये और भी खूबसूरत दिखेंगी। किचन के साथ लगी डाइनिंग टेबल पर भी लंबी हैगिंग लाइट्स लगायी जा सकती हैं। आठ सीटों वाली डाइनिंग टेबल है, तो बड़ी-बड़ी ब्लैक लाइट्स भी ट्राई की जा सकती हैं। किचन के लिए रोज गोल्ड कलर की लाइट्स को भी आजमाया जा सकता है। 

- किचन के सिंक का नल पुराना हो गया है, तो उसे बदल डालें। मैट फिनिशिंग के डिजाइनर फॉसेट ट्रेंड में हैं, ऐसा ही कुछ आप भी ट्राई करें। अपने बजट और सहूलियत को देखते हुए सिंगल हैंडल फॉसेट, हैंड्स फ्री फॉसेट, डबल हैंडल फॉसेट में से किसी एक को लगवा कर देख सकते हैं।

- किचन छोटी है और सामान अधिक हो गया है, तो इसे रखने के लिए फ्लोटिंग शेल्फ लगवाएं। किचन काउंटर के कलर से मैच करती शेल्फ लगवाएं। फ्लोटिंग शेल्फ साफ करना बेहद आसान होगा। 

kitchen-5

- किचन के लिए तरह-तरह के कैबिनेट, ड्राॅअर और ऑर्गेनाइजर बहुत काम के साबित होते हैं। ये ना केवल छोटी किचन में अधिक स्पेस बनाते हैं, बल्कि किचन स्लैब पर बिखरे सामान के लिए भी जगह फिक्स करते हैं। आप भी कुछ ऐसे ही ऑर्गेनाइजर की मदद से कैबिनेट को ट्रेंडी लुक दे सकते हैं। बरतनों के ढक्कन को रखने के लिए रैक, पैन, पॉट और तवा होल्डर, चकला-बेलन स्टैंड जैसे ऑर्गेनाइजर बहुत ही कम कीमत में मिल जाते हैं।

kitchen-4

- बार-बार किचन को कलर नहीं कराया जा सकता है। फिर भी किचन को न्यू लुक देना चाहती हैं, तो कैबिनेट्स पर विनायल स्टिकर्स या विनायल एडहेसिव फिल्म लगवाएं। 

- छोटे से किचन में फ्रेश इफेक्ट डालने के लिए कुछ प्लांट भी लगाए जा सकते हैं जैसे कास्ट आयरन प्लांट, इंग्लिश इवी, एलोवेरा,अल्युमीनियम प्लांट और स्पाइडर प्लांट। इन पौधों को रखने की जगह नहीं हो, तो इसे हैंगिंग पॉट में लगा कर किचन में जगह दें। 

जब बात लग्जरी की हो 

kitchen-3

- आजकल किचन में न्यू स्टाइल के सिंक लगवाने का फैशन चल पड़ा है। इस फैशन को आप भी फॉलो करना चाहती हैं, तो डबल बेसिन सिंक लगवाएं। डबल बेसिन सिंक में ग्रेनाइट और स्टेनलेस स्टील दोनों के सिंक मिल रहे हैं। अपने किचन के नॉब और हैंडल्स के कलर को देखते हुए इसको चुन सकती हैं। फायरक्ले सिंक भी खूब चर्चा में है। सिंक खरीदने जाएं, तो एक बार फायरक्ले सिंक पर भी विचार करें। 

- किचन में टच सेंसेटिव फॉसेट लगवाएं। यकीन मानें, कई दिनों तक आपकी पड़ोसिनों की गुपचुप चर्चा का विषय रहेगा। 

- अभी तक किचन काउंटर पर छोटे-मोटे अप्लायंसेज जैसे टोस्टर, इलेक्ट्रिक कैटल, चॉपर रखते रहे हैं, तो इसे क्लटर फ्री करें। इन सामानों को रखने के लिए खाली दीवार पर कुछ छोटे-छोटे वॉल माउंटेड कैबिनेट लगवा सकते हैं। 

- अगर आपके पास कई तरह के महंगे-महंगे और अच्छे चाकू हैं, तो उसे रखने के लिए कैबिनेट में ही नाइफ रैक लगाएं। यह काफी सुरक्षित भी माना गया है। 

kitchen-2

- किचन कैबिनेट के ऊपर काफी स्पेस होता है। इसका सही इस्तेमाल करके रसोई को आकर्षक बनाया जा सकता है। 

- किचन में जहां गैस स्टोव रखते हैं, वहां की पीछे की दीवार पर जियोमेट्रिक डिजाइन जैसे ट्राएंगल, हाफ सर्कल बनवाएं। इसके लिए ब्राइट कलर्स का इस्तेमाल करें। 

- किचन को यूनिक लुक के लिए मिक्स स्टाइल का भी इस्तेमाल करके देखें जैसे मॉडर्न किचन में रेट्रो स्टाइल की रॉट आयरन की हुक्स,जूट बास्केट्स और सीलिंग हैंगिंग्स लगवाएं। क्राफ्ट मेले से ली गयी चीजों का इस्तेमाल करें। 

- बजट ज्यादा है, तो पूरी किचन इंस्टालेशन को चेंज कराया जा सकता है। लेकिन अगर आप जल्दी से जल्दी कम समय में किचन को न्यू लुक देना चाहते हैं, तो पूरी किचन कैबिनेट इंस्टालेशन को बदलने के बजाय कैबिनेट्स की डोर को बदल डालें, किचन सुंदर दिखेगी।