A chance overheard conversation at a kitty party prompts a veteran writer to reflect on family dynamics, elderly care, and the evolving nature of relationships across different generations.

A chance overheard conversation at a kitty party prompts a veteran writer to reflect on family dynamics, elderly care, and the evolving nature of relationships across different generations.

You’ve reached a Premium Story.

Get full access Today

  • 5k+ Premium Stories
  • 500+ Columnists
  • 100% Ad-Free Experience
  • ExclusiveWebinars

A chance overheard conversation at a kitty party prompts a veteran writer to reflect on family dynamics, elderly care, and the evolving nature of relationships across different generations.

You’ve reached a Premium Story.

Get full access Today

  • 5k+ Premium Stories
  • 500+ Columnists
  • 100% Ad-Free Experience
  • ExclusiveWebinars

किटी पार्टी के लिए पूनम के घर पहुंचने में प्रतिभा जी को देर हो गयी थी। वे खुले दरवाजे से अंदर प्रवेश करने ही वाली थीं कि अंदर चल रहे संवाद में अपने नाम का उल्लेख सुन चौंक उठीं। अरे, यह तो नीलू का स्वर लगता है ! किटी क्लब की कम उम्र सदस्याओं में से एक ! आवाज से काफी आक्रामक मूड में नजर आ रही थी।

‘‘मैं प्रतिभा जी का बहुत सम्मान करती थी। ना केवल इसलिए कि वे एक अनुभवी और लब्धप्रतिष्ठित लेखिका हैं, वरन इसलिए भी कि वे मुझसे उम्र में भी काफी बड़ी हैं। लेकिन पिछले सप्ताह मैंने उनके घर में जो कुछ देखा, मेरी उनके प्रति धारणा पूरी तरह बदल चुकी है। अब मैं चाह कर भी उन्हें वह सम्मान नहीं दे पाऊंगी, जो अब तक देती आयी हूं।’’

‘‘अच्छा, ऐसा क्या हो गया था पिछले सप्ताह?’’ पूनम, जो पिछले सप्ताह अनुपस्थित थी, एकदम चिहुंक कर पूछ बैठी।

‘‘पिछले सप्ताह चांदनी के यहां किटी पार्टी थी। प्रतिभा जी उस पार्टी में नहीं थीं। हम सभी को मालूम ही है कि उनकी सास को ब्रेन कैंसर हो गया है और वे इलाज के लिए यहां आयी हुई हैं। हम सबने निश्चय किया कि पार्टी समाप्त होने पर हम सब प्रतिभा जी के यहां उनकी सास की तबियत पूछने जाएंगे। और हम गए भी। पर वहां हमें प्रतिभा जी का जो रूप देखने को मिला उसकी तो किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। हमारी बैठकों में वे स्त्री सम्मान, नारी जागृति की कितनी बातें करती हैं और वह भी कितने मुखर स्वर में ! स्त्री को किसी से दबने की आवश्यकता नहीं है ना घर में और ना बाहर।’’

‘‘हां बिलकुल ! मैं भी उनकी इस बात से सहमत हूं,’’ चांदनी ने सहमति में गरदन हिलायी।

प्रतिभा जी उत्सुकता से कान लगाए खड़ी थीं। जानती थीं कि उनके अंदर प्रवेश करते ही इस वार्ता को पूर्णविराम लग जाएगा। और वे यह जानने से वंचित रह जाएंगी कि उनके प्रति उनकी साथी सदस्याएं क्या विचार रखती हैं? इसलिए वे दम साध कर वहीं ओट में हो गयी थीं। नीलू का और भी मुखर स्वर उनके कानों में पड़ा।

‘‘सहमत तो हम सभी हैं। हम सभी सुशिक्षित, जागरूक महिलाएं हैं। बरसों से हो रहे नारी जाति के शोषण के खिलाफ आवाज उठाने का हौसला रखती हैं। जब मैं शादी करके आयी थी, तो अपने पति को हर वक्त सास के आगे-पीछे घूमते देख हैरान रह गयी थी। मैंने तो उसे साफ-साफ सुना दिया था कि तुम्हें अपनी मां के पल्लू से ही बंधे रहना था, तो मुझसे शादी क्यों की? मुझे अलग फ्लैट में रहना है। कुछ समय तो वह इसे मेरी गीदड़भभकी समझ कर टालता रहा। पर जब मैंने भी अपने रंग दिखाने शुरू किए, तो उस ममाज बाॅय को अलग फ्लैट लेना ही पड़ा। अब मैं आजाद तितली की तरह उन्मुक्त उड़ान भर रही हूं। कई किटी पार्टी की सदस्या बन गयी हूं।’’

