Friday 30 June 2023 04:42 PM IST : By Nishtha Gandhi

एक घर हो वर्टिकल गार्डन वाला

vertical-garden

वर्टिकल गार्डन आजकल का नया क्रेज है। यह ट्रेंड लोगों में इसलिए भी पॉपुलर हो रहा है, क्योंकि यह कम जगह में आसानी से बनाया जा सकता है। इसके अलावा लोगों में आजकल रील्स और वीडियोज बना कर सोशल मीडिया में डालने का चलन भी काफी है, जिसके लिए ऐसे वर्टिकल गार्डन का बैकड्रॉप बहुत अच्छा आइडिया रहेगा। जो लोग अपने ड्राॅइंगरूम या दो कमरों के बीच में पार्टिशन करना चाहते हैं, उनके लिए भी वर्टिकल गार्डन एक बेहतरीन ऑप्शन है।

कैसे बनाएं वर्टिकल गार्डन

मुंबई में हैप्पी गार्डनिंग बाय सीमा नाम से अपनी गार्डनिंग फर्म और गार्डनिंग क्लासेज लेनेवाली एक्सपर्ट सीमा गुप्ता का कहना है, ‘‘आजकल लोग अपने छोटे-छोटे फ्लैट्स में वर्टिकल गार्डन्स बनाना चाहते हैं। इन्हें आप घर के बाहर, लॉबी और घर के अंदर दोनों जगह बना सकते हैं। ये देखने में बहुत सुंदर भी लगते हैं। कुछ इनडाेर प्लांट्स एअर प्यूरिफायर की तरह भी काम करते हैं।’’

आप भी घर में वर्टिकल गार्डन बनाना चाहती हैं, तो जानें कि इसे आसानी से घर में कैसे बना सकती हैं। इस बारे में सीमा गुप्ता दे रही हैं खास टिप्स-

1. आउटडोर वर्टिकल गार्डन बनाने के लिए आप फूलोंवाले सीजनल प्लांट्स लगा सकते हैं, जो बहुत खूबसूरत लगते हैं। इनमें बोनी वेराइटी यानी पौधों की छोटी वेराइटी चुननी चाहिए, जो आसानी से लग जाएं। एक्जोर, मिनी टगर, रोइयो, रोइला, एशियाटिक जैस्मीन, पैंडिलेथस, बेबी सनरोज, पर्पल हार्ट, हार्ट लीफ जैसे पौधे बहुत अच्छे लगते हैं। इन पौधों को कम देखरेख और पानी की जरूरत होती है। इन पौधों में पूरे साल फूल उगते हैं।

2. इनडोर वर्टिकल गार्डन के लिए मनीप्लांट, स्पाइडर ग्रास, स्नेक प्लांट, फर्न, जेड में से कुछ भी चुन सकती हैं। मनीप्लांट की लगभग 15-16 वेराइटी मौजूद हैं, जो बहुत सुंदर लगते हैं।

3. अब बात आती है कि ये पौधे उगाए किसमें जाएंगे। इसके लिए बेस्ट होते हैं इको फ्रेंडली ग्रो बैग्स। ये जूट से बने होते हैं, जो स्टैंड्स पर आसानी से लग जाते हैं। ये बजट में भी आ जाते हैं। इन्हें अपनी दीवार के साइज के हिसाब से आप बनवा सकती हैं।

4. लोहे की ग्रिल थोड़ी महंगी होती है, पर यह भी सुंदर लगती है। इसमें डबल पॉट लगाने होते हैं। ये लंबे समय तक चलते हैं।

5. आप चाहें, तो प्लास्टिक की बोतलों का भी पौधे लगाने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।

6. इनडोर प्लांट्स हमेशा ब्राइट जगह पर रखें। इन्हें ऐसी जगह पर रखें, जहां पर नेचुरल लाइट आती हो। अगर घर के अंदर रखें, तो इन्हें कुछ समय में थोड़ी-बहुत धूप दिखाएं।

7. हर 15 दिन में पौधों पर ऑर्गेनिक पेस्टिसाइड का छिड़काव करें।

8.इनडाेर प्लांट्स में पानी तभी डालना चाहिए, जब इनकी मिट्टी सूखी नजर आए।