प्रश्नः मेरे हसबैंड की उम्र 35 साल है। उन्हें शीघ्र स्खलन की समस्या है, जिसके लिए उन्होंने यूरोलॉजिस्ट से संपर्क किया। शीघ्र स्खलन के उपचार के लिए डॉक्टर ने उन्हें प्राइवेट पार्ट के अग्रभाग पर एक ऑइंटमेंट लगाने की सलाह दी। उससे पति को काफी फायदा है, लेकिन सहवास के समय मुझे कोई अहसास ही नहीं होता। ऐसा क्यों हो रहा है?
उत्तरः शीघ्र स्खलन की समस्या के लिए कई उपचार उपलब्ध हैं- जैसे डेपॉक्सेटिन 60 मि.ग्रा., इसे सहवास से 1 घंटा पहले एक गिलास पानी के साथ लें, तो ज्यादातर शीघ्र स्खलन में विलंब हो जाता है। दस में से 6 लोगों को इससे फायदा हो जाता है। यह गोली 24 घंटे में एक बार ले सकते हैं। इसका असर 1 घंटे बाद शुरू होता है और4 घंटे तक रहता है। दूसरा उपचार वह है, जिसे आपके पति ले रहे हैं। इसमें पुरुष को अपने पेनिस के अग्रभाग पर अॉइंटमेंट लगाना होता है। यह ऑइंटमेंट एनेस्थेटिक होता है, जिससे पुरुष के प्राइवेट पार्ट में संवेदना कम हो जाती है। इससे कुछ पुरुषों में शीघ्र स्खलन विलंबित स्खलन में परिवर्तित हो जाता है। पुरुष को सहवास के दौरान प्रवेश से 5 मिनट पहले अपने प्राइवेट पार्ट पर लगे ऑइंटमेंट को पानी से धो लेना चाहिए। इससे स्खलन भी विलंब से होगा और आपको भी कुछ ना होने का अहसास भी खत्म हो जाएगा। आपको अहसास ना होने की वजह है आपके हसबैंड के पेनिस पर लगा हुआ ऑइंटमेंट। उस के असर से ही आपका प्राइवेट पार्ट भी संवेदनहीन हो जाता है। एेसे में आपके पति कंडोम पहन कर संबंध बना सकते हैं।
प्रश्नः मैं 35 साल का पुरुष हूं। आजकल मेरी सेक्सुअल संबंधों की ख्वाहिश अचानक बढ़ गयी है। उसकी कोई खास वजह हो सकती है? यह किसी रोग का लक्षण तो नहीं?

उत्तरः कामेच्छा बढ़ने के शारीरिक और मानसिक दोनों कारण हो सकते हैं। ज्यादातर कामेच्छा बढ़ने का कारण है मेनिया और सिजोफ्रेनिया। हां, सिजोफ्रेनिया में कभी-कभी कामेच्छा एकदम कम भी हो सकती है। अगर आपकी कामेच्छा अचानक बढ़ गयी है और कंट्रोल नहीं होता, तो इसकी एक वजह ब्रेन के फ्रंटल लोब में ट्यूमर भी हो सकता है। कामेच्छा शराब या नशीली दवाअों के सेवन से अस्थायी रूप से बढ़ सकती है। वैसे कामेच्छा बढ़ने की मानसिक वजह ज्यादा होती है, शारीरिक नहीं।
प्रश्नः मैं 45 साल की महिला हूं। पिछले कुछ दिनों से सहवास के दौरान परेशानी हो रही है। सेक्स करते समय लगता है प्राइवेट पार्ट अंदर से छिल गया है, जलन भी होती है। यह दिक्कत क्यों हो रही है?
उत्तरः आप प्री-मेनोपॉजल पीरियड से गुजर रही हैं। इस समय शरीर में फीमेल हारमोन इस्ट्रोजन की कमी हो जाती है, जिसकी वजह से वेजाइनल वॉल नाजुक हो जाती है। आप अपनी गाइनीकोलॉजिस्ट से मिल कर जांच करा लें कि कोई अंदरूनी इन्फेक्शन तो नहीं है। अगर हो, तो इलाज करा लें। इस्ट्रोजन की कमी को दूर करने के लिए खाने में सोयाबीन और हरी पत्तेदार सब्जियां शामिल करें। डॉक्टर की सलाह से इस्ट्रोजन क्रीम का भी प्रयोग कर सकती हैं। आप पति से कहें कि वे फोरप्ले में ज्यादा समय बिताएं।
प्रश्नः फीमेल सेक्सुअल अराउजल डिस्अॉर्डर (FSAD) क्या है?
उत्तरः स्त्रियों में काम उत्तेजना में गड़बड़ी के कई कारण हो सकते हैं। ओवरीज में फीमेल हारमोन इस्ट्रोजन बनता है, जो सेक्सुअल डिजायर के लिए जरूरी है। इसमें गड़बड़ी हो जाए, तो कामेच्छा में कमी आ सकती है। कई बार मेनोपॉज में, ओवरी रिमूवल के बाद या कीमोथेरैपी जैसे रेडिएशन के कारण भी यौन इच्छा में कमी आ जाती है। इस्ट्रोजन की कमी से प्राइवेट पार्ट में गीलापन नहीं होता और जब संबंध बनते हैं, तो स्त्री को दर्द होता है। यही दर्द स्त्री की काम उत्तेजना में कमी का कारण बनता है। ‘मुझे फिर से दर्द होगा तो...’ यह सोच कर वह सेक्स से कतराती है। दरअसल इसका कारण पुरुषों द्वारा फोरप्ले में पर्याप्त समय ना बिताना है।