‘‘वाह !’’ सबकी ईर्ष्यालु नजरें नीलू पर आ टिकी थीं। पर प्रतिभा जी की बात तो अभी भी रह ही गयी थी। पूनम ने याद दिलाया, तो नीलू मुद्दे की बात पर लौटी।

‘‘हां, तो हम सबने देखा प्रतिभा जी के पति अपनी बीमार मां को बड़े ही प्यार से अपने हाथों से खाना खिला रहे थे और प्रतिभा जी आज्ञाकारी बहू की तरह उनके हर आदेश का पालन कर रही थीं। पहले वे आदेशानुसार सेब काट कर लायीं। फिर छिलका हटाने का आदेश मिला। वह भी उनकी सास से नहीं निगला गया, तो और बारीक टुकड़े करने का फरमान जारी हुआ। हम सभी आश्चर्य से देख रही थीं कि प्रतिभा जी कैसे सिर झुकाए हर आदेश का अक्षरशः पालन करती जा रही थीं।

‘‘उनकी सास हाथ-पैर पटकते हुए ना खाने की जिद लगाए हुए थीं और उनके पति अपनी मां को बच्चों की तरह पुचकारते हुए खा लेने का आग्रह किए जा रहे थे। हमारे अभिवादन पर उन्होंने बस एक बार हम लोगों से बैठने का आग्रह किया था। बाकी पूरे वक्त उनका ध्यान इसी बात पर लगा रहा कि किसी तरह उनकी मां के गले कुछ उतर जाए।

‘‘अच्छा मां, इसका शेक बनवा दूं? ठंडा-ठंडा, मीठा-मीठा एपल शेक ! हां, वह ठीक रहेगा, वह तुम्हें जरूर पसंद आएगा। प्रतिभा, जरा इसमें दूध-शक्कर डाल कर मिक्सर में चला लाओ।’’

प्रतिभा जी फिर कठपुतली की तरह उनके इस आदेश का भी पालन कर लायीं। आखिरकार शेक की कुछ बूंदें माता जी ने गले के नीचे उतारीं। तब उनके पतिदेव ने संतुष्टि की सांस ली और प्रतिभा जी भी राहत महसूस कर हमारी ओर मुखातिब हुईं।

‘‘क्या करें? मांजी का कैंसर अंतिम अवस्था में है। बहुत चिड़चिड़ी और आक्रामक हो गयी हैं। इनके अलावा किसी के हाथ से खाने को ही तैयार नहीं होतीं। अब ऐसे में धीरज तो रखना ही पड़ता है...’’ समझ नहीं आ रहा था वे किसके धीरज की बात कर रही थीं? शायद अपने दब्बूपन को ही धीरज का नाम दे रही थीं। बस, मुझे तो उसी क्षण से उनसे वितृष्णा सी हो गयी।’’

अंदर की चुप्पी से प्रतिभा जी को लग रहा था कि शायद अन्य महिलाएं भी सहमति में सिर हिला रही थीं। एक पल को तो उन्हें लगा कि इतने दिनों बाद किटी क्लब आ कर उन्होंने कोई भारी गलती कर दी है। कदम पीछे मुड़ने को हुए, पर फिर कुछ सोच कर उन्होंने कदम अंदर की ओर बढ़ा दिए। निसंदेह सखियों के विचारों ने उनके मन पर एक बोझ लाद दिया था। पर अब यह उन पर था कि वे इस बोझ को खुद पर लादे रख कर अपने जीवन को बोझिल बनाए रखती हैं या जल्द से जल्द बोझ उतार कर हल्की हो जाती हैं। कुछ समय पूर्व बिखर चुका आत्मविश्वास फिर से संजो कर चेहरे पर मुस्कराहट बिखेरते हुए वे अंदर दाखिल हुईं। उन्हें प्रवेश करते देख एकबारगी तो सबके मुंह पर ताले लग गए। आलोचिकाओं के चेहरे फक पड़ गए। लेकिन अपने कुशल अभिनय से प्रतिभा जी ने जाहिर नहीं होने दिया कि वे अपनी आलोचना सुन चुकी हैं। धीरे-धीरे सब सामान्य होने लगे। नीलू ने ही पहल की।

‘‘इतने दिनों बाद आपको सबके बीच पा कर बहुत अच्छा लग रहा है। आपकी प्रेरणास्पद बातें हम बहुत मिस कर रहे थे। आपकी सासू मां की तबियत अब कैसी है? भाई साहब होंगे ना उनके पास?’’

