Tuesday 19 September 2023 12:35 PM IST : By Ruby Mohanty

पुरुष भी कर सकते हैं मेकअप, लेकिन मेकअप की बारीकियां जानना भी जरूरी है

male-makeup

कभी किसी ने सोचा नहीं था कि रूटीन फंक्शन में पुरुष भी मेकअप करेंगे, लेकिन अब ऐसा नहीं है। कोई बड़ा फंक्शन हो या छोटा, लाइट्स और वीडियो के बीच चेहरे पर ताजगी बनी रहे, इसके लिए पुरुष के लिए भी लाइट मेकअप करना जरूरी है।

दिल्ली के वैनिटी अफेअर यूनिसेक्स सलून के हेअर ड्रेसर और मेकअप एक्सपर्ट निजाम अली का कहना है, ‘‘पुरुष अपने लिए मेकअप प्रोडक्ट खरीदते समय ध्यान रखें कि प्रोडक्ट शिमर युक्त ना हो। ग्लॉस बहुत ही हल्की मात्रा में हो।’’

डे फंक्शन के लिए

- पुरुष शेविंग के बाद चेहरे पर कुछ देर बर्फ मलें। चेहरे पर कसावट आएगी। चेहरे को थपथपा कर सुखा लें।

- चेहरे और गरदन पर बीबी क्रीम या सीसी क्रीम लगाएं। उनकी ही मात्रा में लगाएं, जितनी कि स्किन टोन पर यह नेचुरल दिखायी दे।

- आंखों के नीचे कंसीलर लगाएं और उंगली की मदद से एकसार कर लें। इससे आंखों के नीचे पड़े काले घेरे छिप जाएंगे और कंसीलर की वजह से स्किन टोन एकसार दिखायी देगी। हल्का सा फेस पाउडर लगाएं और एक्स्ट्रा फेस पाउडर चेहरे से निकाल लें। आईब्रो पर लगे पाउडर या फाउंडेशन को गीले इयर बड से हल्का-हल्का टच करते हुए निकाल दें।

- आईलैशेज पर ट्रांसपेरेंट मस्कारे का हल्का कोट लगाएं। इससे फीचर्स शार्प और सुंदर दिखेंगे।

- अंत में होंठों पर नेचुरल कलर का बाम लगाएं। ग्लिटर लिप बाम का इस्तेमाल करने से बचें।

ईवनिंग फंक्शन के लिए

- ईवनिंग फंक्शन के लिए खासतौर पर मेकअप बेस का खयाल रखें। स्किन टोन से मैच करता हुआ मॉइस्चराइजर युक्त फाउंडेशन लगाएं। आप चाहें, तो कैलामाइन लोशन भी लगा सकते हैं।

- आईलैशेज पर ट्रांसपेरेंट मस्कारा, आईब्रोज पर ग्रे रंग की ब्रो पेंसिल और होंठों पर लिप बाम लगाएं।