Monday 23 November 2020 04:46 PM IST : By Ruby Mohanty

प्री ब्राइडल पैकेज कैसे चुनें, क्या शामिल करें

pre-bridal-care

1 आपके घर के पास कौन सा सैलून, किस रेंज में ब्राइडल मेकओवर दे रहा है, इस बारे में पता करें और एडवांस में इसकी बुकिंग करें।

2वेडिंग पार्टी के लिए अपने मेकअप आर्टिस्ट और हेअर ड्रेसर से सही हेअर स्टाइल के बारे में पहले से ही डिस्कस कर लें। सैलून कई तरह के मेकअप ऑफर करते हैं। जैसे हाई डेफिनेशन, एअर ब्रश या सॉफ्ट मेकअप। हाई डेफिनेशन मेकअप में चेहरा बेदाग और मुलायम दिखता है। क्लोजअप फोटोग्राफी के लिहाज से यह सही है। इस तरह के मेकअप ज्यादातर स्किन पर सूट करते हैं। सॉफ्ट मेकअप से नेचुरल लुक दिखता है। एअर ब्रश मेकअप में चेहरे पर सिर्फ स्प्रे किया जाता है। इसमें ब्रश और मेकअप स्पंज का इस्तेमाल नहीं होता है। इससे मेकअप जल्दी होता है और रिमूव करने में भी आसानी होती है।

3 अपनी लिस्ट में फिटनेस को भी शामिल करें। सही डाइट और रेगुलर एक्सरसाइज से स्किन ग्लो करेगी। ताजे फल, फलों का रस, सलाद, स्प्राउट्स, दही, पनीर वगरैह अपनी डाइट में नियमित रूप से शामिल करें।

4 अगर स्ट्रेस से गुजर रही हैं, तो अपने तनाव को दूर करने और रिलैक्स रहने के उपाय अपनाएं। वेडिंग से 3 महीने पहले से रेगुलर एक्सरसाइज करें। वॉक, योग, डीप ब्रीदिंग एक्सरसाइज करें। प्राणायाम इस लिहाज से काफी फायदेमंद है।

5अपने चेहरे को दिन में दो बार साफ करने की आदत डालें। अपनी स्किन टोन के मुताबिक क्लींजिंग मिल्क का इस्तेमाल करें। अगर मुंहासों की परेशानी है, तो मेडिकेटेड फेस वॉश का इस्तेमाल करें।

6 चिल्ड रोज वॉटर या स्किन टॉनिक से स्किन की टोनिंग करें। टोनिंग से ब्लड सर्कुलेशन ठीक रहता है और चेहरा मुलायम व चमकदार रहता है। टोनर को रुई के फाहे में भिगो कर चेहरे और गरदन पर लगा कर छोड़ दें।

7अगर आपकी स्किन ऑइली है, तो हेवी मॉइश्चराइजर क्रीम लगाने से बचें। अच्छा होगा कि एक छोटा चम्मच ग्लिसरीन में 100 मि.ली. रोज वॉटर मिला कर फ्रिज में रखें। इसे रोजाना हाथ, पैर और चेहरे पर लगाएं।

8 हफ्ते में एक या दो बार स्क्रब का प्रयोग करें। इससे डेड स्किन दूर होगी, रंग साफ दिखेगा और बदरंग त्वचा की परेशानी भी दूर होगी। अखरोट पाउडर, शहद और नीबू का रस मिला कर स्क्रब लगाएं। बादाम पाउडर, दही और चुटकीभर हल्दी पाउडर का भी इस्तेमाल कर सकती हैं।

9 हफ्ते में एक या दो बार फेस मास्क लगाएं। अपनी स्किन टाइप के मुताबिक फेशियल मास्क खरीदें। दो छोटे चम्मच चोकर, 2 छोटे चम्मच बादाम का पाउडर, 1 छोटा चम्मच शहद, 2 बड़े चम्मच दही और 1 बड़ा चम्मच गुलाबजल मिक्स करें और पैक लगाएं। 20 मिनट बाद धोएं।

10 पहले जमाने में दुलहन को जो उबटन लगाया जाता था, उसमें चोकर, बेसन, दही, मलाई और चुटकीभर हल्दी इस्तेमाल करते थे। आज भी होनेवाली दुलहनें उबटन लगा सकती हैं। सबसे पहले शरीर में तिल का तेल मलें। उसके बाद उबटन लगाएं। आधे घंटे बाद इसे मलते हुए छुड़ा लें। इससे रंगत साफ होगी और त्वचा स्वस्थ दिखेगी।

