Saturday 23 October 2021 11:50 AM IST : By Team Vanita

करवाचौथ पर घर पर बनाएं शुद्ध और बढ़िया मिठाइयां

मीठे गुलगुले 

सामग्री: 1 कप गेहूं का आटा, 1/2 कप चीनी, 1 बड़ा चम्मच दही, 1 छोटा चम्मच सौंफ, 1/4 छोटा चम्मच इलायची पाउडर, 1 बड़ा चम्मच खरबूजे की गिरी, 2 छोटे चम्मच कटे मेवे व घी।

alu-fry

विधि: आटे में चीनी, दही और थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए पकौड़ों का घोल तैयार करें। दस मिनट के लिए ढक कर रख दें। इसमें सौंफ,इलायची पाउडर, खरबूजे की गिरी और कटे मेवे डाल कर मिला लें। कड़ाही में घी गरम करें और थोड़े-थोड़े मिश्रण को हाथों की सहायता से कड़ाही में छोड़ें। गुलाबी होने तक धीमी आंच पर तल कर परोसें। ऊपर से बारीक कटे मेवों से सजाएं। 

चूरमा लड्डू 

laddu

सामग्री: 1 कप गेहूं का मोटा पिसा आटा, 1/4-1/4 कप सूजी व बेसन 1/2 कप घी, 3/4 कप दूध, 11/2 कप बूरा, 1/4 कप बादाम का पाउडर, चुटकीभर इलायची पाउडर, जायफल पाउडर और घी तलने के लिए। 

विधि: आटा, बेसन व सूजी को अच्छी तरह मिला लें। इसमें 1/2 कप घी का मोयन डाल कर अच्छी तरह मिलाएं। थोड़ा-थोड़ा दूध डालते हुए कड़ा गूंध लें। 10-12 मिनट ढक कर रखें, इस आटे से छोटी-छोटी मुठिया बना कर गरम घी में सुनहरा होने तक तल लें, ठंडा होने पर इनको छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ कर मिक्सी में पाउडर बना लें। छलनी से छान लें। दानेदार रवा तैयार हो जाएगा। इसमें चीनी बूरा,इलायची पाउडर, जायफल पाउडर, बादाम का पाउडर मिलाएं और लड्डू बना लें।

राजस्थानी रबड़ी मालपुआ 

malpua

सामग्रीः 1 लीटर दूध, 2 कप चीनी, 1/2 कप मैदा, 1/2 कप देसी घी, 1 बड़ा चम्मच इलायची पाउडर और 2 बड़े चम्मच ड्राईफ्रूट की हवाइयां। 

विधिः दूध को एक तिहाई रह जाने तक गाढ़ा होने तक पकाएं। चीनी में आधा कप पानी डाल कर चाशनी तैयार करें। इसमें इलायची पाउडर डालें। पैन में घी गरम करें। दूध में धीरे-धीरे मैदा मिलाएं। इसमें गांठें नहीं पड़नी चाहिए। एक कलछी मिश्रण घी में छोड़ती जाएं। दोनों ओर से उलट-पलट कर सेंक लें। तैयार पुअों को चाशनी में डुबोएं। ड्राईफ्रूट के साथ सजा कर परोसें। 

आलू की खीर 

kheer

सामग्रीः 1 लीटर फुलक्रीम दूध, 3 बड़े आलू, 200 ग्राम चीनी, 4-5 इलायची पाउडर, 10-10 बादाम, पिस्ता, चिरौंजी, काजू घी में रोस्ट किए हुए, 5-6 केसर के रेशे दूध में घुले, 75 ग्राम देसी घी। 
विधिः आलू छील कर कस लें। नॉनस्टिक पैन में घी गरम करें। इसमें आलू को फ्राई कर लें। दूध को 15 मिनट पकाएं। फ्राई किए हुए आलू डालें और 10 मिनट तक और पकाएं। चीनी मिलाएं। आंच से उतारने से पहले दूध में धुला केसर, इलायची पाउडर व फ्रूट्स डालें। चाहें, तो गुलाब की पंखुडि़यां डालें।