Tuesday 06 July 2021 03:26 PM IST : By Nisha Sinha

इम्यूनिटी बूस्टर ड्रिंक है ठंडाई

thandai

ड्राईफ्रूट्स अौर दूसरी पोषण चीजों से बनी ठंडाई गरमियों के लिए बेस्ट ड्रिंक है। अाप भी बनाएं अौर पिएं-पिलाएं।

उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पंजाब में ठंडाई को खूब पसंद किया जाता है। महाशिवरात्रि और होली के आसपास इसकी खूब मांग होती है। कहते हैं भोलेनाथ को भांग की ठंडाई बेहद प्रिय है। बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में इसकी ढेरों वेराइटी मिल जाती हैं। आमतौर पर मैंगो ठंडाई, बादाम केसर ठंडाई, गुलाब ठंडाई को सबसे अधिक पसंद किया जाता है। इम्युनिटी बूस्ट करने की बात हो, तो ठंडाई एक लाजवाब ड्रिंक साबित हो सकती है। इसे नेचुरल डिटॉक्स ड्रिंक भी माना जाता है, क्योंकि इसमें इलायची का इस्तेमाल किया जाता है। यह एक ऐसा ड्रिंक है, जिसमें मसाले और ड्राईफ्रूट्स का उपयोग किया जाता है। इसमें मिश्री होने की वजह से गरमी के मौसम में यह कफ, कोल्ड और गले के संक्रमण को दूर रखती है। 

गरमी की दोपहर में ठंडाई पीने का अपना ही आनंद है। दरअसल ठंडाई को तैयार करने के दौरान उसमें कई फायदेमंद चीजें मिलायी जाती है, जो शरीर के लिए जादू का काम करती हैं। गरमी के दिनों में बड़े और बच्चों दोनों के मुंह में छाले हो जाते हैं। जो ठंडाई को नियमित पीते हैं,  उनको यह तकलीफ छू भी नहीं पाती है। पंचकूला स्थित पारस हॉस्पिटल की डाइटीशियन आशिमा नय्यर के अनुसार ठंडाई को बना कर फ्रिज में रखा जा सकता है। खरबूजे के बीज प्रोटीन और एनर्जी का बेहतरीन स्रोत हैं। इसे भी ठंडाई में मिलाते हैं। 

ठंडाई का काम केवल शरीर को कूल रखना भर ही नहीं। ठंडाई में सौंफ मिलायी जाती है। सौंफ शरीर को ठंडा रखने के साथ-साथ पेट के लिए भी अच्छी मानी जाती है। गैस की तकलीफ से परेशान लोगों को इससे आराम मिलता है। बिगड़ चुके डाइजेशन पर सौंफ का अच्छा असर पड़ता है।

ठंडाई में मेथी भी मिलायी जाती है। मेथी का एक सबसे बड़ा गुण है कि यह पेट फूलने यानी ब्लोटिंग की समस्या से राहत दिलाती है। शरीर हल्का महसूस करता है।

जिनको कब्ज ने परेशान कर रखा है, वे ठंडाई पिएं, तो अच्छा प्रभाव दिखेगा। इसमें खसखस के साथ कई चीजें मिलायी जाती हैं, जो फाइबर से भरपूर होती हैं।

इसमें लौंग, काली मिर्च जैसे गरम मसालों का भी प्रयोग होता है, जो इम्युनिटी को मजबूत करते हैं। यह ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल में रखती है। साथ ही यह कोल्ड और कफ को भी दूर रखती है।

इसमें गुलाब की पंखुड़ियां भी मिलायी जाती हैं। इसकी खासियत होती है कि यह गरमी में होनेवाली थकान को दूर करती है। गुलाब की पंखुड़ियों की वजह से शरीर को ठंडक महसूस होती है। 

केसर ठंडाई में मिलायी जाने वाली एक खास सामग्री है। यह एंटी ऑक्सीडेंट से भरपूर होती है।

पिस्ता, बादाम जैसे ड्राईफ्रूट्स से बने होने के कारण यह शरीर को एनर्जी से भरा रखती है। इसमें कद्दू और तरबूज के बीज भी होते हैं, जिसके कारण भी ठंडाई पीने वालों को ऊर्जा की कमी महसूस नहीं होती है।