Tuesday 02 February 2021 02:54 PM IST : By Anu

हाथों के लिए खास कॉस्मेटिक प्रोसीजर्स, जिनसे उम्र दिखेगी आधी

hands-beauty

अपने चेहरे पर आप रोज पंद्रह मिनट देती हैं। लेकिन हाथों पर भी उतना ही ध्यान देने की जरूरत है। डार्क स्पॉट्स, झुर्रियां और बदरंग त्वचावाले हाथों का भी कॉस्मेटिक मेकओवर हो रहा है। त्वचा को पुनर्जीवित करने की नयी तकनीकी से हाथों को खूबसूरत बनाया जा रहा है। वैसे विश्वभर में हैंड रिजुविनेशन विद डर्मा फिलर इन दिनों काफी प्रचलित है। अगर आप इस उपचार की विधि देखें, तो लगेगा कि कोई फिल्म का सीन चल रहा है, जिसमें किसी बहुत बूढ़े व्यक्ति को कोई जादुई इंजेक्शन लगाने पर वह एकदम जवान बन जाता है, ठीक वैसे ही आजकल हाथों पर डर्मा फिलर का इंजेक्शन लगते ही बूढ़े दिखते हाथ फिर से जवां हो जाते हैं।

एक इंटरनेशनल ब्यूटी क्लीनिक मैडी स्कल्प, एस्थेटिक एंड एंटी एजिंग सोल्यूशन की कॉस्मेटोलॉजिस्ट डॉ. अनुष्का रेड्डी हैंड्स मेकओवर के लिए मुख्य रूप से दो उपचार बताती हैं-

दो तरह के उपचार

केमिकल पीलः हाथों पर एज स्पॉट्स से हाथ बहुत बुरे दिखते हैं, पर केमिकल पील लगाने से रिंकल्स और एज स्पॉट्स दूर हो जाते हैं।

वोल्यूम एनहैन्सिंग फिलरः इस ट्रीटमेंट में हथेली के पिछले हिस्से पर डर्माफिलर लगाया जाता है, इससे हाथ तुरंत गुदगुदा हो जाता है। बढ़ती उम्र की वजह से हाथों पर नसें उभरने लगती है, हडि्डयां कमजोर पड़ जाती हैं और मांसपेशियां सिकुड़ जाती हैं। डर्मा फिलर की वजह से बूढ़े दिखते हाथ एकदम से जवान दिखने लगते हैं। पूरी प्रकिया में इंजेक्शन का इस्तेमाल होता है। इंजेक्शन के दर्द को कम करने के लिए खास तरह की क्रीम लगायी जाती है। इस विधि के बाद महिला तुरंत अपने रोजमर्रा के काम कर सकती है। एक या दो दिन तक हाथों पर हल्की सूजन बनी रहती है। दिल्ली के डर्मा वर्ल्ड स्किन क्लीनिक के निदेशक डॉ. रोहित बत्रा जानकारी देते हैं नेचुरल बायो डर्मल फिलर एक तरह से प्लाजमा जैल ही होता है। यह हाथों की झुुर्रियों को दूर करके त्वचा को मुलायम बनाता है। चेहरे के साथ-साथ हाथों को भी जवां बनाए रखने की ओर महिलाअों का ध्यान जाने लगा है।

कितना रहता है असर

डर्मा फिलर करते समय इसका हाथों पर कई बार सिर्फ महीनाभर और कई बार सालभर असर रहता है। डॉ. बत्रा के मुताबिक वे अपने मरीजों के हाथों में उपचार का असर 1-2 साल तक देखते हैं। यह असर लंबे समय तक बना रहे, इसके लिए महिलाएं बीच-बीच में टच अप भी करवा सकती हैं। टचअप में इंजेक्शन फिर से लगाए जाते हैं।