11हाथों पर खासतौर से 2 बड़े चम्मच सूर्यमुखी का तेल, 2 बड़े चम्मच नीबू का रस, 3 बड़े चम्मच दरदरी चीनी मिक्स करके लगाएं। इसे अच्छी तरह हाथों पर मलें। पंद्रह मिनट के बाद धो लें। इसे हफ्ते में 3 बार लगाएं।

12 हफ्ते में दो बार गुनगुने पानी में पैरों को 10 मिनट के लिए डुबो कर रखें और लूफा से साफ करें। इसमें लिक्विड शैंपू और नमक डालें। एड़ी साफ करने के लिए प्यूमिक स्टोन का इस्तेमाल करें। अगर एडि़यां फटी हुई हैं, तो फुट क्रीम लगाएं और एड़ी पर कपड़ा बांध कर ऊपर से सॉक्स पहन लें। रात को ऐसा करें। कुछ ही दिनों में एडि़यां स्वस्थ हो जाएंगी।

13 हफ्ते में दो बार बालों में हॉट ऑइल ट्रीटमेंट करें। बालों में गुनगुना तेल लगाएं। गरम पानी में तौलिया डुबो कर निचोड़ें और सिर पर लपेट लें। पांच मिनट के बाद इसे फिर दोहराएं। ऐसा 3-4 बार करें। इससे बालों की जड़ों तक तेल अच्छी तरह जज्ब होगा। बाल स्वस्थ रहेंगे।

14 शादी से एक या दो दिन पहले वैक्सिंग या थ्रेडिंग कराएं। अगर आपने कभी भी वैक्सिंग और थ्रेडिंग नहीं करवायी है, तो शादी के दो दिन पहले इसे ना कराएं। स्किन सेंसेटिव होगी, तो रैशेज और लाल चकत्तों की परेशानी हो सकती है।

कुछ और बातें भी ध्यान में रखें

- शादी से 5 दिन पहले आप मेनीक्योर और पेडिक्योर करा सकती हैं। किसी पार्लर से कराएं, तो बेहतर है। अपने हाथ - पैरों की अच्छी तरह मालिश कराएं। इससे ना सिर्फ स्किन नरम और मुलायम रहेगी, बल्कि आप रिलैक्स भी रहेंगी।

- आंखों में मेकअप लगाने से पहले आंखों को रिलैक्स करें। इसके लिए गुलाबजल को कुछ घंटों के लिए फ्रिज में रख दें। फिर रुई के फाहे को गुलाबजल में भिगो कर आंखों पर 5 मिनट के लिए रखें। इसे 2 बार दोहराएं।

- शादी से 2 दिन पहले बालों में मेंहदी भी लगा सकती हैं, जिससे बालों में चमक बरकरार रहेगी। अगर बाल बहुत रूखे हैं, तो मेंहदी में दही और सूर्यमुखी का तेल मिला लें। बालों में हिना की अच्छी रंगत के लिए लोहे की कड़ाही में हिना भिगोएं। चाय पत्ती को उबाल कर छान लें और इसे हिना में डाल कर अच्छी तरह मिलाएं। संतरे के छिलकों का पाउडर मिलाएं और ओवरनाइट रहने दें। बालों में इसे कम से कम 3 घंटे रहने दें। बालों को धो कर सुखा लें। बालों में तेल लगाएं और ओवरनाइट लगा रहने दें। अगले दिन शैंपू करें।

- शादी के कुछ हफ्ते पहले से रोज पूरी नींद लेना शुरू करें। देर रात तक जागना और अपनी नींद पूरी ना लेने से आंखों की खूबसूरती बिगड़ सकती है। आंखें थकी और चेहरा बुझा-बुझा दिखेगा। पूरी नींद लेने से त्वचा की कोशिकाएं स्वस्थ रहेंगी।

- चेहरे पर एक्स्ट्रा फ्रेशनेस के लिए स्प्रे बोतल में गुलाबजल रखें। जब भी थकान हो, चेहरे पर स्प्रे करें और खुदबखुद सूखने दें। इंस्टेंट फ्रेशनेस महसूस होगी।