प्रतिभा जी स्वर में छुपे व्यंग्य को बखूबी भांप गयी थीं, पर जाहिर नहीं होने दिया, ‘‘उनकी बदौलत ही तो निकल कर आयी हूं, वरना मेरा तो आने का मन ही नहीं था। पर उन्होंने जबरन यह कह कर भेज दिया कि जाओ, तुम्हारा भी थोड़ा चेंज हो जाएगा। मैं तो रोज तुम्हारे भरोसे सब कुछ छोड़ कर ऑफिस चला जाता हूं।’’

‘‘ओहो ! पति-पत्नी के मध्य इतनी आपसी समझ हो जाए, तो फिर तो कोई झगड़ा ही नहीं,’’ चांदनी ने मत व्यक्त किया।

‘‘वक्त लगता है,’’ प्रतिभा जी के मुंह से बरबस ही निकल पड़ा।

‘‘क्या मतलब?’’ प्रतिभा जी से उम्र में कुछ ही छोटी सुधा जी बोल उठीं, ‘‘कहीं आप यह तो नहीं कहना चाह रहीं कि पहले आप दोनों पति-पत्नी की भी नहीं बनती थी?’’

‘‘आपने ठीक समझा। बिलकुल ऐसा ही था। देहात में रहने वाले एक मध्यमवर्गीय संयुक्त परिवार में ब्याही थी मैं। तीन भाइयों के परिवार में मंझली बहू थी। देवर और जेठ, ससुर जी के साथ पुश्तैनी व्यवसाय में थे। केवल राकेश जी यानी मेरे पति ही पढ़-लिख कर नौकरी में लग गए थे। घर में सास का एकछत्र साम्राज्य था और तीनों बेटे विशेषकर मेरे पति एकदम श्रवणकुमार। उस समय ‘ममाज बाॅय’ शब्द तो प्रचलित नहीं था, इसलिए हम बहुएं आपस में उन्हें बड़े, मंझले और छोटे श्रवणकुमार कह कर ही मन की भड़ास निकाल लेती थीं। एक तरह से कहा जाए, तो अंदर ही अंदर घुटती हम बहुओं के मनोरंजन का यही एकमात्र साधन था। आपसी गुफ्तगू में हम अपनी सास को ललिता पवार, तो ससुर जी को ओमप्रकाश कह कर संबोधित करतीं। हम तीनों बहनों की तरह रहती थीं। हमारे बच्चे भी आपस में बहुत घुलेमिले हुए थे। परिवार में बस मेरी ही 2 बेटियां थीं। जेठ जी के 2 बेटे थे और देवर जी के एक बेटा। बेटा ना जन पाने के कारण सासू मां की नजरों में मेरा स्थान थोड़ा कमतर था। पोतियों को भी वे पोतों से कमतर आंकती थीं, पर देवरानी-जेठानी इसी कारण मुझसे ज्यादा सहानुभूति और लाड़ रखती थीं। इसी बीच मेरे पति को यहां शहर में अच्छी नौकरी मिल गयी। परिवार के लिए यह प्रसन्नता से ज्यादा परेशानी की बात हो गयी थी, क्योंकि परिवार बिखरने वाला था। इस बीच ससुर जी के गुजर जाने से जेठ जी ही परिवार के कर्ताधर्ता हो गए थे। उनका कहना था कि शहर में बसने के बजाय राकेश जी को नौकरी छोड़ कर पुश्तैनी व्यवसाय में लग जाना चाहिए, लेकिन सुशिक्षित राकेश जी को परचून की दुकान पर बैठना अखर रहा था।

‘‘सही है ! आपने उन्हें कोई राय नहीं दी?’’ पूनम ने पूछा।

‘‘मेरी राय कोई पूछता तब ना? ये श्रवणकुमार जी तो अपनी माता जी का मुंह देख रहे थे। वैसे मन में मैं भी वही चाहती थी, जो ये चाहते थे। पर मेरी देवरानी-जेठानी मेरे अलग आजाद रहने की कल्पना से ही जली-भुनी जा रही थीं। रिश्तों के समीकरण बदलने लगे थे। अब वे दोनों आपस में ही खुसर-पुसर करती रहतीं और मेरे पहुंचते ही चुप्पी साध लेतीं। कुछ-कुछ ऐसा ही रवैया दोनों भाइयों ने भी इनके प्रति अपना लिया था। घर का वातावरण दमघोंटू लगने लगा था। आखिर सासू मां ने ही अपनी चुप्पी तोड़ कर सबको इससे उबारा। उन्होंने हमें शहर चले जाने की अनुमति दे दी। मेरी दोनों बेटियां खुशी से उछल पड़ी थीं। दोनों में ही शहर में बसने, पढ़ने की गहरी ललक थी। साथ ही अपने भाइयों से बिछुड़ने का गम भी था। दोनों भाइयों के परिवार ने उसी दिन हम लोगों से किनारा कर लिया था। यहां तक कि अपने बेटों को भी मेरी बेटियों से दूर रखने का प्रयास करते।’’

‘‘यह तो ईर्ष्या की पराकाष्ठा है,’’ नीलू कहे बिना नहीं रह सकी। उसे प्रतिभा जी से सहानुभूति सी होने लगी थी। माहौल थोड़ा बोझिल हो उठा था।

