Monday 19 October 2020 05:01 PM IST : By Ruby Mohanty

चेहरे की शेप के मुताबिक बनवाएं आईब्रोज

eye-brow

चेहरे के मुताबिक आईब्रोज की कैसी शेप हो, घर में इन्हें शेप देने के लिए कौन से स्टेप्स अपनाएं? आईब्रोज को घना बनाने के लिए क्या करें?

आईब्रो शेपिंग

- सबसे पहले कुछ दिनों तक आईब्रोज की फुल ग्रोथ का इंतजार करें। उसके बाद आईब्रोज को मनचाही शेप दें। आईब्रो शेपिंग पहली बार खुद ना करें। किसी अच्छे पार्लर में ब्यूटीशियन से मदद लें। एक बार आईब्रोज को शेप मिल जाने पर आप उसे घर पर मेंटेन कर सकती हैं। घर पर आईब्रो शेप करने के लिए आप प्लकिंग कर सकती हैं।

- आईब्रो की सही शेप पाने के लिए आईब्रो पेंसिल की मदद से अपनी आईब्रोज पर 3 डॉट लगाने होंगे, इसके बाद उन्हें एक-दूसरे जोड़ें। अब इनकी शेप के बाहर फालतू बालों को प्लक करें।

- घर में आईब्रो प्लकिंग करते समय सबसे पहले आईब्रो एरिया के नीचे बर्फ मलें। एलोवेरा जैल, नारियल का तेल या अरंडी का तेल आईब्रो के निचले हिस्से में लगाएं। तेल की मात्रा बहुत कम होनी चाहिए। इससे आईब्रोज की जड़ें नरम पड़ जाती हैं और आईब्रोज से एक्स्ट्रा हेअर आसानी से प्लक हो जाते हैं।

- आपको सिर्फ उन्हीं बालों की थ्रेडिंग करनी चाहिए, जिन्हें आप हमेशा के लिए हटाना चाहती हैं। इसकी वजह यह है कि जब आप हेअर फॉलिकल्स को रैप करके थ्रेड करते हैं, तो ये पूरी तरह से ब्रेक हो जाते हैं और अगर दोबारा ग्रो होते हैं, तो कर्ली होते हैं या गलत ग्रो होते हैं।

चेहरे को फ्रेम करती आईब्रोज

- आईब्रोज से चेहरा खूबसूरत दिखता है। ये आपके पूरे चेहरे को फ्रेम करती हैं। इसके लिए आपको अपनी आईब्रोज शेप करते समय एक्स्ट्रा केअर करने की जरूरत है, ताकि ये नेचुरल लगें।

- अगर किसी की आईब्रो की शेप अच्छी नहीं आती है, तो उसे फेक शेप देने की गलती नहीं करें। इससे चेहरे के आकार में फर्क दिखने लगेगा।

तीन तरह की आईब्रोज

- आमतौर पर आईब्रोज 3 तरह की होती हैं। आईब्रोज में शॉर्प उठान या गिरावट है, तो इसे आर्क कहते हैं।

- अगर यह कर्व सॉफ्ट और हल्का घुमावदार है, तब इसे एंगल आर्क कहते हैं। यह गोल चेहरे के लिए खास है।

- आईब्रोज की ऊंचाई काफी कम है, तो इन्हें स्ट्रेट आईब्रोज कहा जाता है। ये लंबे चेहरे पर जंचती है। आर्क, एंगल आर्क और स्ट्रेट आईब्रोज में से आपके चेहरे पर क्या सूट करता है, उसे ध्यान में रख कर आईब्रो की शेपिंग करें। अपनी आईब्रोज को कभी भी जरूरत ज्यादा पतला ना करें। इससे चेहरा मैच्योर दिखायी देगा।

चेहरे की शेप और आईब्रो

- गोल चेहरे के लिए धनुषाकार आईब्रो की शेप बेस्ट मानी गयी है।

- अंडाकार चेहरे के लिए बैलेंस और कॉन्टूर ब्रो सही लगती है।

- सॉफ्ट गोलाई की शेप ली हुई आईब्रोज स्क्वॉयर फेस पर अच्छी लगती हैं।

- आईब्रोज को परफेक्ट शेप देने के लिए आपको सबसे पहले उन्हें बढ़ाने की जरूरत है। आईब्रोज की ग्रोथ होने पर ही उन्हें शेप दें। इससे आईब्रोज पतली नहीं लगेंगी और परफेक्ट शेप मिलेगी।

- आईब्रोज को इंस्टेंट शेप देने के लिए आईब्रो पेंसिल का इस्तेमाल करें। पेंसिल की मदद से भी आपकी आईब्रोज को परफेक्ट शेप मिल सकती है।

आईब्रो प्लकिंग और ट्रिमिंग

- आईब्रो ब्रश से आईब्रोज को कॉम्ब करें। छोटी कैंची से सिर्फ आईब्रो के लंबे बालों को ट्रिम करें। बहुत ध्यान से आईब्रो को कट करें, जिससे आईब्रो ज्यादा कटी ना लगे। आईब्रो जैल से आईब्रोज को सेट करें। इससे ये ज्यादा समय तक सेट रहेंगी और चेहरे को क्लीन लुक मिलेगा।

