Friday 26 March 2021 04:32 PM IST : By Ruby

खाने का टेस्ट बदलने लिए ट्राई करें हर्ब्स

ओरिगेनो

- ओरिगेनो हर्ब अपनी खुशबू की वजह से इटैलियन फूड में इस्तेमाल की जाती है। लेकिन इन दिनों इंडियन फ्यूजन फूड में भी इसका सीजनिंग के तौर पर सूखा और हरा दोनों तरह से प्रयोग हो रहा है। आजकल घरों में हरा धनिया, पुदीना, ओरिगेनो थाइम और रोजमेरी जैसी हर्ब्स भी उगायी जाती हैं। ये सिर्फ खाने के स्वाद और महक को नहीं बढ़ाती हैं, बल्कि इसमें मौजूद एंटी ऑक्सीडेंट्स शरीर को स्वस्थ रखते हैं।

basil

- ओरिगेनो हर्ब मुगलई व्यंजनों में इस्तेमाल नहीं होती है। इटैलियन फूड जैसे पिज्जा, पास्ता में खासतौर पर इसका इस्तेमाल होता है। इंडियन फ्यूजन, सूप की टॉपिंग, वेज-नॉनवेज सैंडविच और फ्यूजन स्नैक्स में भी इसका स्वाद लिया जा सकता है।

- ऐसे व्यंजन जिनमें ऑलिव ऑइल, लहसुन, प्याज, काली मिर्च, कुटी लाल मिर्च का फ्लेवर हो, उनमें ओरिगेनो हर्ब बहुत अच्छी लगती है।

- ओरिगेनो का अंडे, चिकन, पनीर के व्यंजनों में प्रयोग होता है। आप चाहें, तो इंडियन और स्पेनिश ऑमलेट में भी इसका इस्तेमाल कर सकती हैं।

- ओरिगेनो का इन्फ्यूज्ड ड्रिंक्स में इस्तेमाल होता है। इसे बनाने के लिए आपको ताजा ओरिगेनो और शहद चाहिए। एक कांच के जार को आधा ओरिगेनो और चौथाई शहद से भर दें। इसे महीनेभर धूप में रखें। बीच-बीच में जार को खोल कर चलाती रहें। महीने के अंत तक इसे छान कर एअरटाइट डिब्बे में रखें। इसे इटैलियन फूड, बेक्ड वेजिटेबल्स, साधारण नीबू पानी और नमक के घोल में भी मिला सकती हैं।

- हनी रोस्टेड कैरेट, हनी रोस्टेड पोटैटो, भुना तिल बुरके बींस में भी ओरिगेनो का बहुत अच्छा टेस्ट आता है।

थाइम

thyme

- दरअसल थाइम हर्ब अपने खास स्वाद की वजह से टर्की, ग्रीक, फ्रेंच, इटैलियन फूड में अपनी पहचान बना चुकी है। इन दिनों यह हर्ब भी इंडियन फूड में पसंद की जा रही है। अंडे, टमाटर बेस्ड रेसिपी के अलावा चाय में भी इस हर्ब का इस्तेमाल कर सकती हैं।

- बेक्ड सब्जियों में जैसे आलू, बींस, बेलपेपर, स्वीटकॉर्न के साथ थाइम हर्ब का स्वाद बहुत खास लगता है। इसे भी फ्यूजन फूड में इस्तेमाल किया जाता है। इटैलियन फूड में ओरिगेनो के साथ-साथ थाइम का भी प्रयोग होता है।

- बेक्ड चिकन या बेक्ड फिश में भी थाइम से सीजनिंग होती है। लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि रोजमेरी, बेसिल और ओरिगेनो सभी एक साथ नहीं डाले जाते। थाइम की बहुत हल्की कपूर की सी खुशबू होती है। वेज-नॉनवेज सूप की टॉपिंग, वेज-नॉनवेज स्टॉक, स्ट्यू में भी इसका इस्तेमाल होता है।

- फ्रेश थाइम और ओरिगेनो को हल्के गीले किचन टॉवल में रैप करके रखें। इन्हें बींस सलाद और टोमैटो बेस्ड डिश में काफी पसंद किया जाता है। अनियन-थाइम सूप, पंपकिन-पोटैटो सूप, कैरेट-जिंजर सूप, इटैलियन वेज सूप, मशरूम-बींस-स्प्राउट्स सूप और ब्रोकली स्टरफ्राई में भी इनका इस्तेमाल किया जाता है।

- मोमोज, डंपलिंग और पिज्जा में भी इसका इस्तेमाल किया जाता है। कुछ स्पेशल फ्यूजन जैसे लेमन-थाइम रसम में इसका स्वाद ले सकते हैं। अरहर की दाल, इमली का पल्प, ताजी थाइम, हींग, काली मिर्च, जीरा पाउडर को एक साथ उबालें। घी में सरसों, जीरा, करीपत्ते के साथ तड़का लगाएं। अंत में नीबू का रस मिलाएं। इसी तरह टोमैटो-लेमन थाइम का कॉम्बिनेशन भी ट्राई कर सकती हैं।

रोजमेरी

rosemary

- रोजमेरी हर्ब को वेज और नॉनवेज सूप, चिकन, फिश, मशरूम, प्याज, मटर, आलू और पालक की रेसिपीज में डाला जाता है।

- लेमन फ्लेवर होने की वजह से रोजमेरी का नॉनवेज, फ्रूट सलाद और सूप में प्रयोग होता है।

- बेक्ड वेजिटेबल लें, जिसमें 1 प्याज, 2-3 लहसुन की कलियां, 1 जुकीनी, 1 बेलपेपर, 1/2 कप मशरूम, 1/2 कप बेबी पोटैटो, 1/2 गाजर, 1/4 कप अलिव ऑइल, स्वादानुसार नमक, काली मिर्च और ताजी कटी रोजमेरी हों। सभी को मिक्स करें और 30 मिनट तक बेक करें। सूप और गार्लिक टोस्ट के साथ परोसें।

- लेमन, रोजमेरी पास्ता भी ट्राई कर सकती हैं। इसके लिए 2 कप स्पेगेटी पास्ता या बटरफ्लाई पास्ता, 2 बड़े चम्मच ऑलिव ऑइल, 1 प्याज चौकोर कटा, 2-3 लहसुन की कलियां कुटी हुई, भुने बादाम के स्लाइस, ताजी कटी रोजमेरी, मटर, हरी गोभी, कुटी लाल मिर्च, काली मिर्च और नमक लें। पैन में तेल गरम करें। इसमें कटे लहसुन व कटा प्याज भूनें। मटर, हरी गोभी डाल कर भूनें। पास्ता डालें। काली मिर्च, नमक, कुटी लाल मिर्च, भुने बादाम व बटर डालें। कटी हुई ताजी रोजमेरी डाल कर परोसें।