होंठ सुंदर नजर आएं इसलिए महिलाएं लिपस्टिक लगाती हैं, मगर ऐसा करने से वे अपने होंठों की स्वाभाविक सुंदरता को खो बैठती हैं। उनके होंठ अपनी रंगत खोने लगते हैं। इनको गुलाबी बनाए रखने के कुछ उपाय करके आप हमेशा खूबसूरत नजर आएंगी।
क्यों खोती है गुलाबी रंगत
- होंठों का नेचुरल कलर खोने की 2 वजह हैं- पहली, ब्लड सर्कुलेशन कम होना और दूसरी, सिगरेट पीना।
- सोते समय लिपस्टिक लगी रह जाने पर होंठों का गुलाबीपन डार्क कलर में तब्दील हो जाता है। इससे बचने के लिए रुई के फाहे को बादाम के तेल में डुबो कर होंठों पर लगाएं।
- कॉफी और चाय का अत्यधिक सेवन भी होंठों के रंग को प्रभावित करते हैं। सिगरेट ना पिएं। चाय-कॉफी कम करें।
- होंठों पर बार-बार जबान फेरने और एलर्जी होने पर ये डार्क पड़ जाते हैं।
- लिपस्टिक लगाने से पहले होंठों पर कंसीलर लगाएं। वह अच्छी तरह लगेगी और होंठों का कालापन भी छुप जाएगा।
- एक्सपाइरी डेट खत्म हो चुकी लिपस्टिक का प्रयोग ना करें।
आसान उपाय
- रोज रात को होंठों पर ग्लिसरीन व नीबू का रस लगा कर सोएं या सोते समय दूध की मलाई में शहद मिला कर लगाएं। सुबह होंठ कोमल व गुलाबी नजर आएंगे।
- चुकंदर को काट कर उसके टुकड़े होंठ पर मलें, होंठ पिंक बने रहेंगे।
- सुबह टूथब्रश करने के बाद उसी भीगे ब्रश से हल्के-हल्के होंठों पर जमे डेड सेल्स को हटाएं। नयी त्वचा उभर आएगी और होंठ गुलाबी दिखेंगे।
- रोज 2-3 लीटर पानी पीजिए और होंठों की रंगत में आया निखार देखिए।
- दूध में हल्दी मिला कर इसका पेस्ट बना लें। इसे होंठों पर लगाएं और सूखने के बाद धो दें। होंठों में आयी चमक और गुलाबीपन अलग ही लुक देगी।
- बादाम का तेल, शहद और चीनी मिला कर फेंट लें और फिर इसे होंठों पर लगा कर 10 मिनट तक मसाज करें।
- होंठों पर नारियल का तेल रोज लगाएं, वे मुलायम बने रहेंगे।
- नीबू के स्लाइस पर चीनी छिड़क कर होंठों पर रगड़ें, मृत कोशिकाएं निकल जाएंगी।
- दूध में लाल गुलाब की पत्तियां भिगो कर आधे घंटे रख दें। पत्तियां बाहर निकालें, उनमें कुछ बूंदें शहद और ग्लिसरीन की डाल कर पेस्ट बना लें। यह पेस्ट होंठों पर लगाएं और पिंक रंगत पाएं।
- होंठों पर विटामिन ई का कैपसूल तोड़ कर उसका सीरम होंठों पर लगाएं। सूखेपन से निजात मिलेगी।
- धूप में निकलने पर होंठ सूख जाते हैं और उनका रंग डार्क होता है। इससे बचने के लिए एसपीएफ बाम लगाएं। इसके अलावा एसपीएफ 15 युक्त लिपस्टिक लगाना अच्छा रहेगा।