Friday 30 June 2023 05:15 PM IST : By Nishtha Gandhi

लहसुन की सुन

garlic-1

व्यंजनों में तड़के की जान लहसुन खाने का स्वाद बढ़ाता है और आपकी सेहत का भी ध्यान रखता है। जानिए क्या-क्या फायदे हैं लहसुन के-

भारतीय व्यंजनों की बात हो और उसमें लहसुन का जिक्र ना हो, ऐसा तो हो ही नहीं सकता। नॉनवेज के अलावा कुछ खास वेजिटेरियन डिशेज भी लहसुन के बिना बनाने में मजा नहीं आता। दाल का स्वाद बढ़ाना हो, तो बस लहसुन का तड़का ही काफी है। खाने का स्वाद बढ़ाने के अलावा और भी बहुत से फायदे हैं लहसुन के, जिनकी वजह से इसे हर तरह की रेसिपी में डाला जाता है।

1. पोषक तत्वों से भरपूर- वैज्ञानिकों ने अपने शोध में पाया है कि लहसुन में मौजूद सल्फर कंपाउंड एलिसिन इसे काटने या कूटने के बाद कुछ समय तक ही मौजूद रहता है, लेकिन यह स्वास्थ्य के लिए बहुत ज्यादा फायदेमंद है। इसके अलावा लहसुन की एक कली में प्रोटीन, मैंगनीज, विटामिन सी, विटामिन बी6 जैसे पोषक तत्व भी पाए जाते हैं।

2. जुकाम में राहत- सरदियों में बननेवाली डिशेज में लहसुन का भरपूर प्रयोग किया जाता है। इसकी एक बड़ी वजह है कि गरम तासीर होने के कारण यह शरीर काे गरम रख कर सरदी-जुकाम में राहत दिलाती है। कई अध्ययन भी यह कहते हैं कि रोजाना गार्लिक सप्लीमेंट लेनेवाले लोगों में जुकाम की संभावना 63 प्रतिशत तक कम हो जाती है।

3. कोलेस्ट्रॉल कम करे-जी हां, आपने अकसर बुजुर्गों को सुबह खाली पेट लहसुन की कली निगलते हुए देखा ही होगा। इसकी एक वजह लहसुन की एलडीएल यानी बैड कोलेस्ट्रॉल कम करने की क्षमताएं हैं। रोजाना खाली पेट लहसुन की 1-2 कलियां गरम पानी के साथ लेने से हाई कोलेस्ट्रॉल कम करने में मदद मिलेगी और हार्ट डिजीज का रिस्क कम होगा।

4. अल्जाइमर से बचाव- लहसुन में मौजूद एंटी ऑक्सीडेंट तत्व बड़ी उम्र में होनेवाले सेल्स के डैमेज को रोकने में सहायक होता है। यह अल्जाइमर और डिमेंशिया जैसे रोगों का मुख्य कारण होता है।

5. बॉडी डिटॉक्स करने में मदद- एक कार बैटरी प्लांट में काम करनेवाले मजदूरों पर हुई स्टडी को सच मानें, तो लहसुन में मौजूद सल्फर कंपाउंड शरीर में मौजूद हानिकारक धातु लेड के प्रभाव को कम करता है। वातावरण में मौजूद प्रदूषण और फल-सब्जियों में मौजूद केमिकल हमारे शरीर को नुकसान पहुंचाते हैं। नियमित लहसुन के प्रयोग से इस नुकसान को कम किया जा सकता है।

6. कैंसर से बचाव- न्यूट्रिएंट्स जर्नल में छपे एक अध्ययन की रिपोर्ट के अनुसार लहसुन में पाए जानेवाले बायोएक्टिव मॉलिक्यूल्स कैंसर सेल्स को खत्म करते हैं। खाना पकाते समय लहसुन को कूट कर या कुचल कर डालने से उसका प्रभाव बहुत ज्यादा बढ़ जाता है।

7. इम्युनिटी बढ़ती है- रोजाना लहसुन खाने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और बीमारियों से बचाव होता है। इसके एंटीमाइक्राेबियल शरीर को कई तरह के वायरस और बैक्टीरिया के हमलों से बचाते हैं।