Tuesday 16 March 2021 02:19 PM IST : By Nisha Sinha

गरम पानी पीने के इन 8 फायदों के बारे में जान कर हैरान रह जाएंगे आप

hot-water

1  आरवीटा के सीईओ और आयुर्वेदाचार्य डॉ. गॉथमन के अनुसार खाने के बाद गरम पानी पीने के कई फायदे हैं। गरम पानी पीते ही शरीर का तापमान बढ़ जाता है। मेटाबॉलिज्म की रफ्तार तेज होती है। इससे बॉडी को स्लिम रखने में मदद मिलती है। साथ ही गरम पानी पीने से आहार नली और किडनी बेहतर फंक्शन करते हैं।

2  समय से पहले बूढ़ा होने की समस्या हर युवती के लिए सबसे बड़ी चिंता होती है। एजिंग की प्रॉब्लम का सबसे बड़ा कारण शरीर में मौजूद टॉक्सिंस होते हैं। गरम पानी इन्हीं टॉक्सिंस को बाहर निकालने का काम करता है। इससे ब्लड सर्कुलेशन भी अच्छा रहता है। युवतियों को चाहिए कि वे नियमित रूप से गुनगुना पानी पी कर अपने चिरयौवन को बनाए रखें।

3  सुबह खाली पेट गुनगुना गरम पानी पिएं, लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि पानी ज्यादा गरम नहीं होना चाहिए। अधिक गरम पानी आंतरिक अंगों के लिए नुकसानदेह हो सकता है। खाली पेट गरम पानी पीने से आंतों में संकुचन क्रिया सुचारु रूप से होती है। कब्ज की परेशानी दूर होती है। इससे भी शरीर का वजन कम होने में मदद मिलती है।

4  हेल्थ के साथ-साथ ब्यूटी के लिए भी गुनगुना गरम पानी बेहद फायदेमंद होता है। यह कील-मुंहासे और झांइयों जैसी स्किन की परेशानियों को दूर रखने का काम रखता है। गरम पानी पीने से स्किन रिंकल फ्री होती है। इससे त्वचा जवां दिखती है। साथ ही चेहरे पर भी ग्लो भी आता है।

5  गरम पानी पीने के भी कुछ नियम होते हैं। नियम से पानी पीने पर सही नतीजे मिल सकते हैं। अगर खाते समय गरम पानी पी रही हैं, तो गटागट पानी मत पिएं। गरम पानी का एक-एक घूंट पिएं। कोशिश करें कि खाना खाने के 30 मिनट बाद ही गरम पानी पिएं, वह भी एक-एक सिप करके ही पिएं।

6  बेहतर सेहत के लिए युवती को प्रतिदिन लगभग ढाई लीटर पानी पीना जरूरी है। सब्जियों से तैयार गरम सूप पीना भी फायदेमंद साबित होगा। सूप के माध्यम से शरीर को पानी के साथ-साथ पोषक तत्व भी मिलेंगे। एक अध्ययन के अनुसार आम लोगों की तुलना में उन लोगों में जो खाने के पहले पानी पीते हैं, वे 40 कैलोरी कम लेते हैं। अगर पानी गुनगुना है, तो व्यक्ति अतिरिक्त कैलोरी लेने से बच जाता है।

7  अगर सादा गुनगुना पानी पीना मुश्किल लगे, तो इसमें नीबू की कुछ बूंदें मिला दें। डॉक्टरों का मानना है कि सुबह-सवेरे गरम पानी पीने से खासकर पॉलीफेनॉल से भरपूर नीबू वाला गरम पानी या गरम लेमन टी पीने से वसा उतक (एडीपोज टिशूज) नष्ट होते हैं। नीबू में मौजूद पेक्टिन फाइबर की वजह से बार-बार भूख लगने की आदत पर भी नियंत्रण लगता है।

8  गुनगुना पानी पीने से स्किन के साथ-साथ हेअर फॉल की परेशानी भी ठीक होती है। बाल में कम से कम 25 प्रतिशत पानी होता है इसलिए संतुलित मात्रा में पानी पीने से बालों की चमक बरकरार रहती है। बाल झड़ते भी कम हैं। डैंड्रफ की समस्या से भी निजात मिलती है। गरम पानी पीने का मतलब है सेहत और सूरत साथ-साथ।