कितना है खर्चा

हाथों को जवां रखने के उपचार की कीमत इस बात में भी तय होती है, आप कौन सा उपचार ले रही हैं। पील ऑफ रेंज 800 रूपए से 1200 रूपए तक के होते हैं। हर इंजेक्टेबल फिलर की कीमत 8000 रूपए है। वैसे उपचार की पूरी कीमत इस बात भर भी निर्भर करती है कि डर्माफिलर के लिए कितने इंजेक्शन में इस्तेमाल में लाए गए हैं। वैसे एक्सपर्ट मानते हैं कि ज्यादातर महिलाएं चेहरे की त्वचा को तरह-तरह की क्रीम और फेस पैक से नरिश कर लेती हैं, पर हाथों की अवहेलना क्यों करती हैं? जो महिलाएं अपने हाथों की सामान्य देखभाल नहीं करतीं हैं, उनके हाथ रूखे और अंडरनरिश दिखते हैं। उन्हें चाहिए कि वे सबसे पहले कटे-फटे क्यूटिकल्स पर क्यूटिकल ऑइल इस्तेमाल करें। जब भी घर से बाहर निकलें, हाथों पर खासतौर से हथेलियों के पिछले हिस्से पर भी सनस्क्रीन के दो कोट लगाएं। हर रात सोने से पहले घर के काम करने के बाद हाथ धो कर हैंड क्रीम लगाना ना भूलें। ऐसा नियमित करेंगी तो एक हफ्ते में हाथों की रंगत और उसकी त्वचा पर साफ असर दिखायी देगा। अगर आपको हैंड क्रीम उपलब्ध नहीं हो पाती है, तो अच्छी कंपनी का रिच माइॅश्चराइजर लगाएं, जो हाथों में जल्दी जज्ब हो जाएगा। यह सामान्य हैंड लोशन की तुलना में ज्यादा असरदार साबित होता है। हफ्ते में दो बार हाथों की टैनिंग हटाने के लिए शहद और नीबू लगा कर रखें और आधे घंटे के बाद धो लें। बरतन धोने के बाद नीबू के छिलके नाखूनों पर घिसें।

घर में कैसे करें हाथों की देखभाल

- l 1/2 कटे नीबू के रस में 1 छोटा चम्मच शहद मिक्स करें। 2-3 बूंदें ऑलिव ऑइल की डालें और हाथों पर 10 मिनट तक मलें। इसे गुनगुने पानी से हाथ धो लें। हाथों की त्वचा साफ हो जाएगी।

- l एक छोटा चम्मच मिल्क पाउडर, 2 चुटकी बेकिंग सोडा और 2 बूंदें बादाम के तेल की मिला कर पेस्ट तैयार करें। हाथों पर इसे 15 मिनट लगाए रखें, हाथ धो कर मॉइश्चराइजर लगाएं। हफ्ते में एक बार इस पेस्ट को लगाने से हाथों पर जमी डेड स्किन निकल जाएगी और हाथों का कालापन दूर होगा।

- 1/2 कटे टमाटर के साथ आधा चम्मच शहद मिला कर पेस्ट बना लें। इसे हाथों पर लगाएं। 15 मिनट के बाद ठंडे पानी से धो लें। हफ्ते में 2-3 बार इसका प्रयोग करें।

- 1 केले को मैश करें, 1 बड़ा चम्मच शहद और 1 छोटा चम्मच नीबू के रस को मिला कर पेस्ट तैयार करें। पेस्ट को लगा कर 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें। गुनगुने पानी से हाथों को धो लें।

- बेसन में दही और चीनी का बूरा मिलाएं। इसमें छोटा चम्मच ऑलिव ऑइल मिला कर हाथों पर लगाएं। हाथों की बदरंग त्वचा साफ हो उठेगी।

- 2 छोटे चम्मच बेसन में 1 बड़ा चम्मच शहद और थोड़ा सा दही या दूध मिक्स कर लें। हाथों पर 10 मिनट तक लगाएं। पानी से धोने के बाद हैंड क्रीम लगा कर रखें।

- 2 बड़े चम्मच गाजर का रस और 1/2 छोटा चम्मच शहद मिक्स करें। दो बूंदें विटामिन ई की डालें और हाथ पर लगाएं। 20 मिनट बाद धो लें।

- 2 बड़े चम्मच दही, 1 बड़ा चम्मच शहद, 3 बड़े चम्मच जौ का आटा, 1 छोटा चम्मच संतरे के छिलके का पाउडर, सभी को मिलाएं और हाथों पर लगाएं। 5 मिनट तक हल्के हाथ से मलें। हाथों की डेड स्किन निकल जाएगी।

- 2 बड़े संतरे का रस और 1 बड़ा चम्मच शहद मिला कर हाथों पर लगाएं और 15 मिनट के बाद ठंडे पानी से धो लें। ऐसा हफ्ते में तीन बार करें, तो हाथों की त्वचा साफ रहेगी।

- पके पपीते को मैश करके हाथों पर लगाएं। इससे हाथों की महीन झुर्रियां दूर होंगी और रंगत साफ होगी। इसे हफ्ते में 3 बार लगाएं।