- घर में आईब्रो शेपिंग के लिए ट्वीजर रखें। अपने चेहरे के मुतािबक आईब्रो की सही शेप चुनें। आईब्रोज की क्लीन आउटलाइन के लिए हल्के हाथ से आईब्रो पेंसिल से आईब्रो के गैप को भरें। उसके बाद अगर आईब्रो के बाहर कुछ अतिरिक्त बाल हों, तो उन्हें रूट से प्लक करें।

- आईब्रो की शेपिंग के लिए वैक्सिंग का सहारा बिलकुल भी नहीं लें, क्योंकि इससे आपकी आईब्रोज की शेप बिगड़ सकती है और आपके फेस का लुक खराब हो सकता है। बेहतर है कि आप आईब्रो बनाने के लिए ट्वीजर या फिर थ्रेडिंग का ही इस्तेमाल करें।

- थ्रेडिंग भी तभी कराएं जब इसकी जरूरत हो, वरना बार-बार थ्रेडिंग से स्किन को नुकसान पहुंचेगा और इनग्रो हेअर की समस्या भी बनी रहेगी।

- ऐसा भी नहीं होना चाहिए कि एक बार आईब्रोज की अच्छी शेप मिलने के बाद अगली बार बहुत दिनों के बाद थ्रेडिंग करें। इससे आईब्रो की शेप पहलेवाली नहीं रहेगी। अगर आईब्रो की ग्रोथ कम है, तो घर पर ही समय-समय पर प्लकिंग करके आईब्रोज की शेप को मेंटेन करें।

- परफेक्ट आईब्रोज पाने के लिए आप हर बार एक ही तरफ से थ्रेडिंग कराएं, ताकि सही ग्रोथ हो। ध्यान रखें कि तरीका कोई भी हो, आईब्रोज को बनाते वक्त आपके चेहरे खासतौर पर अांखों के ऊपरवाली स्किन को टाइट करके पीछे से खींचे रहना जरूरी है। एेसा करने पर आईब्रो की शेप परफेक्ट बनेगी। इतना ही नहीं, स्किन भी थ्रेडिंग या प्लकिंग से कटने-फटने से सेफ रहेगी।

- बहुत से आईब्रो आर्टिस्ट आईब्रोज को परफेक्ट शेप देने के लिए बहुत ज्यादा प्लकिंग कर देते हैं, जो चेहरे को सूट नहीं करता। इसलिए जरूरी है कि ब्यूटीशियन को पहले ही बता दें कि आपको आईब्रोज पतली रखनी हैं या मोटी रखनी हैं।

आईब्रोज को घना कैसे बनाएं

- रात को सोने से पहले आईब्रोज में थोड़ा सा ऑलिव ऑइल, अरंडी का तेल या बादाम का तेल लगा कर हल्का सा मसाज करें। इन तेलों में मौजूद पौष्टिक गुण आईब्रो की ग्रोथ को अच्छा बनाने में मदद करते हैं। अगर रोज रात में सोने से पहले इन तेलों का इस्तेमाल अपनी आईब्रोज पर करती हैं, तो जल्द ही आपकी आईब्रोज पहले की तुलना में घनी और काली दिखने लगेंगी। आईब्रो हेअर की कंडीशनिंग होगी और वे चमकदार दिखायी देंगी।

- आईब्रोज को घनी करने के लिए विटामिन सी के कैप्सूल भी आपकी मदद कर सकते हैं। इसके लिए आप रोज विटामिन सी के कैप्सूल का जैल निकाल कर अपनी आईब्रोज पर हल्के हाथों से लगाएं।

आईब्रो मेकअप

eye-brow-2

- आईब्रोज हल्की है, तो उसे आई पेन्सिल की मदद से भर दें। अगर आपकी अांखें हल्के भूरे या काले रंग की हैं, तो ऐसी पेन्सिल चुनें, जो आपके बालों के रंग से गहरे शेड की हो।

- अगर आईब्रो गहरे रंग की हैं, तो आईब्रो शेड 2 शेड हल्का ही चुनें।

- अगर आपके पास आईब्रो पेन्सिल नहीं हो, तो आई शैडो का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। इसे सेट करने के लिए क्लीयर जैल का इस्तेमाल करें। ट्रांसपेरेंट मस्कारे को भी आईब्रो जैल के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं इससे स्मजिंग नहीं होगी।

- कभी भी आईब्रो पर हेअर कलरिंग ना करें। इससे आईब्रोज जल्दी झड़ने लगेंगी।

eye-brow-3

- आईब्रो मेकअप रिमूव करने के लिए सोप या फेसवॉश का इस्तेमाल ना करें। सबसे पहले आईब्रोज पर नारियल तेल मलें। भीगी रुई की फाहे को निचोड़ कर आईब्रोज को हल्के हाथों से पोंछें।