Monday 17 July 2023 02:15 PM IST : By Ruby Mohanty

बॉडी को डिटॉक्स करने के लिए घर में ही बनाएं डिटॉक्स वॉटर व ड्रिंक्स

detox-3

अकसर आपने सुना होगा कि बॉडी को डिटॉक्स करने के लिए लोग महंगे ट्रीटमेंट लेते हैं या लग्जरी प्रोडक्ट्स खरीदते हैं। डिटॉक्सिफिकेशन के नाम पर कई वेलनेस सेंटर्स और न्यूट्रीशनिस्ट आपसे खूब पैसे भी एेंठते हैं। हालांकि इनका असर टेंपरेरी होता है और कुछ समय के लिए ही आपको अच्छा फील होता है, फिर वही लगने लगता है। इसलिए चाहे ज्यादा खा लिया हो या फिर बॉडी को डिटॉक्स करना हो, नियमित रूप से घर में ही उपलब्ध चीजों से डिटॉक्स वॉटर बना कर आप बहुत अच्छे नतीजे पा सकते हैं-

पाइनएपल डिटॉक्स ड्रिंक

detox-11

ज्यादा खा लिया हो या डाइटिंग की वजह से भूख कंट्रोल करनी हो, तो अनन्नास के 4-5 क्यूब्स पानी भरे जग में डालें। थोड़ी सी पुदीने की ताजी पत्तियां भी डालें। रात भर फ्रिज में रखें। अगले दिन अनन्नास के टुकड़े निकाल कर पिएं। यह शरीर में नमी बनाए रखता है और पेट की जलन को शांत रखता है।

एपल साइडर विनेगर ड्रिंक

detox-6

मीठा या फ्राइड ज्यादा खा लें, तो बॉडी को डिटॉक्स करने के लिए आधे जग पानी में 1 सेब कस कर डालें। इसमें 2 बड़े चम्मच सेब का सिरका, 1 बड़ा चम्मच शहद, 2 चुटकी दालचीनी का पाउडर मिलाएं और गिलास में सर्व करें। आप चाहें, तो दो क्यूब्स आइस के भी डाल सकती हैं। यह पेट की जलन को भी शांत करता है।

ऑरेंज डिटॉक्स वॉटर

detox-8

ऑरेज डिटॉक्स वाॅटर शरीर से टॉक्सिन रिमूव करता है, वजन कम करता है और इम्यूनिटी बूस्ट करने में मदद करता है। एक जग पानी में 3 संतरे की फांकें काट कर डालें। थोड़ा सा अदरक का रस भी मिलाएं और ओवरनाइट इस जग को फ्रिज में रखें। अगले दिन इसे छान लें और मिलाएं। नॉर्मल टेंपरेचर में आने पर ही पिएं। आप चाहें, तो शहद की कुछ बूंदें भी मिला सकती हैं।

कीवी मिंट डिटॉक्स वाॅटर

detox-10

शरीर में नमी बनाए रखने के लिए डिटॉक्स वॉटर पिएं। इससे स्वाद भी अच्छा रहेगा और शरीर में भी बनी रहेगी। एक जग पानी में 2 कीवी स्लाइस, पुदीना व गुलाब की पंखुडि़यां डाल कर रात भर रखें। अगले दिन पिएं।

डिटॉक्स टी

एक जग वॉर्म वॉटर में टी बैग्स डालें, 1 नीबू निचोड़ें, चुटकीभर दालचीनी और 1 बड़ा चम्मच शहद मिलाएं। इसे गुनगुना पिएं या 2-3 बर्फ के टुकड़े डाल कर पिएं।

जिंजर डिटॉक्स

detox-12

एक जग पानी में नीबू के स्लाइस डालें। दो बड़े चम्मच अदरक का रस, थोड़ी सी ब्लूबेरी या काले अंगूर डाल कर ओवरनाइट रखें। सुबह इसे मसल कर छान लें। परोसने से पहले शहद मिलाएं। चाहें, तो इसमें नारियल का पानी भी मिला सकती हैं।

साइट्रिक ड्रिंक

detox-8

नीबू विटामिन सी और पोटैशियम का मुख्य स्रोत है। यह लिवर को डिटॉक्स करता है। इसका डिटॉक्स ड्रिंक बना कर पिएं। संतरे में विटामिन सी और फाइबर का अच्छा कॉम्बिनेशन है। ड्रिंक बनाने के लिए 1/2 बड़ा चकोतरा, 1/2 नीबू, 1/2 संतरे के स्लाइसेज को 1 जग पानी में डाल कर ओवरनाइट रखें, फिर इस्तेमाल में लाएं।

कैरेट जूस

detox-5

गाजर का रस और संतरे का रस मिलाएं। ऑरेंज में विटामिन सी, फोलेट और पोटैशियम होता है, जबकि गाजर में विटामिन ए और फाइबर की प्रचुरता होती है। यह जूस बनाने के लिए आपको चाहिए एक छोटा टमाटर, 2 गाजर और 2 संतरे। इनका रस निकालें। सुबह नाश्ते में यह जूस पिएं।

प्रोबायोटिक ड्रिंक

2 कप छाछ में 1/2 खीरा कटा हुआ, 1 छोटा चम्मच हरा धनिया बारीक कटा और सेंधा नमक मिला कर मिक्सी में चलाएं। इसे सुबह नाश्ते में पिएं। भूख कंट्रोल में रहेगी और पेट की जलन शांत होगी। इस ड्रिंक में प्रोटीन, कैल्शियम, फाइबर का कॉम्बिनेशन है। सुबह पीने से शरीर सारे दिन एनर्जी से भरपूर रखता है।

शुगरकेन डिटॉक्स ड्रिंक

detox-7

गन्ने का रस लिवर व किडनी डिटॉक्स करने में मदद करता है। इसमें मौजूद कई तरह के मिनरल्स, कैल्शियम, कॉपर, मैगनीशियम, मैंगनीज, जिंक, आयरन, पोटैशियम होते हैं। विटामिन ए, बी और सी की प्रचुरता होती है। ताजे गन्ने का रस निकालें। इसमें चाहें, तो अदरक का रस, नीबू का रस और सेंधा नमक डालें। हफ्ते में एक दिन यह रस पिएं।

अनार डिटॉक्स ड्रिंक

detox-4

अनार का रस, संतरे का रस और थोड़ी सी पुदीना की ताजी पत्तियां मिलाएं। यह एंटी ऑक्सीडेंट से भरपूर बहुत बढि़या ड्रिंक है। अगर बहुत ज्यादा खाना खा लिया हो, तो दूसरे वक्त सिर्फ एक छोटा गिलास अनार डिटॉक्स वॉटर पिएं। इससे हल्का महसूस होगा और शरीर को पूरी पौष्टिकता मिलेगी। यह शरीर के मेटाबॉलिज्म को बढ़ाता है।

कोकोनट वॉटर

detox-2

रेगुलर नारियल पानी पीने से भी लिवर डिटॉक्स होता है। नारियल पानी में कई तरह के मिनरल और एंजाइम्स होते हैं, जो पाचन क्रिया काे सही रखने में मदद करता है।