‘‘पहली बार मुझे अपनी ललिता पवार जैसी सास निरूपा राय जैसी लगीं,’’ प्रतिभा जी ने हास्य का पुट दे कर माहौल को हल्का बनाने का प्रयास किया। वे इसमें सफल भी रहीं।

‘‘राकेश जी की मां जी के प्रति श्रद्धा और भी बढ़ गयी थी। वे जब-तब उन्हें शहर अपने पास आने का निमंत्रण देते रहते। कभी-कभी तो बच्चों की तरह रूठ भी जाते। मां जी अब बीमार रहने लगी थीं। उनके टेस्ट आदि करवाने के नाम पर आखिर राकेश जी उन्हें यहां लाने में कामयाब हो ही गए। हम सभी को यह जान कर गहरा धक्का लगा कि वे कैंसरग्रस्त थीं। खुद मां जी भी सदमे की स्थिति में आ गयी थीं। पर धीरे-धीरे उन्होंने परिस्थितियों से समझौता करना सीख लिया। वे आश्चर्यजनक रूप से नम्र, सहनशील और उदार होती चली गयीं। इसीलिए मैं कहती हूं कि वक्त, उम्र और परिस्थितियां ना केवल इंसान को बदल डालती हैं, वरन रिश्तों के समीकरण भी उलट-पुलट कर डालती हैं।’’

सभी कौतूहल से उन्हें देख-सुन रही थीं।

‘‘देहात से रिश्तेदार नौकरी, पढ़ाई आदि के लिए आते ही रहते थे। मां जी मेरे मायके के रिश्तेदारों को भी उतना ही मान-सम्मान और अपनापन देतीं, जितना मेरे ससुराल के रिश्तेदारों को। कभी आंखों में खटकने वाली पोतियां अब उनकी आंख का तारा हो गयी हैं। अपने कुछ पसंदीदा गहने उन्होंने दोनों पोतियों के नाम पर बैंक में रखवा दिए हैं। ईश्वर जानता है कि हम उनकी सेवा किसी लालच में नहीं कर रहे हैं। इंसान धन से बेशक गरीब रहे, पर दिल से धनवान होना चाहिए।’’

‘‘बहुत पते की बात कही आपने !’’ सुधा जी ने कहा।

‘‘केवल मां जी ही नहीं बदल रही थीं। उनके प्रति मेरा सम्मान भी दिखावटी से सच्चा होता चला गया। झूठ नहीं कहूंगी, पहले राकेश जी की मातृभक्ति देख कर ईर्ष्या से मेरे बदन पर सांप लोट जाते थे, पर धीरे-धीरे मैं इसी वजह से उन्हें श्रद्धा से देखने लगी। जो इंसान इतना संवेदनशील है, अपनी मां की जरा सी तकलीफ नहीं सह पाता, वह अपनी पत्नी और बच्चियों को ले कर कितना जिम्मेदार और भावुक होगा ! मैं खुद को और बच्चियों को उनकी छत्रछाया में बेहद सुरक्षित महसूस करने लगी। मां जी की वजह से तीनों भाइयों का परिवार अभी तक एक मजबूत बंधन में बंधा हुआ है, जिसकी समाज में मिसाल दी जाती है। पर मैं जानती हूं हम सब तो केवल मोती हैं। प्रशंसा की असली हकदार तो धागा यानी मां जी हैं, जिन्होंने हम सबको एक सूत्र में पिरो रखा है। मैं यह जान गयी हूं कि 60 साल की उम्र के बाद कोई यह नहीं पूछेगा कि आपने कितने लाख कमाए या आपके पास कितनी गाड़ियां हैं? सब बस 2 ही सवाल करेंगे- आपकी तबियत कैसी है और आपके बच्चे क्या करते हैं? हमें अब बस यही दौलत संजोनी है... आप लोगों को अजीब लग रहा होगा कि मैं ऐसी आध्यात्मिक बातें कैसे करने लगी? मेरे वे आक्रामक तेवर कहां गए? तो निराश मत होइए। नारी प्रगति जैसी बातों पर मेरा अब भी वही दबंग रुख है और जब जहां आवाज उठानी होगी, मैं अवश्य उठाऊंगी। क्योंकि बोलना कोई बड़ी बात नहीं है, नहीं बोलना भी कोई बड़ी बात नहीं है। लेकिन बोलने और ना बोलने का विवेक रखना बड़ी बात है।’’

सभी अभिभूत से प्रतिभा जी को ताक रहे थे। उन्हें अपने प्रश्नों के उत्तर मिल चुके थे। अब उन निगाहों में व्यंग्य नहीं, श्रद्धा थी। कुछ ही पलों में रिश्तों के समीकरण बदल चुके थे।